Source :- LIVE HINDUSTAN
Netflix WBD Deal: नेटफ्लिक्स ने वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी को खरीदने के सौदे से खुद को अलग कर लिया है। पैरामाउंट स्काईडांस 111 अरब डॉलर के ऐतिहासिक सौदे में वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी पर नियंत्रण हासिल करने वाली है।
नेटफ्लिक्स ने वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी को खरीदने के सौदे से खुद को अलग कर लिया है। दरअसल, वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के बोर्ड ने गुरुवार को पैरामाउंट स्काईडांस की बोली को बेहतर प्रस्ताव दिया। नेटफ्लिक्स का इस सौदे से हटना , जो इस बात को लेकर महीनों से चली आ रही त्रिपक्षीय उधेड़बुन का हिस्सा था कि आखिर वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के स्टूडियो और स्ट्रीमिंग एसेट्स का अधिग्रहण कौन करेगा, अब पैरामाउंट स्काईडांस के लिए रास्ता साफ करता है। इसके साथ ही पैरामाउंट स्काईडांस 111 अरब डॉलर के ऐतिहासिक सौदे में वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी पर नियंत्रण हासिल करने वाली है।
नेटफ्लिक्स का बयान और फैसले की वजह
नेटफ्लिक्स ने गुरुवार को एक बयान में कहा, “हमने जो लेन-देन तय किया था, वह शेयरधारकों के लिए वैल्यू क्रिएट करने वाला था और इसे मंजूरी मिलने की स्पष्ट संभावना थी।” हालांकि, कंपनी ने कहा कि उसने पैरामाउंट स्काईडांस के फ्रेश ऑफर की बराबरी करने से इनकार कर दिया है। नेटफ्लिक्स ने आगे कहा, “लेकिन हम हमेशा अनुशासित रहे हैं, और पैरामाउंट स्काईडांस के ताजा प्रस्ताव की बराबरी करने के लिए जिस कीमत की आवश्यकता है, उस पर यह सौदा अब आर्थिक रूप से आकर्षक नहीं रहा, इसलिए हम पैरामाउंट स्काईडांस की बोली की बराबरी करने से इनकार कर रहे हैं।”
दिसंबर में हुई थी डील
पिछले साल दिसंबर में, स्ट्रीमिंग दिग्गज नेटफ्लिक्स ने वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी का अधिग्रहण करने के लिए 82.7 अरब डॉलर का सौदा किया था, जिसमें कर्ज भी शामिल था, लेकिन पैरामाउंट स्काईडांस लगातार बोलियां लगाता रहा। पिछले हफ्ते, नेटफ्लिक्स ने ऐतिहासिक हॉलीवुड स्टूडियो को पैरामाउंट स्काईडांस के साथ सात दिनों की बातचीत करने की अनुमति दी, जिसके परिणामस्वरूप यह बड़ी बोली सामने आई और अंतिम नतीजा निकला।
वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी का बयान
दिन में पहले, वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी ने नेटफ्लिक्स के प्रस्ताव को ठुकराने की घोषणा की थी। वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के सीईओ डेविड जस्लाव ने एक बयान में कहा, “नेटफ्लिक्स एक ग्रेट कंपनी है और इस पूरी प्रक्रिया के दौरान टेड, ग्रेग, स्पेंस और वहां के सभी लोग हमारे लिए असाधारण साझेदार रहे हैं। हम उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।” उन्होंने नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ टेड सारंडोस, ग्रेग पीटर्स और सीएफओ स्पेंसर न्यूमैन का जिक्र किया।
कंपनी ने कहा कि पैरामाउंट स्काईडांस के साथ उसका सौदा उसके शेयरधारकों के लिए बेहतर मूल्य पैदा करेगा। “एक बार जब हमारा बोर्ड पैरामाउंट मर्जर समझौते को अपनाने के लिए मतदान करेगा, तो यह हमारे शेयरधारकों के लिए जबरदस्त वैल्यू क्रिएट करेगा। हम एक संयुक्त पैरामाउंट स्काईडांस और वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी की संभावना को लेकर उत्साहित हैं और उन कहानियों को बताने के लिए मिलकर काम शुरू करने का इंतजार नहीं कर सकते जो दुनिया को आगे बढ़ाती हैं।”
नेटफ्लिक्स की ओर से कोई जवाबी पेशकश न होने के कारण, वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी का बोर्ड अब स्ट्रीमिंग दिग्गज के साथ अपने समझौते को समाप्त करने और पैरामाउंट के साथ आगे बढ़ने के लिए स्वतंत्र है।
पैरामाउंट-वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी सौदा
पैरामाउंट-वार्नर ब्रदर्स सौदा कई मीडिया संपत्तियों सीएनएन से लेकर निकलोडियन और एचबीओ तक को ओरेकल टाइकून और व्हाइट हाउस के सहयोगी लैरी एलिसन के नेतृत्व वाले परिवार के नियंत्रण में ला रहा है। पैरामाउंट का वार्नर ब्रदर्स के साथ विलय दो प्रमुख हॉलीवुड स्टूडियो, दो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म (एचबीओ मैक्स और पैरामाउंट+) और दो समाचार संचालन (सीएनएन और सीबीएस) को एक साथ लाएगा।
सौदे के सामने नियामक चुनौतियों की संभावना
एलिसन परिवार के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से संबंध हैं। फिर भी, इस बोली को वाशिंगटन, विदेशी देशों और कैलिफोर्निया सहित अमेरिकी राज्यों में अविश्वास जांच का सामना करना पड़ सकता है। डेमोक्रेटिक सीनेटर एलिजाबेथ वॉरेन, बर्नी सैंडर्स और रिचर्ड ब्लूमेंथल ने आशंका जताई है कि सौदे की मंजूरी राजनीतिक पक्षपात से प्रभावित हो सकती है। पैरामाउंट ने अपने संशोधित प्रस्ताव में, नियामक मंजूरी न मिलने की स्थिति में वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी को दी जाने वाली समाप्ति फीस को बढ़ाकर 5.8 अरब डॉलर से 7 अरब डॉलर कर दिया। पैरामाउंट ने वार्नर ब्रदर्स को उनके समझौते को समाप्त करने के लिए नेटफ्लिक्स को भुगतान करने के लिए 2.8 अरब डॉलर देने का भी वादा किया।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



