Home विश्व समाचार त्रस्त हो गई है जनता लेकिन…रूस-यूक्रेन युद्ध के चार साल बीतने पर...

त्रस्त हो गई है जनता लेकिन…रूस-यूक्रेन युद्ध के चार साल बीतने पर क्या बोले वोलोदिमीर जेलेंस्की

10
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

रूस और यूक्रेन के युद्ध को चार साल पूरे होने पर वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि जनता इस युद्ध से त्रस्त हो चुकी है। हालांकि रूस की ऐसी मांगें हैं कि युद्ध के अलावा कोई विकल्प ही नहीं है। यूक्रेन संप्रभुता से समझौता नहीं कर सकता।

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को चार साल पूरे हो गए हैं। अमेरिका की तमाम कोशिशों के बाद भी अब तक दोनों देशों में युद्धविराम पर कोई सहमति नहीं बन पाई है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि उनके देश के लोग इस युद्ध से ऊब चुके हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मॉस्को की मांगें ऐसी हैं कि उससे लड़ने के अलावा कोई विकल्प ही नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर यूक्रेन की संप्रभुता के साथ समझौता नहीं किया जा सकता है।

सीएनएन को दिए इंटरव्यू में जेलेंस्की ने कहा कि युद्ध का पांचवां साल शुरू हो गया है। इसमें कोई शक नहीं है कि युद्ध से यूक्रेन की जनता बहुत त्रस्त है। हालांकि युद्ध से ऊबने का यह मतलब नहीं है कि सरेंडर कर दिया जाए। उन्होने कहा, लोगों को एक लोकतांत्रिक देश के साथ खड़े रहना होगा। पुतिन खुद युद्ध के भूखे हैं। यह युद्ध केवल एक व्यक्ति की वजह से हो रहा है। रूस की भी जनता युद्ध का समर्थन नहीं करती है। जेलेंस्की ने इस युद्ध में अमेरिका के समर्थन की भी मांग की।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का जिक्र करते हुए जेलेंस्की ने कहा कि रूस के खिलाफ इस युद्ध में अमेरिका का समर्थन जरूरी है। अगर अमेरिका चाहे तो रूस को भी रोक सकता है। उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप रूस पर पर्याप्त दबाव बना ही नहीं रहे हैं। जेलेंस्की ने कहा, रूस जो कुछ चाहता है सब कुछ दिया नहीं जा सकता। अगर ऐसा किया तो हमारे पास कुछ नहीं रह जाएगा। लोगों के पास केवल दो विकल्प रह जाएंगे, या ते वे भाग जाएं, या फिर रूसी बन जाएं।

युद्ध को लेकर क्या बोले पुतिन

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को कहा था कि मॉस्को अपने भविष्य, आजादी, सच्चाई और न्याय के लिए लड़ रहा है। रूस ने 24 फरवरी 2022 को यूक्रेन में एक सैन्य अभियान शुरू किया था। इस साल युद्ध में उस कुछ बड़े झटके लगे हैं, जिनमें वोतकिंस्क में पिछले हफ्ते उसकी अंतरमहाद्वीपीय मिसाइल फैक्टरी पर हुआ भीषण हमला शामिल है।

पुतिन ने सशस्त्र बलों के अधिकारियों को ‘गोल्ड स्टार ऑफ हीरो ऑफ रशियन फेडरेशन’ सम्मान प्रदान करने से पहले कहा, “रूस अपने भविष्य, आजादी, सच्चाई और न्याय के लिए लड़ रहा है। और इस संघर्ष में अग्रिम मोर्चे पर बेहद मजबूत, साहसी और निस्वार्थ लोग तैनात हैं, जिनमें सशस्त्र बलों के सैनिक एवं अधिकारी, नेशनल गार्ड के सदस्य, आंतरिक मामलों के मंत्रालय के कर्मी तथा विशेष सेवाएं एवं इकाइयां शामिल हैं।”

SOURCE : LIVE HINDUSTAN