Home  लाइफस्टाइल समाचार क्या रात में फल-सलाद खाना हार्ट अटैक का बुलावा है? न्यूट्रीशनिस्ट ने...

क्या रात में फल-सलाद खाना हार्ट अटैक का बुलावा है? न्यूट्रीशनिस्ट ने बताया वायरल दावे का सच!

21
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

एक दावा इन दिनों वायरल हो रहा है, जिसमें बताया गया है कि रात के समय कोई भी फल या सलाद नहीं खानी चाहिए, इससे हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है। लेकिन क्या इस बात में थोड़ी सी भी सच्चाई है या नहीं, इस बारे में न्यूट्रीशनिस्ट की राय जानते हैं।

आजकल सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें वायरल होती हैं। खासतौर से हेल्थ को ले कर ऐसे-ऐसे दावे किए जाते हैं कि लोगों के मन में डर बैठना स्वाभाविक है। ऐसा ही एक दावा इन दिनों वायरल हो रहा है, जिसमें बताया गया है कि रात के समय कोई भी फल या सलाद नहीं खानी चाहिए, इससे हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है। इसके पीछे तर्क दिया जाता है कि फल और सब्जियां दिन में ऑक्सीजन देते हैं, वहीं रात में कार्बन डाइऑक्साइड देते हैं। यही कारण है कि ज्यादातर हार्ट अटैक भी रात के समय ही होते हैं। अब दावा तो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया लेकिन क्या इस बात में थोड़ी सी भी सच्चाई है या नहीं, इस बारे में न्यूट्रीशनिस्ट की राय जानते हैं। ताकि आप किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी का शिकार ना बनें और ना ही दूसरों को बनने दें।

रात में फल-सलाद खाने से क्या वाकई खतरा है?

न्यूट्रीशनिस्ट (न्यूट्रीकॉप) बताती हैं कि रात में फल या सलाद खाने से हार्ट अटैक का कोई भी संबंध नहीं है। इस बारे में कोई भी साइंटिफिक प्रमाण मौजूद नहीं है कि रात में सेब या कोई भी फल खाने से पुरुषों में हार्ट अटैक का रिस्क बढ़ जाता है। हार्ट संबंधी बीमारियों का खतरा आमतौर पर लंबे समय तक खराब डाइट, स्मोकिंग, हाई LDL कोलेस्ट्रॉल, क्रोनिक स्ट्रेस, फिजिकल एक्टिव ना रहना और पेट के आसपास अतिरिक्त चर्बी जमा होना; जैसे कारणों की वजह से होता है। इसका फल खाने की टाइमिंग से कोई भी संबंध नहीं है।

क्या फल रात में कार्बन डाइऑक्साइड छोड़ते हैं?

इसके पीछे बड़ा दिलचस्प तर्क दिया जाता है कि फल और सब्जियां रात में कार्बन डाइऑक्साइड छोड़ते हैं, इसलिए इन्हें खाने से शरीर में भी कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा बढ़ जाती है। जिससे हार्ट अटैक का रिस्क हो सकता है। न्यूट्रीशनिस्ट बताती हैं कि ये बात पूरी तरह भ्रामक और गलत है। जो फल आप खा रहे हैं, वो फोटोसिंथेसिस ( प्रकाश संश्लेषण) नहीं कर रहा होता है। साथ ही यह भी समझना जरूरी है कि बॉडी में ऑक्सीजन और कार्बन डाइऑक्साइड का एक्सचेंस लंग्स यानी फेफड़े करते हैं, फल नहीं।

महिलाओं की तुलना में पुरुषों को ज्यादा हार्ट अटैक क्यों आ रहे?

आजकल कम उम्र में ही युवा हार्ट अटैक का शिकार हो रहे हैं। खासतौर से पुरुषों में इसकी संख्या काफी बढ़ी है। न्यूट्रीशनिस्ट बताती हैं कि ऐसा इसलिए है क्योंकि महिलाओं में मेनोपॉज से पहले एस्ट्रोजन (हार्मोन) ब्लड वेसल्स को सुरक्षा देता है। जबकि पुरुषों में ये काफी कम होता है। साथ ही पुरुषों में स्मोकिंग, स्ट्रेस, हाई LDL और बेली फैट भी ज्यादा कॉमन होता है। यही वजह है कि उनमें हार्ट अटैक का खतरा भी ज्यादा होता है।

रात में फल खाने से असल में क्या समस्या हो सकती है?

न्यूट्रीशनिस्ट बताती हैं कि दिन हो या रात फलों की 1-2 सर्विंग बिल्कुल सेफ होती है। हालांकि समस्या उन लोगों के लिए है जिन्हें पाचन से जुड़ी कोई भी समस्या रहती है। ऐसे लोगों को रात में फल खाने से परहेज करना चाहिए क्योंकि इससे पेट में दर्द या असहज महसूस हो सकता है। कुल मिलाकर अपनी बॉडी की सुनें, इंटरनेट पर आय दिन वायरल हो रही किसी भी अफवाह से बचें।

नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN