Home विश्व समाचार कराची में अमेरिकी मरीन सैनिकों ने भी पाकिस्तानियों पर चलाई गोली, वीजा...

कराची में अमेरिकी मरीन सैनिकों ने भी पाकिस्तानियों पर चलाई गोली, वीजा अपॉइनमेंट भी रद्द

15
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पाकिस्तान के कराची में रविवार को प्रदर्शकारियों ने अमेरिकी मिशन पर हमला कर दिया था। इसके बाद हुई गोलीबारी में कम से कम 10 की मौत हो गई थी। अब बताया गया है कि गोलीबारी में अमेरिकी मरीन सैनिक भी शामिल थे। 

ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान में बवाल थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। रविवार को कराची स्थित अमेरिकी मिशन में प्रदर्शनकारियों ने जमकर तोड़फोड़ की थी। इसके बाद फायरिंग में कम से कम 10 पाकिस्तानियों की मौत हो गई थी। अब नई डीटेल सामने आई है कि फायरिंग केवल पाकिस्तानी पुलिस ने नहीं बल्की अमेरिकी मरीन सैनिकों ने भी गोलियां चलाई थीं। इसके बाद अमेरिका ने पाकिस्तान को बड़ा झटका दिया और नए वीजा अपॉइनमेंट रद्द कर दिए। बता दें कि किसी और देश में अमेरिकी मरीन सैनिकों की गोलीबारी सामान्य नहीं मानी जाती है।

अमेरिकी मरीन सैनिकों ने चलाई थी गोली

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक दो अमेरिकी अधिकारियों ने ही बताया कि यह बात स्पष्ट तौर पर नहीं कही जा सकती कि अमेरिकी मरीन सैनिकों की गोलीबारी से किसी की मौत हुई थी या नहीं। हालांकि इतना जरूर स्पष्ट है कि मरीन सैनिक इस गोलीबारी में शामिल थे। बता दें कि पाकिस्तान में इस्लामाबाद, लाहौर और कराची में अमेरिकी मिशन की ओर जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया गया है और सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई है।

प्रदर्शनों में 26 की मौत

सोशल मीडिया पर सामने आई वीडियो में देखा जा सकता है कि गोलियां चल रही हैं और आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं। कई प्रदर्शनकारियों के हाथ में हथियार हैं और वे कॉन्सुलेट की तरफ तान रहे हैं। बता दें कि खामेनेई की हत्या के विरोध में पूरे देश में प्रदर्शन हो रहे हैं। वहीं पाकिस्तानी प्रशासन कानून व्यवस्था संभाल नहीं पा रहा है। ऐसे में पूरे देश में अब तक 26 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है।

अमेरिका ने उठाया कड़ा कदम

पाकिस्तान के हालात को देखते हुए अमेरिका ने वीजा अपॉइनमेंट रद्द कर कर दिए हैं। इस्लामाबाद दूतावास के साथ ही लाहौर और कराची स्थित कॉन्सुलेट पर भी यह आदेश लागू कर दिया गया है। बता दें कि पाकिस्तान दुनिया का दूसरे नंबर का सबसे ज्यादा शिया आबादी वाला देश है। ऐसे में यहां खामेनेई के मारे जाने का विरोध बहुत ज्यादा हो रहा है। यह विरोध अमेरिका और पाकिस्तान के रिश्ते भी बिगाड़ सकता है।

हजारों शिया प्रदर्शनकारियों ने स्कार्दू शहर में संयुक्त राष्ट्र सैन्य पर्यवेक्षक समूह और संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम के कार्यालयों पर हमला किया। अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने गिलगित में एक पुलिस थाने में आगजनी की और एक स्कूल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र की पुलिस ने बताया कि इस घटना में कम से कम 12 लोग मारे गए और 80 अन्य घायल हो गए। इस बीच, गिलगित-बाल्टिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाबिर मीर ने सोमवार को कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और कर्फ्यू बुधवार तक लागू रहेगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN