Home राष्ट्रीय समाचार भारत ने नीदरलैंड्स को 17 रन से हराया, वरुण चक्रवर्ती ने दिखाया...

भारत ने नीदरलैंड्स को 17 रन से हराया, वरुण चक्रवर्ती ने दिखाया स्पिन का कमाल

27
0

Source :- BBC INDIA

वरुण चक्रवर्ती

इमेज स्रोत, Getty Images

18 फ़रवरी 2026, 20:56 IST

अपडेटेड 10 मिनट पहले

पढ़ने का समय: 4 मिनट

टी-20 वर्ल्ड कप के 36वें मुकाबले में भारत ने नीदरलैंड्स को 17 रन से हराया.

भारत की ओर से मिले 194 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड्स की टीम 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 176 रन ही बना पाई.

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 193 रन बनाए.

शिवम दुबे ने भारत के लिए सबसे ज्यादा 66 रन बनाए. उनकी पारी में छह छक्के शामिल रहे. शिवम दुबे को उनकी इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.

हालांकि भारत की जीत के हीरो वरुण चक्रवर्ती रहे, जिन्होंने तीन ओवर में 14 रन खर्च कर तीन विकेट लिए.

भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में अपने सभी चारों मुकाबलों में जीत दर्ज कर सुपर-8 में जगह बनाई.

नीदरलैंड्स के खिलाफ भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. भारत की प्लेइंग 11 में दो बदलाव हुए.

कुलदीप यादव की जगह पर अर्शदीप सिंह की वापसी हुई, जबकि अक्षर पटेल के स्थान पर वाशिंगटन सुंदर को खेलने का मौका मिला.

फिर नहीं चला अभिषेक शर्मा का बल्ला

अभिषेक शर्मा

इमेज स्रोत, Getty Images

लेकिन एक बार फिर भारत की शुरुआत खराब रही.भारत के ओपनर अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले ही दूसरी गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन वापस लौट गए. उनका विकेट आर्यन दत्त ने लिया.

इस वर्ल्ड कप में यह अभिषेक शर्मा का तीसरा मैच था. तीनों ही मैचों में वो जीरो पर आउट हुए हैं. इसके बाद तिलक वर्मा के साथ मिलकर ईशान किशन ने दूसरे विकेट के लिए 39 रन की पार्टनरशिप की.

लेकिन पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर आर्यन दत्त ने उन्हें बोल्ड कर दिया. ईशान किशन ने 7 गेंद में 18 रन बनाए. दो विकेट जल्दी गिरने की वजह से पावरप्ले में भारत ने 51 रन ही बनाए.

पावरप्ले के बाद भी सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा के सामने नीदरलैंड्स के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी जारी रखी. तेजी से रन बनाने के संघर्ष में तिलक वर्मा ने 9वें ओवर की आखिरी गेंद पर अपना विकेट गंवा दिया. उन्होंने 27 गेंद में 31 रन बनाए.

आर्यन दत्त ने शुरुआत से ही भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया. उन्होंने चार ओवर में महज 19 रन खर्च कर दो विकेट लिए.

शिवम दुबे की तूफानी पारी

शिवम दुबे-हार्दिक पंड्या

इमेज स्रोत, Getty Images

13वें ओवर में हालांकि शिवम दुबे ने गियर बदले. भारत ने इस ओवर में 19 रन स्कोर किए और इसी ओवर में ही टीम इंडिया का स्कोर 100 के पार भी हुआ.

लेकिन दूसरे छोर पर कप्तान सूर्यकुमार यादव बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में 14वें ओवर की तीसरी गेंद पर आउट हो गए. उन्होंने 28 गेंद में 34 रन बनाए.

हालांकि शिवम दुबे एक छोर पर मजबूती से डटे रहे और उन्होंने तेजी से रन बनाना जारी रखा. पांच छक्कों की मदद से शिवम दुबे ने महज 25 गेंद में ही अपनी फिफ्टी पूरी कर ली.

हार्दिक पंड्या ने भी शिवम दुबे का अच्छा साथ दिया. दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 35 गेंद में 76 रन की पार्टनरशिप हुई.

आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर शिवम दुबे आउट हुए. उन्होंने 31 गेंद में 66 रन बनाए और उनकी पारी में छह छक्के शामिल रहे.

वहीं हार्दिक पंड्या ने 21 गेंद में 30 रन की पारी खेली. भारत ने पारी के आखिरी ओवर में दो विकेट गंवाए.

वरुण चक्रवर्ती की शानदार गेंदबाजी

नीदरलैंड्स

इमेज स्रोत, Getty Images

भारत के 194 रन के जवाब में नीदरलैंड्स की शुरुआत धीमी रही. शुरुआती ओवर्स में अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह ने कसी हुई गेंदबाजी की और नीदरलैंड्स के बल्लेबाजों को दबाव में लाने की कोशिश की.

चार ओवर के बाद नीदरलैंड्स का स्कोर बिना किसी नुकसान के 22 रन ही था. इसके बाद छठे ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने आते ही कमाल किया और चौथी गेंद पर मैक्स ओ डाउड को बोल्ड कर दिया. मैक्स ओ डाउड ने 18 गेंद में 20 रन बनाए.

नीदरलैंड्स की शुरुआत इतनी धीमी रही कि टीम के 50 रन 7.3 ओवर में पूरे हुए. तेजी से रन बनाने के दवाब में लिवेट 8वें ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हो गए. उन्होंने 24 रन बनाए और हार्दिक पंड्या को उनका विकेट मिला.

हालांकि 10 ओवर गुजर जाने के बाद नीदरलैंड्स ने तेजी से रन बनाने की कोशिश की. लेकिन 13वें ओवर की पहली गेंद पर एकरमैन को वरुण चक्रवर्ती ने आउट कर दिया. एकरमैन ने 15 गेंद में 24 रन बनाए.

13वें ओवर की दूसरी गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने आर्यन दत्त को बोल्ड कर दिया. आर्यन दत्त खाता भी नहीं खोल पाए. 14 ओवर तक आते-आते नीदरलैंड्स के पांच बल्लेबाज पवेलियन वापस लौट गए.

इसके बाद 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर बुमराह ने एडवर्ड्स को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया.

आखिरी ओवर में शिवम दुबे ने एक ओर विकेट झटका और नीदरलैंड्स की पारी को 20 ओवर में 176 रन पर ही रोक दिया.

रविवार को अब सुपर-8 में भारत की टक्कर दक्षिण अफ्रीका के साथ होगी.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

SOURCE : BBC NEWS