Home विश्व समाचार ड्रग लॉर्ड की मौत से जल उठा मेक्सिको, सड़कों पर बहा खून;...

ड्रग लॉर्ड की मौत से जल उठा मेक्सिको, सड़कों पर बहा खून; भारत ने नागरिकों से सतर्क रहने को कहा

12
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

तनाव को देखते हुए भारतीय दूतावास ने ऑपरेशन के आसपास के इलाकों से बचने, भीड़ से दूर रहने, अपना ध्यान रखने और अपने घरों के बाहर बेवजह आने-जाने से बचने की सलाह दी है।

El Mencho killed: मेक्सिको में ड्रग लॉर्ड एल मैन्चो की हत्या के बाद सड़कों पर कोहराम मचा हुआ है। देश के सबसे बड़े और ताकतवर ड्रग कार्टेल के लीडर को यहां की सेना ने रविवार को एक बड़ा ऑपरेशन चलाकर मार गिराया। इसके बाद उपद्रवियों ने कई जगहों पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं को अंजाम दिया है। अब मेक्सिको में रहने वाले भारतीयों से सतर्क रहने की अपील की गई है। मेक्सिको में भारतीय दूतावास ने सोमवार को एक सलाह जारी कर भारतीय नागरिकों से बेवजह आने-जाने से बचने और अगली सूचना तक सुरक्षित जगह पर रहने की अपील की है।

दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट जारी कर भारतीयों से यह अपील की है। भारतीय दूतावास ने कहा है कि सुरक्षा ऑपरेशन, सड़क जाम और आपराधिक गतिविधियों की खबरों के बीच, जलिस्को राज्य, के साथ-साथ तमाउलिपास (रेनोसा सहित), मिचोआकेन के कुछ हिस्सों, गुएरेरो और नुएवो लियोन में भारतीय नागरिकों से अगली सूचना तक सुरक्षित जगह पर रहने की अपील की जाती है। दूतावास ने ऑपरेशन के आसपास के इलाकों से बचने, भीड़ से दूर रहने, अपना ध्यान रखने और अपने घरों के बाहर बेवजह आने-जाने से बचने की भी सलाह दी है।

आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार रहने का निर्देश

इसके अलावा भारतीय दूतावास ने लोगों को कुछ अहम निर्देश भी दिए हैं। भारतीयों ने किसी भी अपडेट के लिए लोकल मीडिया पर नजर रखने और लोकल अधिकारियों के निर्देशों का सख्ती से पालन करने के लिए कहा गया है। आपातकालीन स्थिति में लोगों को 911 डायल करनी की सलाह के साथ साथ लोगों से गुजारिश की गई है कि वे अपने परिवार और दोस्तों को फोन कॉल, मैसेज या सोशल मीडिया के जरिए अपनी लोकेशन और सेहत के बारे में बताते रहें। दूतावास ने मदद के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।

सड़कों पर कोहराम

बता दें कि ओसेगुएरा सर्वेंटेस जिसे एल मेंचो के नाम से जाना जाता था, उसे मौजूदा समय का सबसे ताकतवर और खूंखार ड्रग माफिया भी माना जाता था। न्यू जनरेशन कार्टेल के लीडर, नेमेसियो रूबेन ओसेगुएरा सर्वेंट्स यानी एल मेन्चो की मौत के साथ ही मेक्सिको का सबसे ताकतवर कार्टेल खत्म हो गया है। जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल, जिसे CJNG के नाम से जाना जाता है, मेक्सिको के सबसे ताकतवर और सबसे तेजी से बढ़ने वाले क्रिमिनल ऑर्गनाइजेशन में से एक था। मैन्चो की हत्या से पूरे मेक्सिको में तनाव फैल गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक आपराधिक समूहों ने लगभग 12 राज्यों में सड़कें ब्लॉक कर दी हैं। कई जगहों पर आगजनी की खबरें हैं। सोमवार को जलिस्को की राजधानी ग्वाडलहारा में स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं।

फ्लाइट्स पर भी असर

खबर है कि तनाव के बीच टूरिस्ट हॉटस्पॉट प्यूर्टो वालार्टा के आसपास फ्लाइट ऑपरेशन पर असर पड़ा है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक कंट्रोलाडोरा वुएला कंपानिया डे एविएशन SAB और ग्रुपो वीवा एरोबस SAB ने कुछ समय के लिए ऑपरेशन रोक दिए हैं और शहर के रास्ते में एयरलाइंस ने अपना रास्ता बदल लिया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN