Home विश्व समाचार चार बैलिस्टिक मिसाइलों से अमेरिकी युद्धपोत पर बोल दिया हमला, ईरान का...

चार बैलिस्टिक मिसाइलों से अमेरिकी युद्धपोत पर बोल दिया हमला, ईरान का बड़ा दावा

11
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

इजरायल और अमेरिकी हमलों से ईरान को बड़ा नुकसान हुआ है। सुप्रीम लीडर अली खामेनेई मारे गए हैं। इस बीच, ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिकी युद्धपोत को निशाना बनाया है और चार बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं।

सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान और खतरनाक हो गया है। उसने दावा किया है कि रविवार को उसने चार बैलिस्टिक मिसाइलों की मदद से अमेरिकी युद्धपोत पर हमला बोल दिया है। शनिवार को ईरान पर इजरायल और अमेरिका ने संयुक्त मिलिट्री ऑपरेशन चलाकर कई ठिकानें पर हवाई हमले किए थे। इसमें दोनों देशों को बड़ी सफलता मिली और खामेनेई समेत ईरान के कई बड़े नेता मारे गए। इसके अलावा, उसकी सेना को भी काफी नुकसान हुआ। इन हमलों के तुरंत बाद ईरान ने भी सक्रियता दिखाते हुए खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी मिलिट्री बेस पर हवाई हमले शुरू कर दिए। उसने दुबई, अबू धाबी, बहरीन, कतर, कुवैत समेत खाड़ी देशों में मिसाइलें बरसाईं।

अमेरिकी युद्धपोत पर हमला करने के बाद ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा, ”हमने अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर लिंकन को 4 बैलिस्टिक मिसाइलों से टारगेट किया है।” गार्ड्स ने चेतावनी भी दी कि जमीन और समुद्र तेजी से आतंकवादी हमलावरों की कब्रगाह बनते जाएंगे। वहीं, ईरान ने मारे गए सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई का बदला लेने की कसम खाने के बाद रविवार को खाड़ी में फिर से हमले शुरू कर दिए।

वहीं, यूएई की डिफेंस मिनिस्ट्री ने कहा कि अबू धाबी के नेवल बेस पर ईरान के ड्रोन हमले से आग लग गई, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। मिनिस्ट्री ने कहा, “स्पेशल टीमों ने आज अबू धाबी में अल सलाम नेवल बेस के एक वेयरहाउस पर दो ईरानी ड्रोन के हमले के बाद हुई घटना पर कार्रवाई की। हमले से आम सामान के दो कंटेनरों में आग लग गई, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ।”

इसके अलावा, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कहा है कि अमेरिकी और इजराइली हमलों में सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद एक नई परिषद ने अपना काम शुरू कर दिया है। पेजेशकियान ने यह टिप्पणी रविवार को ईरानी सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित एक पूर्व-रिकॉर्ड किए गए संदेश में की। पेजेशकियान परिषद के तीन अधिकारियों में से एक हैं। अन्य दो न्यायपालिका के प्रमुख गुलाम हुसैन मोहसेनी एजेही और अयातुल्ला अली रजा अराफी हैं। दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्री का कहना है कि “एक या दो दिन” में नए सर्वोच्च नेता का चुनाव हो जाएगा। अल जज़ीरा नेटवर्क से बात करते हुए विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने रविवार को यह जानकारी दी। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अमेरिका व इजरायल के संयुक्त हमलों में एक दिन पहले मौत हो गयी थी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN