Source :- LIVE HINDUSTAN
Gold Silver Rate Today: एमसीएक्स पर चांदी के भाव 4.2% उछलकर 2,78,339 रुपये प्रति किलोग्राम हो गए, जबकि सोने की कीमतें लगभग 1% बढ़कर 1,61,791 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गईं।
Gold Silver Rate Today: सोने और चांदी के भाव में आज यानी मंगलवार को तेजी देखने को मिल रही है। एमसीएक्स पर चांदी के भाव 4.2% उछलकर 2,78,339 रुपये प्रति किलोग्राम हो गए, जबकि सोने की कीमतें लगभग 1% बढ़कर 1,61,791 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गईं। दूसरी ओर इंटरनेशनल मार्केट में स्पॉट सिल्वर 3% बढ़कर 89.60 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि स्पॉट गोल्ड 0.8% की बढ़त के साथ 5,179.52 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। अन्य कीमती धातुओं में प्लेटिनम 1.2% और पैलेडियम 0.2% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
कीमतों में तेजी की क्या है वजह?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद दोनों धातुओं की कीमतों में सुधार हुआ है, जिसमें उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि यह संघर्ष “बहुत हद तक पूरा हो चुका है।” दूसरी ओर, अमेरिकी डॉलर इंडेक्स मजबूत होकर 99.42 पर पहुंच गया, क्योंकि ईरान के साथ तनाव कम होने के आसार नहीं दिख रहे और ऊर्जा की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। इससे डॉलर में कारोबार होने वाली वस्तुएं दूसरी मुद्रा रखने वाले निवेशकों के लिए महंगी हो जाती हैं। मध्य पूर्व में तनाव बढ़ने के बाद से धातुओं की कीमतों पर दबाव बना हुआ था, क्योंकि ऊर्जा की बढ़ती कीमतों ने महंगाई बढ़ने की आशंका पैदा कर दी है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, निवेशकों को उम्मीद बढ़ गई है कि फेडरल रिजर्व और दूसरे केंद्रीय बैंक ब्याज दरों को लंबे समय तक ऊंचा रख सकते हैं या उनमें और बढ़ोतरी कर सकते हैं, जो ब्याज न देने वाली कीमती धातुओं पर दबाव डालता है। साथ ही, वैश्विक इक्विटी बाजारों में गिरावट के बीच सुरक्षित निवेश के रूप में यह धातु निवेशकों के लिए नकदी का जरिया भी बनी हुई है।
निवेशकों को क्या करना चाहिए?
रिद्धिसिद्धि बुलियन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पृथ्वीराज कोठारी का मानना है कि सोना और चांदी दोनों ही मजबूत तेजी वाले रुझान में बने हुए हैं। उनके मुताबिक, भू-राजनीतिक अनिश्चितता, बढ़ता वैश्विक कर्ज और सहज मौद्रिक नीति की उम्मीदें इसे समर्थन दे रही हैं।
कोठारी ने कहा कि जब तक सोना 5,200 डॉलर के स्तर से ऊपर बना रहता है, तब तक यह निकट भविष्य में 5,450-5,600 डॉलर की ओर बढ़ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि चांदी मौद्रिक और औद्योगिक दोनों कारणों से मजबूत हो रही है और एक बार 90 डॉलर के ऊपर टिकने के बाद यह 100-105 डॉलर के स्तर तक जा सकती है।
एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर के अनुसार, सोने का व्यापक तेजी वाला ढांचा बरकरार है। जब तक सोना 5,000 डॉलर के सपोर्ट स्तर से ऊपर बना रहता है, तब तक तेजी का रुझान बना रहेगा। वहीं चांदी 82.90 डॉलर के आसपास कारोबार कर रही है और 90-95 डॉलर से ऊपर टिकने के बाद यह 100-110 डॉलर के स्तर तक जा सकती है।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। कमोडिटी मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



