Source :- LIVE HINDUSTAN
अमेरिकी युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच रूस को इस संघर्ष में हस्तक्षेप न करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि रूस को ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच चल रहे टकराव से दूर रहना चाहिए।
ईरान संग जारी युद्ध के बीच अमेरिका की ओर से बयानबाजी जारी है। ट्रंप हों या कोई और, किसी को धमकी देने से पीछे नहीं हट रहे। यानी हर बार जुबानी तोप से किसी न किसी पर हमला कर रहे हैं। इस बीच अमेरिकी युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच रूस को इस संघर्ष में हस्तक्षेप न करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि रूस को ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच चल रहे टकराव से दूर रहना चाहिए।
मंगलवार को पेंटागन में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग के दौरान हेगसेथ ने यह बयान दिया। उनसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हाल ही में हुई टेलीफोन बातचीत के बारे में सवाल पूछा गया था। हेगसेथ ने कहा कि ट्रंप और पुतिन के बीच हुई बातचीत ‘मजबूत और सकारात्मक’ थी, जिसमें यूक्रेन युद्ध को लेकर शांति की संभावना पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि इस बातचीत में यह भी स्पष्ट किया गया कि रूस को पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष में शामिल नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति विश्व नेताओं के साथ मजबूत संबंध बनाए रखते हैं, जिससे कई अवसर और विकल्प सामने आते हैं। इस बातचीत को एक मजबूत कदम माना गया है, जो रूस-यूक्रेन युद्ध में शांति की संभावना को भी रेखांकित करता है। इससे पहले रूस के राष्ट्रपति के सहायक यूरी उशाकोव ने भी 9 मार्च को ट्रंप और पुतिन के बीच हुई बातचीत की पुष्टि की थी। उन्होंने इसे ‘व्यावसायिक, स्पष्ट और रचनात्मक’ बताया था। उशाकोव के मुताबिक, पुतिन ने ईरान से जुड़े संघर्ष के जल्द राजनीतिक और कूटनीतिक समाधान की जरूरत पर जोर दिया, जबकि ट्रंप ने क्षेत्र में चल रहे अमेरिकी-इजरायली सैन्य अभियानों पर अपना दृष्टिकोण साझा किया।
हेगसेथ ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई को भी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ईरान को परमाणु हथियार विकसित नहीं करने चाहिए और नए नेतृत्व के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति की चेतावनी पर ध्यान देना ‘बुद्धिमानी’ होगी। अमेरिकी युद्ध सचिव ने ईरान के मीनाब शहर के एक प्राथमिक विद्यालय पर हुए मिसाइल हमले पर भी चिंता जताई, जिसमें कम से कम 168 बच्चों की मौत होने की खबर है। उन्होंने कहा कि इस घटना की पूरी जांच की जाएगी।
हेगसेथ ने कहा कि अमेरिकी सेना नागरिकों की सुरक्षा को लेकर अत्यधिक सावधानी बरतती है और किसी भी अभियान में नागरिकों को निशाना नहीं बनाया जाता। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की हर घटना का विस्तृत आकलन किया जाता है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका यह सुनिश्चित करने के लिए अत्यधिक सतर्क रहता है कि नागरिकों को कभी निशाना न बनाया जाए। हर कार्रवाई का आकलन किया जाता है, लेकिन अक्सर इसकी सराहना नहीं की जाती।
इस दौरान हेगसेथ ने यह भी कहा कि कई बार ‘आतंकवादी शासन’ नागरिकों को निशाना बनाते हैं, जबकि अमेरिकी सेना ऐसा नहीं करती। उन्होंने जोर देकर कहा कि मौजूदा प्रशासन और पेंटागन इस मुद्दे पर बेहद गंभीरता से ध्यान दे रहे हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



