Home  लाइफस्टाइल समाचार Holi Eye Care Tips : होली पर आंखों का रखें खास ख्याल,...

Holi Eye Care Tips : होली पर आंखों का रखें खास ख्याल, फोर्टिस एक्सपर्ट ने शेयर किए जरूरी टिप्स

23
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Eye safety tips for Holi : पानी के गुब्बारे, तेज प्रेशर वाली पिचकारी और केमिकल युक्त रंग आंखों के लिए जोखिम बढ़ाते हैं। ऐसे में आंखों की सेहत को बनाए रखने के लिए होली से जुड़ी कुछ सावधानियों का पालन करने से आप सुरक्षित तरीके से होली मना सकते हैं।

Tips To Protect Your Eyes During Holi Playing : होली खुशियों, रंग और मस्ती का त्योहार है लेकिन त्योहार की इस मस्ती में जब यही रंग आंखों में चला जाता है तो ना सिर्फ त्योहार का मजा किरकिरा होता है बल्कि आंखों से जुड़ी कई समस्याओं का खतरा भी पैदा होने लगता है। डॉक्टरों की मानें तो होली का रंग आंखों में जाने से आंखों में लालिमा, जलन, पानी आना, दर्द और गंभीर मामलों में दृष्टि हानि तक हो सकती है। ऐसे में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. स्मृति नागपाल से जानते हैं आंखों को रंगों से सुरक्षित रखने के लिए बचाव के क्या उपाय किए जा सकते हैं और होली खेलते हुए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट

फोर्टिस अस्पताल (वसंत कुंज) की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. स्मृति नागपाल कहती हैं कि होली खेलने के लिए हानिकारक रसायन और गंदा पानी, आंखों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। पानी के गुब्बारे, तेज प्रेशर वाली पिचकारी और केमिकल युक्त रंग आंखों के लिए जोखिम बढ़ाते हैं। ऐसे में आंखों की सेहत को बनाए रखने के लिए होली से जुड़ी कुछ सावधानियों का पालन करने से आप सुरक्षित तरीके से होली मना सकते हैं।

होली का रंग आंखों में जाने से हो सकती है ये समस्याएं

-रासायनिक संपर्क के कारण जलन, खुजली और लालिमा

-एलर्जी के कारण खुजली, सूजन और पानी आना

-गंदे हाथों या दूषित रंगों से संक्रमण

-लंबे समय तक रंग के एक्सपोजर से आंखों में सूखापन

-आंखों की चोट जैसे पलकों में सूजन, नील पड़ना, आंख के सफेद हिस्से में खून आना (subconjunctival bleeding), कॉर्निया में खरोंच या अंदरूनी चोट; ये खुरदरे रंगों, पानी के गुब्बारों या तेज स्प्रे से हो सकती हैं।

-केमिकल बर्न- जो गंभीर और लंबे समय तक नुकसान पहुंचा सकते हैं।

होली पर आंखों को सुरक्षित रखने के लिए बरतें ये सावधानियां

होली खेलते समय अगर कुछ बुनियादी बातों का ध्यान रखा जाए तो अधिकांश आंखों की चोटों से बचा जा सकता है जैसे-

-होली खेलने के लिए हर्बल गुलाल और प्राकृतिक फूलों से बने रंगों का उपयोग करें। बाजार के केमिकल युक्त रंगों के खरीदने से बचें।

-रंग लगाते समय आंखों के आसपास छूने या रगड़ने से बचें। कभी भी पानी के गुब्बारे या स्प्रे सीधे चेहरे पर न फेंकें।

-होली के दौरान कॉन्टैक्ट लेंस पहनने से बचें। अगर रंग आंख में चला जाए तो यह लेंस के पीछे फंस सकता है और नुकसान बढ़ा सकता है।

-आंखों को सुरक्षित रखने के लिए धूप का चश्मा या प्रोटेक्टिव चश्मा पहनें।

-आंखों के आसपास नारियल तेल, पेट्रोलियम जेली या आई क्रीम की पतली परत लगाएं, ताकि रंग चिपके नहीं।

-साफ पानी पास रखें ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत आंखें धो सकें।

-अगर आंख में रंग चला जाए तो घबराएं नहीं और न ही आंखें रगड़ें।

-आंखों को साफ पानी से धीरे-धीरे धोएं। गुलाब जल, दवाइयों वाले आई ड्रॉप्स या घरेलू नुस्खों का इस्तेमाल न करें।

-यदि लालिमा, दर्द, सूजन या धुंधला दिखाई दे रहा हो, तो तुरंत आंखों के डॉक्टर से संपर्क करें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN