Home राष्ट्रीय समाचार मोहम्मद आमिर की अभिषेक शर्मा पर टिप्पणी और ‘कप केक’ का विज्ञापन:...

मोहम्मद आमिर की अभिषेक शर्मा पर टिप्पणी और ‘कप केक’ का विज्ञापन: भारत की हार के बाद पाकिस्तान में कैसी चर्चा

19
0

Source :- BBC INDIA

अभिषेक शर्मा

इमेज स्रोत, Reuters

9 मिनट पहले

पढ़ने का समय: 6 मिनट

टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मैच में दक्षिण अफ़्रीका के हाथों टीम इंडिया की बुरी हार के बाद भारत, पाकिस्तान और दुनिया भर के क्रिकेट एक्सपर्ट्स ने इस पर राय दी है.

सोशल मीडिया यूज़र्स भी इस मैच पर खुल कर चर्चा कर रहे हैं.

चर्चा हो रही है दक्षिण अफ़्रीका के शानदार परफॉर्मेंस की, भारतीय टीम के औसत प्रदर्शन की और अभिषेक शर्मा के बुरे फॉर्म की.

इस मैच से पहले स्टार स्पोर्ट्स के एक विज्ञापन की भी चर्चा है जिसे अब हटा दिया गया है.

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और कमेंटेटेर माइकल वॉन ने मैच के बाद एक्स पर लिखा, “दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को बुरी तरह से हराया. बैटिंग, बॉलिंग और फ़ील्डिंग तीनों चीज़ों में दक्षिण अफ़्रीका ने किया कमाल.”

भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ़ ने दक्षिण अफ़्रीका के बॉलिंग अटैक को बेहतरीन बताया और कहा कि भारत का गेंदबाज़ी आक्रमण कमज़ोर है और उसमें कई कमियां हैं.

वहीं पूर्व गेंदबाज़ इरफ़ान पठान ने एक्स पर लिखा, “भारतीय टीम का निराशाजनक प्रदर्शन. हम बैटिंग में जो संघर्ष कर रहे हैं उसे दक्षिण अफ़्रीका के गेंदबाज़ों ने और एक्सपोज़ कर दिया. इस पूरे वर्ल्ड कप में बैटिंग लाइन अप संघर्ष करते दिख रही है.”

अहमदाबाद में खेले गए मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट के नुक़सान पर 187 रन बनाए. जिसमें डेविड मिलर ने 35 गेंदों पर तूफ़ानी 63 रन बनाए.

जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रन बनाकर ऑल आउट हो गई.

पाकिस्तान में कैसी चर्चा

मोहम्मद आमिर

इमेज स्रोत, CPL T20/CPL T20 via Getty Images

पूर्व पाकिस्तानी तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद आमिर ने इसी टूर्नामेंट के भारत-पाकिस्तान मैच से पहले अभिषेक शर्मा को ‘स्लॉगर’ बताया था.

जियो न्यूज़ के एक कार्यक्रम में मोहम्मद आमिर ने कहा था, “अभिषेक शर्मा प्रॉपर बैट्समैन नहीं, स्लॉगर हैं.”

उन्होंने ये भी कहा था कि भारतीय टीम इस ‘टूर्नामेंट के सेमीफ़ाइल में भी नहीं पहुंच पाएगी.’

उन्होंने कहा था, “वो गेंद की लाइन पर आकर नहीं खेलते हैं और बस बल्ला घुमाते हैं. फ़्लैट पिचों पर वो चल जाते हैं. लेकिन दक्षिण अफ़्रीका, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की बाउंसी पिचों में अभी उनका टेस्ट नहीं हुआ है. वहां जब वो चलेंगे तब मैं उन्हें बैट्समैन मानूंगा.”

हालांकि उसी कार्यक्रम में मौजूद पाकिस्तानी क्रिकेटर अहमद शहज़ाद ने कहा था कि, “अभिषेक को मैं अच्छा बल्लेबाज़ मानता हूं.”

कल के मैच के बाद मोहम्मद आमिर ने फिर कहा, “जब भारत अच्छा खेलता है तो हम अच्छा बोलते हैं. लेकिन वहां से हमें गालियां ही मिलती हैं. दक्षिण अफ़्रीका बैटर साइड थी.”

अभिषेक शर्मा टूर्नामेंट में लगातार तीन मैचों में ज़ीरो पर आउट हुए थे. कल के मैच में उनसे बड़े स्कोर की उम्मीद की जा रही थी लेकिन कल भी वो सिर्फ़ 15 रन बनाकर आउट हो गए.

मैच के बाद पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ़ ने एक्स पर लिखा, “मोहम्मद आमिर. पहले तो आपने भारतीय टीम की हालत फ़ील्ड पर ख़राब की और अब स्टूडियो से उनकी हालत ख़राब कर रहे हो. उन्हें थोड़ी तो सांस ले लेने दो. दक्षिण अफ़्रीका ने वहां से शुरू किया जहां से उन्होंने पिछले टी-20 वर्ल्ड कप को ख़त्म किया. ज़बरदस्त टीम टॉप ऑर्डर के ना चलने पर लोअर ऑर्डर ने कमाल किया और बॉलिंग तो कमाल की रही.”

शोएब अख़्तर ने कहा, “दक्षिण अफ़्रीका ने दिखा दिया कि अनुशासन इरादों पर भारी पड़ता है. ऐसे टोटल स्लॉग करके नहीं जीते जाते. इनिंग्स बनानी पड़ती है. भारत को मिलर और स्टब्स से सबक लेना चाहिए.”

सूर्यकुमार यादव की चर्चा

सूर्यकुमार यादव

इमेज स्रोत, ICC/ICC via Getty Images

प्री-मैच कॉन्फ़्रेंस में जब एक पत्रकार ने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से सवाल किया, “भारत की स्टार्ट अच्छी नहीं हो रही है. तो क्या टीम में संजू सैमसन आ सकते हैं.”

इस पर सूर्यकुमार यादव हंसते हुए कहते हैं, “मतलब आप बोल रहे हो कि मैं उसको अभिषेक शर्मा की जगह खिला दूं. तिलक की जगह खिला दूं.”

ऐसा कहकर वो फिर हंसने लगते हैं.

कल के मैच में अभिषेक और तिलक वर्मा दोनों के फ़्लॉप होने के बाद सोशल मीडिया यूज़र्स उन्हें सूर्यकुमार यादव के बयान का ज़िक्र कर उनकी ट्रोलिंग कर रहे हैं और उन्हें ‘घमंडी’ बता रहे हैं.

स्टार स्पोर्ट्स का विज्ञापन

दक्षिण अफ्रीका के एडन मार्करम ने भारत के सूर्यकुमार यादव को 22 फरवरी 2026 को अहमदाबाद, भारत के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप भारत और श्रीलंका 2026 के सुपर 8 मुकाबले में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मैच के बाद गले लगाया.

इमेज स्रोत, ICC/ICC via Getty Images

इस मैच की चर्चा सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन की वजह से भी हो रही है.

ये विज्ञापन टूर्नामेंट के ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स पर दिखाया जा रहा था. इसमें भारत और दक्षिण अफ्रीका की क्रिकेट टीमों के डमी खिलाड़ियों को दिखाया गया.

विज्ञापन में दोनों टीम के खिलाड़ी एक होटल में एक ही टेबल पर बैठे नज़र आते हैं.

तभी भारतीय खिलाड़ी हॉल में रखे एकमात्र कपकेक की ओर बढ़ता है, लेकिन दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी दौड़कर उस कप केक को उठा लेता है और भारतीय खिलाड़ी से माफ़ी मांगते हुए “सॉरी” कहता है.

इस पर भारतीय खिलाड़ी पलटकर कहता है, “सॉरी टू यू!”

दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी पूछता है, “लेकिन क्यों?” तब भारतीय खिलाड़ी उसे याद दिलाता है कि साल 2024 में हमने आपको फ़ाइनल में हराया था, इसलिए सॉरी.

फिर भारतीय खिलाड़ी कहता है, “कप तो हमने ही जीता था और आने वाला सुपर एट का मैच भी हम ही जीतेंगे, इसलिए आप यह कप केक रख लीजिए.”

इतना सुनते ही दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी के गले में केक अटक जाता है और भारतीय खिलाड़ी कहता है, “ओह हो, चोकिंग!” (गौरतलब है कि क्रिकेटिंग वर्ल्ड में दक्षिण अफ्रीका की क्रिकेट टीम को अक्सर “चोकर्स” कहा जाता है, क्योंकि कई बड़े टूर्नामेंटों के अहम मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है)

भारत की दक्षिण अफ्रीका के हाथों सुपर-8 में हार के तुरंत बाद स्टार स्पोर्ट्स पर यह विज्ञापन नहीं दिखा.

लेकिन सोशल मीडिया पर यह विज्ञापन वायरल हो गया और भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों का गुस्सा भी सामने आया.

कई यूज़र्स ने इस विज्ञापन को दक्षिण अफ़्रीका के लिए ‘अपमानजनक’ बताया.

कुछ ने कहा कि विज्ञापन में दक्षिण अफ़्रीका को ‘चोकर’ बताया गया लेकिन भारत ही ‘चोकर’ साबित हुआ.

एक यूज़र ने लिखा, “शायद यह घटना हमारे विज्ञापन निर्माताओं को यह सबक दे कि घमंड करना ठीक नहीं।”

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

SOURCE : BBC NEWS