Home व्यापार समाचार निवेश और नियुक्ति… 2 बड़े अपडेट के बाद फोकस में आया गेल...

निवेश और नियुक्ति… 2 बड़े अपडेट के बाद फोकस में आया गेल का शेयर

14
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

गेल से जुड़ी दो बड़ी खबरें हैं। एक खबर निवेश की है तो दूसरी कंपनी के मैनेजमेंट से जुड़ी है। दीपक गुप्ता ने गेल (इंडिया) लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का पद संभाल लिया है। वहीं, महाराष्ट्र में कंपनी 1,736.25 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

ग्लोबली टेंशन की वजह से सोमवार को भारतीय शेयर बाजार पर निवेशकों की नजर रहेगी। इस माहौल के बीच सरकारी कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड के शेयर भी फोकस में रहने वाले हैं। ये हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि गेल से जुड़ी दो बड़ी खबरें हैं। एक खबर निवेश की है तो दूसरी कंपनी के मैनेजमेंट से जुड़ी है। आइए डिटेल जान लेते हैं।

मैनेजमेंट में बड़ा बदलाव

ऊर्जा क्षेत्र के अनुभवी कार्यकारी दीपक गुप्ता ने गेल (इंडिया) लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का पद संभाल लिया है। कंपनी ने बयान में कहा कि दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से मैकेनिकल इंजीनियर गुप्ता को इस क्षेत्र का व्यापक अनुभव है। फरवरी 2022 से वे GAIL में निदेशक (प्रोजेक्ट्स) के रूप में कार्यरत हैं और प्राकृतिक गैस व एलपीजी पाइपलाइन, गैस प्रोसेसिंग यूनिट, एससीएडीए तथा ग्रीन एनर्जी परियोजनाओं का नेतृत्व कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में कोंकण एलएनजी का डाभोल ब्रेकवॉटर प्रोजेक्ट पूरा हुआ। इससे पहले वे Engineers इंडिया लिमिटेड में 32 वर्षों तक विभिन्न वैश्विक मेगा प्रोजेक्ट्स का सफल नेतृत्व कर चुके हैं। बता दें कि दीपक ने संदीप कुमार गुप्ता का स्थान लिया है, जो 28 फरवरी को सेवानिवृत्त हुए थे। दीपक गुप्ता का कार्यकाल 28 फरवरी, 2029 तक होगा।

कंपनी में बड़ा निवेश

गेल (इंडिया) लिमिटेड महाराष्ट्र में एक पवन ऊर्जा परियोजना स्थापित करने के लिए 1,736.25 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी ने वर्ष 2035 तक शुद्ध शून्य कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य रखा है और यह निवेश उसके नवीकरणीय ऊर्जा पोर्टफोलियो के विस्तार की दिशा में एक कदम है। शुक्रवार को हुई निदेशक मंडल की बैठक में 178.2 मेगावाट क्षमता की पवन ऊर्जा परियोजना स्थापित करने के निवेश प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

अनुबंध मिलने के 24 महीनों के भीतर पूरी होने वाली यह परियोजना कंपनी के मौजूदा 117.95 मेगावाट के पोर्टफोलियो में इजाफा करेगी। इसके अलावा, कंपनी के पास राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में फैली 27 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजनाएं भी हैं।

शेयर का परफॉर्मेंस

गेल शेयर की बात करें तो 170 रुपये के स्तर पर है। इसको लेकर ब्रोकरेज फर्म कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने ‘सेल’ रेटिंग दी है। ब्रोकरेज ने गेल के लिए ₹145 प्रति शेयर का टारगेट प्राइस तय किया है। ब्रोकरेज फर्म ने कहा कि फरवरी में हेनरी हब (एचएच) गैस निपटान कीमतों में वृद्धि और कई ग्राहकों द्वारा टेक-ऑर-पे अनुबंधों के तहत कम खपत का विकल्प चुनने के कारण, गेल ने वित्त वर्ष 26/27ई के लिए अपने मार्केटिंग पीबीटी मार्गदर्शन को और घटाकर ₹3,500 करोड़ कर दिया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN