Home विश्व समाचार इमरान खान को कुछ हुआ तो…; पाकिस्तान में ‘आंख’ को लेकर बवाल,...

इमरान खान को कुछ हुआ तो…; पाकिस्तान में ‘आंख’ को लेकर बवाल, मोहसिन नकवी पर धमकी देने का आरोप

14
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

इमरान खान की आंखों की रोशनी को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच पीटीआई ने बुधवार को अपने विरोध प्रदर्शनों को और तेज कर दिया। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग को अवरुद्ध कर दिया तथा इस्लामाबाद में संसद के पास धरना दिया।

पाकिस्तान की सियासत में इन दिनों तूफान मचा हुआ है। इस बार पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई संस्थापक इमरान खान की सेहत अब सबसे बड़ा विवाद बन गई है। अडियाला जेल में बंद 73 वर्षीय इमरान की दाहिनी आंख में रोशनी तेजी से घटने की खबरों ने उनके समर्थकों को सड़कों पर उतार दिया है। एक कोर्ट-अपॉइंटेड वकील की रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2025 से शुरू हुई समस्या के कारण उनकी दाहिनी आंख में अब सिर्फ 15% रोशनी बची है, यानी 85% क्षति हो चुकी है। परिवार और पीटीआई का आरोप है कि जेल प्रशासन ने शिकायतों को तीन महीने तक नजरअंदाज किया, जिससे रेटिनल वेन ऑक्लूजन जैसी गंभीर स्थिति बनी।

इमरान खान की आंखों की रोशनी को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच पीटीआई ने बुधवार को अपने विरोध प्रदर्शनों को और तेज कर दिया। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग को अवरुद्ध कर दिया तथा इस्लामाबाद में संसद के पास धरना दिया। यह सब तब हुआ जब इमरान की बहनों ने दावा किया कि जेल में उनके साथ ‘अकल्पनीय दुर्व्यवहार’ हो रहा है और उन्होंने गृह मंत्री तथा पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी पर उन्हें धमकाने का आरोप लगाया।

विरोध प्रदर्शन तेज

दरअसल, मेडिकल रिपोर्ट जारी होने के बाद से तनाव बना हुआ था, लेकिन बुधवार को हालात बेकाबू हो गए। इमरान के हजारों समर्थकों और पीटीआई कार्यकर्ताओं ने अटक पुल पर कब्जा कर लिया, जिससे खैबर पख्तूनख्वा का देश के अन्य हिस्सों से संपर्क टूट गया। इससे यातायात में भारी अफरा-तफरी मच गई और सैकड़ों वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे।इसी दौरान, विपक्षी गठबंधन तहरीक-ए-तहफ्फुज-ए-ऐन पाकिस्तान राजधानी में संसद और खैबर पख्तूनख्वा हाउस के पास आंदोलन कर रहा है। प्रदर्शनों की मुख्य मांग है- इमरान को विशेषज्ञ इलाज के लिए इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में स्थानांतरित किया जाए।

इमरान की बहनों ने आसिम मुनीर और नकवी पर बोला हमला

इस मामले को लेकर इमरान की बहनों ( उज्मा खान और अलीमा खान ) ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर और मोहसिन नकवी पर हिरासत में इमरान की हत्या की ‘घातक साजिश’ रचने का आरोप लगाया। उज्मा ने कहा कि मोहसिन नकवी हमें धमका रहे हैं। उन्होंने खून का स्वाद चख लिया है। अगर इमरान खान या हमें कुछ हुआ, तो याद रखना, हम आने वाली पीढ़ियों को भी नहीं बख्शेंगे।

गौरतलब है कि इस सप्ताह की शुरुआत में इमरान की एक अन्य बहन नोरीन नियाजी ने भी उनके स्वास्थ्य बिगड़ने के लिए मुनीर को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने ट्वीट किया कि ‘आसिम लॉ’ के निर्देशों के तहत इमरान को अकल्पनीय दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा, जिसके कारण उनकी दाहिनी आंख को अपूरणीय क्षति हुई है।

डॉक्टरों ने इमरान की आंखों के बारे में क्या कहा?

सरकार ने इमरान खान के स्वास्थ्य जांच के दौरान परिवार के किसी प्रतिनिधि को अनुमति नहीं दी। सोमवार को सरकार द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड ने दावा किया कि इमरान की दृष्टि में काफी सुधार हुआ है। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, डॉक्टरों में से एक ने इमरान के प्राइवेट डॉक्टर आसिम यूसुफ से भी बात की। पीटीआई के महासचिव सलमान अकरम राजा ने पत्रकारों को बताया कि जेल में इमरान से मिलने वाले डॉक्टरों ने कहा कि इमरान ने उन्हें बताया था कि वे कुछ हफ्तों से दीवार पर लगी घड़ी नहीं देख पा रहे थे, लेकिन अब वे न केवल घड़ी देख सकते हैं, बल्कि उसकी सुइयां भी साफ देख सकते हैं। डॉक्टरों के अनुसार यह ‘अविश्वसनीय सुधार’ है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट में तहरीक-ए-जवानन पाकिस्तान पार्टी के प्रमुख अब्दुल्ला हामिद गुल ने कहा कि इमरान को एक इंजेक्शन दिया गया, जिसके बाद उनकी आंखों की रोशनी में सुधार शुरू हुआ। हालांकि, इमरान का परिवार सरकारी बोर्ड के इन दावों को सिरे से खारिज कर रहा है।

दो महीने बाद फिर विरोध प्रदर्शन

बता दें कि पिछले दो महीनों में यह दूसरी बार है जब इमरान खान की सेहत को लेकर पाकिस्तान में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। नवंबर में पीटीआई कार्यकर्ताओं और सुरक्षा बलों के बीच रावलपिंडी में दो दिनों से अधिक झड़पें हुई थीं, जब अफवाह फैली थी कि अडियाला जेल में इमरान की हत्या कर दी गई है। जहां उन्हें भ्रष्टाचार और आतंकवाद के कई मामलों में अगस्त 2023 से बंद रखा गया है।

हालांकि, तब विरोध तब थम गए जब उनकी एक बहन को जेल में उनसे मिलने की इजाजत मिली। 2 दिसंबर को मिलने वाली उज्मा खान ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री ठीक हैं, लेकिन उन्हें एकांत कारावास में रखा गया है। अब, बढ़ते विरोध प्रदर्शनों के बीच इमरान की आंखों की रोशनी का मुद्दा नया विवाद बन गया है, और एक बार फिर विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN