Source :- LIVE HINDUSTAN
सेबी ने चार कंपनियों को आईपीओ लॉन्च करने की मंजूरी दे दी है। ये चार कंपनियां- इंटीग्रिस मेडटेक, अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड, अंजली लैबटेक और एप्पल कंटेनर्स है। आइए इसके बारे में डिटेल जान लेते हैं।
IPO news: अगर आईपीओ पर पैसे लगाकर कमाई की सोच रहे हैं तो ये खबर आपके काम की हो सकती है। दरअसल, शेयर बाजार को रेग्युलेट करने वाली संस्था सेबी ने चार कंपनियों को आईपीओ लॉन्च करने की मंजूरी दे दी है। ये चार कंपनियां- इंटीग्रिस मेडटेक, अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड, अंजलि लैबटेक और एप्पल कंटेनर्स है। आइए इसके बारे में डिटेल जान लेते हैं।
इंटीग्रिस मेडटेक
यह कंपनी एक रुपये प्रति शेयर के अंकित मूल्य वाले इक्विटी शेयरों के नए इश्यू के माध्यम से 925 करोड़ रुपये तक जुटाने की योजना बना रही है। आईपीओ में 2,16,74,531 इक्विटी शेयरों की बिक्री का प्रस्ताव भी शामिल होगा। इस बिक्री प्रस्ताव के तहत प्रमोटर शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा बेचेंगे। जानकारी क मुताबिक एवरक्योर होल्डिंग्स 1,51,74,251 शेयर बेचेगी जबकि गुरमीत सिंह और पुनीता शर्मा क्रमश: 32,50,140 शेयर बेचेंगे। कंपनी ने संकेत दिया है कि वह 185 करोड़ रुपये तक के प्री-आईपीओ प्लेसमेंट पर विचार कर सकती है। नए इश्यू से प्राप्त रकम का अधिकांश हिस्सा लोन कम करने के लिए उपयोग किया जाएगा। कुछ रकम का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड
इसी तरह, सेबी ने अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड को आईपीओ के लिए नियामक मंजूरी दे दी है। आईपीओ में पूरी तरह से 1.50 करोड़ इक्विटी शेयरों का फ्रेश इश्यू शामिल होगा। शेयरों को एनएसई और बीएसई दोनों पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है। डीएंडए फाइनेंशियल सर्विसेज को बुक रनिंग लीड मैनेजर नियुक्त किया गया है जबकि केफिन टेक्नोलॉजीज रजिस्ट्रार के रूप में कार्य करेगी।
अंजलि लैबटेक
गुजरात के सूरत में मुख्यालय वाली अंजलि लैबटेक उन कंपनियों में से एक है जिन्हें पूंजी बाजार में प्रवेश करने की मंजूरी मिल गई है। यह कंपनी प्रयोगशाला में उत्पादित हीरों के क्षेत्र में काम करती है और प्रयोगशाला में उत्पादित हीरों, प्रयोगशाला में उत्पादित हीरों के आभूषणों, हीरा अर्धचालक सामग्रियों और माइक्रोवेव प्लाज्मा केमिकल वेपर डिपोजिशन (एमपीसीवीडी) प्रणालियों के निर्माण और आपूर्ति में लगी हुई है। इसका कारोबार वैश्विक स्तर पर बी2बी और बी2सी दोनों बाजारों में फैला हुआ है।
एप्पल कंटेनर्स
एप्पल कंटेनर्स आईपीओ मंजूरी प्राप्त करने वाली चौथी कंपनी है। प्रस्तावित बुक-बिल्ट इश्यू में 0.38 करोड़ इक्विटी शेयर शामिल हैं, जिसमें 0.13 करोड़ शेयरों तक का नया इश्यू और 0.26 करोड़ शेयरों तक का ऑफर फॉर सेल शामिल है। प्रस्तावित इक्विटी शेयरों को एनएसई और बीएसई दोनों पर सूचीबद्ध किया जाएगा। क्यूम्युलेटिव कैपिटल इस इश्यू के लिए बुक रनिंग लीड मैनेजर है जबकि बिगशेयर सर्विसेज रजिस्ट्रार के रूप में कार्य करेगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



