Source :- LIVE HINDUSTAN
संग्राम सिंह एमएमए फाइट में नए फाइटर से भिड़ेंगे। संग्राम सिंह का विपक्षी फाइटर मौटेऊ मोटेइरो मुकाबले से हट गया। उनकी जगह अब फ्रांस का ही एक अन्य फाइटर भिड़ेगा।

संग्राम सिंह के खिलाफ अर्जेंटीना के शहर ब्यूनस आयर्स में होने वाली एमएमए फाइट में उनका फ्रांस का प्रतिद्वंद्वी मौटेऊ मोटेइरो मुकाबले से हट गया है। वह घुटने में इंजरी की वजह से इस फाइट में नहीं लड़ सकेगा। उनकी जगह अब फ्रांस के ही एक अन्य फाइटर फ्लोरियन काउड्रे को दी गई है। यह मुकाबला पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार पांच अप्रैल को अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स के टाइग्रे में आयोजित किया जाएगा इस बारे में मौटेऊ मोटेइरो ने अपने फैंस से माफी मांगी है। उनका कहना है कि प्रैक्टिस के दौरान वह घुटने में इंजरी के शिकार हो गए हैं। उन्हें इस तरह से एमएमए की एक प्रतिष्ठित फाइट में भाग न लेने का बड़ा मलाल रहेगा। यह एक मुश्किल फैसला था लेकिन वह आयोजकों और अपने विपक्षी से इसके लिए माफी मांगते हैं लेकिन साथ ही वह अपनी टीम और परिवार के बेहद आभारी हैं जो उनकी भविष्य में वापसी को लेकर जुटे हुए हैं।
नए प्रतिद्वंद्वी का गुपचुप तैयारी में यकीन
वहीं, संग्राम सिंह ने कहा कि मोटेइरो के हटने का उन्हें भी अफसोस है क्योंकि उनके सभी कोचों ने मोटेइरो की तैयारी के वीडियो देखकर उन्हें तैयारी कराई थी लेकिन उन्हें लगता है कि उनका नया प्रतिद्वंद्वी ज्यादा गुपचुप तरीके से तैयारी करने में यकीन रखता है। इसीलिए उसने सोशल मीडिया में अपनी तैयारियों के वीडियो तक नहीं डाले हैं। जापान के रेसलर भी अपने वीडियो सोशल मीडिया पर आमतौर पर नहीं डालते। यह सोचकर कि कही उनके विपक्षी उनके खेल के हिसाब से कोई रणनीति न बना लें। संग्राम सिंह ने कहा कि जब अपने विपक्षी के बारे में ज़्यादा पता न हो तो फिर काम और भी ज़्यादा चैलेंजिंग हो जाता है। उन्होंने कहा कि अब नया प्रतियोगी उनसे 15 साल छोटा है।
संग्राम सिंह को भेजे संदेश में क्या कहा?
सैमुराई फाइट एसोसिएशन के आयोजक मार्टिन पैककियाज ने इस अवसर पर संग्राम सिंह को भेजे संदेश में कहा है कि आपका अर्जेंटीना में आकर मुकाबला लड़ना हमारे लिए खुशी की बात है। हम आपका स्वागत करते हैं। आप भारत में इस खेल नम्बर वन फाइटर रहे हैं। आपका इस खेल में एक ताकत के रूप में उभरना बड़ी बात है। आपकी फाइट को देखने के लिए अर्जेंटीना में और आपके फैंस के बीच जबर्दस्त उत्साह है। संग्राम सिंह के कोच भूपेश कुमार ने कहा कि संग्राम की ओवरऑल तैयारियां अच्छी चल रही हैं। दुनिया के टॉप एमएमए के फाइटर रेसलर ही रहे हैं जो अपने खेल में बॉक्सिंग, किक बॉक्सिंग और जुजत्सू की कला पर खास तौर पर ध्यान देते हैं।
संग्राम कॉमनवेल्थ हैवीवेट चैंपियन रह चुके
उन्होंने कहा कि संग्राम का भी इन दिनों ज्यादा जोर किक बॉक्सिंग पर है। कुश्ती के खेमे, थ्रोइंग और नीचे गिराने की कला के बाद लॉकिंग और चोकिंग इस खेल में काफी मायने रखती है। यहां पांच-पांच मिनट के तीन राउंड होते हैं। इसलिए, उनकी एनड्योरेंस और कंडीशनिंग पर भी काफी काम किया जा रहा है। गौरतलब है कि संग्राम सिंह इन दिनों सात सदस्यों के सपोर्ट स्टाफ के साथ MMA फाइट की तैयारी में जुटे हुए है। संग्राम कॉमनवेल्थ हैवीवेट चैंपियन रह चुके हैं। वह भारत सरकार के फिट इंडिया आइकन और ब्रैंड एम्बेसडर हैं। वह खुद भी ग्रीकोरोमन शैली की कुश्ती के अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान रहे हैं। लम्बे समय तक नैशनल कैम्प में रहे। फिर पेशेवर रेसलिंग की। वहां से एक्टर, मॉडल, मोटिवेशनल स्पीकर का सफर तय करने के बाद वह इन दिनों एमएमए में अपनी तीसरी फाइट लड़ने जा रहे हैं। इस बारे में आगे की रणनीति पर वह 24 मार्च को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



