Home विश्व समाचार यूक्रेन को अंदर से खोखला करने की साजिश रच रहा रूस? कई...

यूक्रेन को अंदर से खोखला करने की साजिश रच रहा रूस? कई लोग गिरफ्तार, क्या है मामला

16
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

यूक्रेनी अधिकारियों  ने रूस के ऊपर आरोप लगाया है कि वह यूक्रेन के अंदर राजनीतिक और सैन्य हस्तियों की हत्या की साजिश रच रहा है। इसके लिए उसने एक गिरोह को सुपारी भी दी थी। हालांकि, अब इस गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

russia ukraine war update: रूस और यूक्रेन का युद्ध पिछले कई वर्षों से बदस्तूर जारी है। दोनों ही देश एक-दूसरे के ऊपर हर तरीके से हमला करने की कोशिश में लगे हुए हैं। इसी क्रम में कीव की तरफ से आरोप लगाया गया है कि रूस ने यूक्रेन के बड़े नेताओं की हत्या के लिए साजिश रची है। इस मामले में अभी तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक एक नेता की हत्या के बदले एक लाख डॉलर देने का वादा किया गया था। आपको बता दें, यूक्रेन पहले भी ऐसे आरोप लगा चुका है कि रूस की तरफ से जेलेंस्की और वरिष्ठ खुफिया नेताओं की हत्या करने की साजिश रची गई थी।

यूक्रेन की तरफ से जनरल रुसलान क्रावचेंको ने पूरे मामले को विस्तार से समझाते हुए कहा, “यूक्रेन और मोल्दोवो की एजेंसियों ने संयुक्त जांच टीम के ऐक्शन से एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह प्रसिद्ध यूक्रेनी नेताओं को मारने के लिए विदेशियों की सुपारी पर काम कर रहा था।” उन्होंने कहा कि संयुक्त एजेंसियों ने खुफिया जानकारी के आधार पर देशभर में करीब 20 जगहों की तलाशी ली। इस अभियान में बड़ी मात्रा में नकदी, विस्फोटक और रूसी संचालकों के साथ जुड़े हुए संचार के सबूत मिले हैं।

यूक्रेन के पहले मोल्दोवा ने भी इसी तरह के अभियान की पुष्टि की थी कि रूस की तरफ से बड़े पैमानें पर कई बड़े यूक्रेनी नामों की हत्या करने की साजिश रची जा रही है। इसमें सबसे बड़ा नाम जो सामने आया वह आंद्रिय यूसोव का था, जो कि यूक्रेनी सेना के लिए रणनीतिक संचार का काम देखते हैं और रूस के साथ कैदियों की अदला-बदली का समन्वय करते हैं। यूक्रेनी अधिकारी ने बताया कि हत्या का अंजाम दिए जाने के बाद रूसी पक्ष की तरफ से आरोपियों को एक लाख डॉलर तक देने का वादा किया गया था। बाद में व्यक्ति की प्रसिद्धि के आधार पर उसकी कीमत को और भी ज्यादा बढ़ाया जा सकता था।

यूक्रेन की पक्ष से लगाए गए आरोपों के ऊपर अभी तक रूस की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है। हालांकि कुछ समय पहले रूस ने आरोप लगाया था कि उसने रूस के भीतर और रूस के नियंत्रण वाले यूक्रेनी क्षेत्र के कई प्रमुख सैन्य और राजनीतिक नेताओं की हत्या को अंजाम दिया था। यूक्रेन ने भी इन हत्याओं की जिम्मेदारी को स्वीकार करते हुए उसे रूसी आक्रमण का प्रतिशोध बताया था।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN