Home खेल समाचार इंटरनेशनल बेइज्जती से पाकिस्तान में हाहाकार, PHF चीफ ने प्रधानमंत्री को भेजा...

इंटरनेशनल बेइज्जती से पाकिस्तान में हाहाकार, PHF चीफ ने प्रधानमंत्री को भेजा इस्तीफा; कप्तान पर लगा बैन

15
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

इंटरनेशनल बेइज्जती से पाकिस्तान हॉकी में हाहाकार मच गया है। पाकिस्तान हॉकी महासंघ (PHF) चीफ ने प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को इस्तीफा भेज दिया है। पाकिस्तान हॉकी टीम के कप्तान बट पर दो साल का बैन लगा।

पाकिस्तान हॉकी में चल रहा संकट गुरुवार को गहरा गया जब ऑस्ट्रेलिया दौरे की व्यवस्था में कुप्रबंधन के कारण खिलाड़ियों के सड़क पर रहने को लेकर पीएचएफ की आलोचना करने वाले कप्तान अम्माद शकील बट पर दो साल का प्रतिबंध लगाने के बाद महासंघ के अध्यक्ष तारिक बुगती ने पद से इस्तीफा दे दिया। बुगती ने कहा कि उन्होंने पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) के मुख्य संरक्षक प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को इस्तीफा भेज दिया है।

बुगती ने कहा,”मैंने प्रधानमंत्री को इस्तीफा भेज दिया है लेकिन उनसे और फील्ड मार्शल असीम मुनीर से आस्ट्रेलिया में प्रो लीग के दौरान हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह भी किया है।” उन्होंने कहा कि अध्यक्ष के रूप में उन्होंने आखिरी कार्रवाई के तौर पर राष्ट्रीय टीम के कप्तान अम्माद शकील बट पर दो साल घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खेलने पर प्रतिबंध लगाया जिनकी बयानबाजी से पाकिस्तान हॉकी की छवि खराब हुई। स्वदेश वापस लौटने पर बट ने लाहौर में एक प्रेस कांफ्रेंस में पीएचएफ की आलोचना करके दौरे पर कुप्रबंधन के लिए उसे दोषी ठहराया। उन्होंने यह भी कहा कि खिलाड़ियों को दौरे पर बर्तन भी मांजने पड़े।

बट की अगुवाई में नौ खिलाड़ियों ने टीम प्रबंधन और पीएचएफ अधिकारियों को हटाने की मांग की थी। बट ने यह भी आरोप लगाया था कि पिछले एक साल से पीएसबी और पीएचएफ से अधिकांश खिलाड़ियों को दैनिक भत्ता नहीं मिला है। विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर आए एक वीडियो से हुई जिसमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों को उनके लगैज के साथ सिडनी की सड़कों पर खड़े दिखाया गया था। बट ने बुधवार को सुबह लाहौर हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा कि पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) उनसे झूठ बोल रहा था और ”अब पानी सिर के ऊपर से बाहर चला गया है।” बट ने कहा, ”हम महासंघ के मौजूदा प्रबंधन के रहते हुए खेलना जारी नहीं रख सकते। जब खिलाड़ियों को मैच खेलने जाने से पहले रसोई साफ करनी पड़ती है और बर्तन धोने पड़ते हैं तो आप हमसे कैसे अच्छे परिणाम की उम्मीद कर सकते हैं।”

इस मामले में पाकिस्तान खेल बोर्ड (पीएसबी) और पीएचएफ एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। बुगती ने पीएसबी को कसूरवार ठहराते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया दौरे पर सारे इंतजाम उसी ने किए थे। वहीं, जब दस लाख रुपये से अधिक के चेक के बारे में पूछा गया जो पीएसबी ने दिए थे, बुगती ने कोई जवाब नहीं दिया। पाकिस्तानी टीम के मुख्य कोच ताहिर जमां ने भी इस्तीफे की पेशकश की लेकिन कहा कि कप्तान समेत कुछ खिलाड़ी अनुशासनहीन हैं जिन्होंने दूसरे खिलाड़ियों को अपशब्द कहे जिससे प्रदर्शन पर असर पड़ा। पाकिस्तान सारे आठ मैच हारकर नौ टीमों में आखिरी स्थान पर है। अब वह विश्व कप के आखिरी क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में भाग लेने मिस्र जाएगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN