Source :- LIVE HINDUSTAN
आज के टॉप पिक्स : आज की कॉरपोरेट खबरों में जहां HDFC Bank का इस्तीफा बाजार में चिंता का कारण बना, वहीं TCS, Nestle और NTPC जैसे बड़े नामों के विस्तार और साझेदारी के फैसले भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत दे रहे हैं।
Stock Watch: भारतीय कॉरपोरेट सेक्टर में आज कई अहम घटनाक्रम सामने आए हैं, जिनका असर बाजार और निवेशकों की धारणा पर साफ दिख रहा है। बैंकिंग, आईटी, एफएमसीजी, इलेक्ट्रॉनिक्स और ऊर्जा क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों से जुड़ी खबरों ने निवेशकों का ध्यान खींचा है।
HDFC Bank: चेयरमैन के इस्तीफे से बोर्ड भी हैरान
HDFC Bank में अचानक हुए नेतृत्व परिवर्तन ने सभी को चौंका दिया है। बैंक के सीईओ शशिधर जगदीशन ने बताया कि पार्ट टाइम चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफे से पहले किसी तरह की गंभीर चिंता सामने नहीं आई थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बैंक की मूल स्थिति मजबूत बनी हुई है और उनके तथा अध्यक्ष के बीच कोई मतभेद नहीं था।
शेयर प्राइस ट्रेंड: गुरुवार को बैंक के शेयरों में 5% से अधिक गिरावट दर्ज की गई। पिछले एक महीने में शेयर करीब 13% और 2026 में अब तक लगभग 20% टूट चुका है, जो निवेशकों की बढ़ती चिंता को दर्शाता है।
TCS और ABB की साझेदारी
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने वैश्विक टेक कंपनी ABB के साथ समझौता किया है, जिसका उद्देश्य आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंजीनियरिंग समाधान के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना है।
यह साझेदारी औद्योगिक एआई, डेटा सेंटर और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन पर केंद्रित होगी। इससे कंपनियों को तकनीकी नवाचार और परिचालन दक्षता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। ऐसे में टीसीएस और एबीबी के शेयरों में आज हलचल देखने को मिल सकती है।
Nestle India का बड़ा निवेश
नेस्ले इंडिया ने गुजरात के साणंद स्थित अपने प्लांट में ‘मंच’ ब्रांड के लिए नई उत्पादन लाइन लगाने का फैसला किया है। कंपनी इस परियोजना में करीब 225 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस नई लाइन के शुरू होने के बाद उत्पादन क्षमता में सालाना 8,300 टन की वृद्धि होगी, जिससे कंपनी अपनी बाजार मांग को बेहतर तरीके से पूरा कर सकेगी।
अंबर एंटरप्राइजेज की सहायक कंपनी जुटाएगी फंड
एम्बर एंटरप्राइजेज की सहायक कंपनी IL Jin Electronics (India) ने राइट्स इश्यू के जरिए 328 करोड़ रुपये जुटाने की योजना को मंजूरी दी है। यह राशि कंपनी की रणनीतिक योजनाओं और विस्तार में उपयोग की जाएगी, जिससे इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में इसकी स्थिति और मजबूत होने की उम्मीद है।
Tata Elxsi का मेडिकल टेक में विस्तार
टाटा एलक्सी ने जापान की टेरुमो कॉर्पोरेशन के लिए एक ग्लोबल ऑफशोर डेवलपमेंट सेंटर लॉन्च किया है। यह मेडिकल टेक्नोलॉजी, खासकर कार्डियक और वैस्कुलर सॉल्यूशंस के विकास पर काम करेगा। इससे उत्पाद विकास में तेजी और वैश्विक मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
NTPC और ऑक्टोपस एनर्जी ग्रुप का समझौता
NTPC ने ऑक्टोपस एनर्जी ग्रुप के साथ एक समझौता किया है, जिसके तहत दोनों कंपनियां बिजली वितरण, रिन्यूअल एनर्जी, एनर्जी स्टोरेज और इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग जैसे क्षेत्रों में सहयोग के अवसर तलाशेंगी। यह साझेदारी भारत के ऊर्जा क्षेत्र में नए अवसरों को खोल सकती है और भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभा सकती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



