Home  लाइफस्टाइल समाचार फर्श पर लगे होली के जिद्दी रंग के दाग साफ करने के...

फर्श पर लगे होली के जिद्दी रंग के दाग साफ करने के 5 आसान उपाय, टाइल्स भी हो जाएंगी नई जैसी

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सफेद टाइल और मार्बल पर लगे होली के रंग के जिद्दी दाग साधारण पोंछे से आसानी से साफ नहीं होते। ऐसे में होली के रंग के दाग साफ करने के 5 असरदार तरीके बताने जा रहे हैं, जो बिना मेहनत आपकी मुश्किल को आसान बना देंगे।

होली के हुड़दंग और रंगों की मस्ती के बीच लोग अकसर घर की साफ-सफाई की टेंशन को भूल जाते हैं। याद रहते हैं तो बस दोस्तों और परिजनों के साथ मस्ती भरे वो खुशनुमा रंगीन पल, जिसमें भीगकर प्यार भरे रिश्तों की नींव को मजबूत बनाए रखने की कोशिश की जाती है। लेकिन जब घर आए मेहमान विदा हो जाते हैं और गुलाल की धूल फर्श पर बैठ जाती है, तब शुरू होती है घर को साफ रखने की असली मशक्कत। सफेद टाइल और मार्बल पर लगे होली के रंग के जिद्दी दाग साधारण पोंछे से आसानी से साफ नहीं होते। तो क्या घर की खूबसूरती पर दाग की तरह नजर आने वाले रंगों के इन निशानों को यूं ही छोड़ देना चाहिए या हजारों रुपए खर्च करके किसी प्रोफेशनल को मदद के लिए बुलाना चाहिए। अगर आपके मन को भी हर साल होली के बाद यही सवाल परेशान करते हैं तो इस बार इस सवाल का जवाब पहले से जानकर त्योहार का पूरा मजा उठाइए। आज आपको इस खबर में फर्श पर लगे होली के रंग के दाग साफ करने के 5 असरदार तरीके बताने जा रहे हैं, जो बिना मेहनत आपकी मुश्किल को आसान बना देंगे।

फर्श पर लगे होली के रंग के दाग साफ करने के आसान उपाय

1. बेकिंग सोडा और पानी

बेकिंग सोडा सफेद फर्श को साफ करने का एक असरदार उपाय हो सकता है। यह एक बेहतरीन क्लीनिंग एजेंट के रूप में काम करके फर्श को बिना नुकसान पहुंचाए होली के रंग के दाग खींच लेता है। इस उपाय को करने के लिए थोड़े से बेकिंग सोडा में पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाकर तैयार कर लें। अब इस पेस्ट को फर्श पर दाग वाली जगह पर लगाकर करीब 20 मिनट के लिए छोड़ दें। तय समय बाद गीले कपड़े या पुराने टूथब्रश से रगड़कर रंग के दाग को साफ कर लें।

2. सफेद सिरका और नींबू का उपाय

अगर होली का रंग गहरा है, तो सिरके की एसिडिक प्रॉपर्टीज उसे काटने में मदद कर सकती हैं। इसके लिए एक मग पानी में आधा कप सिरका और एक नींबू का रस मिलाकर इस घोल को फर्श पर दाग वाली जगह पर डालकर कुछ देर रहने दें। उसके बाद दाग को स्क्रब से रगड़कर पोंछ लें।

3. नेल पेंट रिमूवर या थिनर

मार्बल या टाइल्स पर लगे पक्के रंगों को साफ करने के लिए नेल पेंट रिमूवर का उपाय भी असरदार हो सकता है। इसे यूज करने के लिए रूई पर थोड़ा सा रिमूवर लगाकर दाग पर रगड़ें। यह पक्के से पक्के रंग को तुरंत ढीला करके साफ करने में मदद करता है। लेकिन इस बात का खास ख्याल रखें कि लकड़ी के फर्श पर इसका इस्तेमाल ना करें।

4. हाइड्रोजन पेरोक्साइड

सफेद मार्बल के फर्श से अगर रंग पूरी तरह नहीं जा रहा तो हाइड्रोजन पेरोक्साइड का यह सबसे कारगर तरीका है। इसके लिए रूई को हाइड्रोजन पेरोक्साइड में भिगोकर दाग पर रखें। कुछ देर बाद इसे साफ पानी से धो लें।

5. टूथपेस्ट का इस्तेमाल

साधारण सफेद टूथपेस्ट (जेल वाला नहीं) दागों को हटाने में बहुत मददगार होता है। होली के रंग के दाग फर्श से हटाने के लिए दाग वाली जगह पर टूथपेस्ट लगाएं और उसे 10 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद स्क्रब या पुराने टूथब्रश से रगड़ें। यह टाइल्स के बीच की दरारों में फंसे रंग को निकालने के लिए बेहतरीन उपाय हो सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN