Home विश्व समाचार जितनी जल्दी हो सके, फौरन छोड़ो ईरान; अपने नागरिकों को इस पड़ोसी...

जितनी जल्दी हो सके, फौरन छोड़ो ईरान; अपने नागरिकों को इस पड़ोसी देश ने चेताया

12
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

विदेश मंत्रालय ने कहा कि ईरान और पड़ोसी देशों में उसके चीनी दूतावास और कॉन्सुलेट कमर्शियल फ़्लाइट या जमीनी रास्ते से दूसरी जगह जाने की कोशिश कर रहे चीनी नागरिकों को जरूरी मदद देंगे।

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच पड़ोसी देश चीन ने शुक्रवार को अपने नागरिकों को “जितनी जल्दी हो सके” ईरान छोड़ने की सलाह दी है। चीन के विदेश मंत्रालय ने जारी एक बयान में कहा कि क्षेत्र में बाहरी सुरक्षा खतरे तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में नागरिकों को सतर्क रहने और जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर जाने की आवश्यकता है। चीन के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा, “ईरान में अभी मौजूद चीनी नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे सुरक्षा सावधानी बरतें और जितनी जल्दी हो सके निकल जाएं।”

यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब संयुक्त राज्य अमेरिका ने भी मध्य-पूर्व में अपनी सैन्य गतिविधियां तेज कर दी हैं और संभावित हमले की आशंकाएं बढ़ गई हैं। अमेरिका ने इज़राइल में अपने गैर-आवश्यक दूतावास कर्मचारियों को वापस बुलाने की अनुमति भी दे दी है, जिससे क्षेत्र में तनाव और गहरा गया है।

ओमान की मध्यस्थता में हो रही बातचीत

इसी बीच, ओमान की मध्यस्थता में ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत का एक दौर हुआ, जिसे युद्ध टालने की अंतिम कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, शुरुआती सकारात्मक संकेतों के बावजूद तेहरान ने स्पष्ट किया है कि किसी भी समझौते के लिए वॉशिंगटन को अपनी “अत्यधिक मांगें” छोड़नी होंगी।

ईरान की यात्रा से बचने की भी सलाह

चीन के विदेश मंत्रालय ने अपने नागरिकों को फिलहाल ईरान की यात्रा से भी बचने की सलाह दी है। साथ ही यह आश्वासन दिया गया है कि ईरान और आसपास के देशों में मौजूद चीनी दूतावास और वाणिज्य दूतावास जरूरत पड़ने पर नागरिकों को सुरक्षित निकालने में हर संभव मदद करेंगे, चाहे वह वाणिज्यिक उड़ानों के जरिए हो या जमीनी मार्ग से। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की एडवाइजरी यह संकेत देती है कि क्षेत्र में हालात तेजी से बिगड़ सकते हैं और किसी बड़े टकराव की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN