Home खेल समाचार गावस्कर के डीपी वर्ल्ड सेलिब्रिटी गोल्फ इवेंट का क्या मकसद? युवराज समेत...

गावस्कर के डीपी वर्ल्ड सेलिब्रिटी गोल्फ इवेंट का क्या मकसद? युवराज समेत कई सितारे लेंगे हिस्सा

13
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने डीपी वर्ल्ड सेलिब्रिटी गोल्फ इवेंट की घोषणा की है। प्रतियोगिता में युवराज सिंह समेत कई सितारे हिस्सा लेंगे। यह आयोजन 6 मार्च को मुंबई में होगा।

क्रिकेट विश्व कप विजेता युवराज सिंह और इयोन मॉर्गन, टेनिस के दिग्गज लिएंडर पेस और बैडमिंटन के महान खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण जैसी खेल जगत की कई नामी हस्तियां शुक्रवार (6 मार्च) को मुंबई में होने वाली डीपी वर्ल्ड सेलिब्रिटी गोल्फ प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी, जो बल्लेबाजी के दिग्गज सुनील गावस्कर की एक चैरिटी पहल है। प्रतिष्ठित बॉम्बे प्रेसिडेंसी गोल्फ क्लब में होने वाली इस प्रतियोगिता का उद्देश्य गावस्कर के चैम्प्स फाउंडेशन के लिए जागरूकता पैदा करना है। यह फाउंडेशन वित्तीय कठिनाइयों और चिकित्सा संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहे पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की मदद करता है।

चैम्प्स फाउंडेशन ने अपनी स्थापना के बाद से उन खेल नायकों को सम्मान, देखभाल और सहायता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया है। इस प्रतियोगिता में 100 से अधिक प्रतिभागी 18 होल वाले कोर्स में प्रतिस्पर्धा करेंगे। इस प्रतियोगिता में युवराज, जीआर विश्वनाथ, वेंकटेश प्रसाद, हरभजन सिंह, अजय जडेजा, पार्थिव पटेल, मुरली कार्तिक, एस बद्रीनाथ, मुरली विजय और निखिल चोपड़ा जैसे प्रमुख भारतीय क्रिकेटरों के साथ-साथ मॉर्गन, माइकल वॉन और डेविड लॉयड जैसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर भी भाग लेंगे। क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों से जुड़े जो प्रमुख खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे उनमें टेनिस के दिग्गज लिएंडर पेस, बैडमिंटन के महान खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण, पेशेवर गोल्फर नेहा त्रिपाठी, रिधिमा दिलावरी और गौरव घई शामिल हैं।

गावस्कर ने कहा, ”चैम्प्स फाउंडेशन की स्थापना इस विश्वास के साथ की गई थी कि खेल के माध्यम से भारत को गौरव दिलाने वाले खिलाड़ियों को जरूरत के समय उचित मदद मिलनी चाहिए। यह आयोजन केवल गोल्फ से नहीं जुड़ा है बल्कि उस खेल समुदाय को वापस कुछ देना है जिसने हमें इतना कुछ दिया है।” उन्होंने कहा, ” मैंने सोचा कि शिक्षा, बाल कल्याण, महिलाओं, चिकित्सा, पोषण आदि के लिए इतने सारे संगठन और चैरिटी संस्थाएं हैं, लेकिन पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए कुछ भी नहीं है। यहीं से मुझे इस फाउंडेशन की स्थापना का विचार आया।”

SOURCE : LIVE HINDUSTAN