Home  लाइफस्टाइल समाचार सरोजिनी से करनी है सस्ती और अच्छी शॉपिंग तो ना करें ये...

सरोजिनी से करनी है सस्ती और अच्छी शॉपिंग तो ना करें ये 11 गलतियां, वरना बिगड़ सकता है बजट!

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

दिल्ली का सरोजिनी नगर मार्केट सस्ती और ट्रेंडी शॉपिंग के लिए बहुत मशहूर है। लेकिन भीड़, गलत समय, जल्दीबाजी और बिना जांचे खरीदी करना आपके बजट को बिगाड़ सकता है। अगर आप सच में कम पैसे में अच्छा सामान लेना चाहते हैं, तो आपको कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

दिल्ली का सरोजिनी नगर मार्केट सस्ती और ट्रेंडी शॉपिंग के लिए बहुत मशहूर है। यहां आपको अच्छे महंगे ब्रांड जैसे दिखने वाले कपड़े बहुत कम दाम में मिल जाते हैं। लेकिन सही जानकारी ना हो तो यही सस्ती शॉपिंग महंगी भी पड़ सकती है। भीड़, गलत समय, जल्दीबाजी और बिना जांचे खरीदी करना आपके बजट को बिगाड़ सकता है। अगर आप सच में कम पैसे में अच्छा सामान लेना चाहते हैं, तो आपको कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। चलिए जानते हैं कि सरोजिनी में शॉपिंग करते समय क्या नहीं करना चाहिए और कौन सी सावधानी रखनी चाहिए।

गलत समय पर बिल्कुल ना जाएं

वीकेंड पर खासकर शनिवार और रविवार को शाम 4 बजे के बाद यहां बहुत ज्यादा भीड़ हो जाती है। भीड़ बढ़ते ही दुकानदार दाम बढ़ा देते हैं। आपकी मोलभाव करने की ताकत भी कम हो जाती है। कोशिश करें कि आप मंगलवार या गुरुवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच जाएं। इस समय भीड़ कम रहती है और अच्छे रेट मिलने की संभावना ज्यादा होती है।

महीने के आखिर में शॉपिंग करने से बचें

महीने के आखिर में अक्सर रेट थोड़े ज्यादा मिलते हैं। महीने की 1 से 10 तारीख के बीच सैलरी आने के कारण भीड़ ज्यादा रहती है और दुकानदार दाम ज्यादा कर देते हैं। अगर बेहतर डील चाहिए तो महीने की 12 से 20 तारीख के बीच जाना ज्यादा सही रहता है। इस समय आपको थोड़े बेहतर दाम मिल सकते हैं।

जो पहले दिखे, वही मत खरीद लें

मार्केट के एंट्रेंस पर लगे स्टॉल अक्सर थोड़ा ज्यादा रेट बताते हैं। अंदर की तरफ जाने पर वही सामान 100 से 150 रुपये कम में मिल सकता है। इसलिए जो चीज सबसे पहले दिखे उसे तुरंत मत खरीदें। थोड़ा आगे बढ़ें, तुलना करें और फिर फैसला लें।

एक ही दुकान से तुरंत ज्यादा सामान ना लें

अगर आपको दो या ज्यादा चीजें लेनी हैं तो पहले अलग-अलग दुकानों पर जा कर दाम पूछ लें। कई बार वही सामान दूसरी दुकान पर सस्ता मिल जाता है। लोग तुलना करने की मेहनत नहीं करते और ज्यादा पैसे दे देते हैं। थोड़ा समय दें, फायदा आपका ही होगा।

लाइट के धोखे में ना आएं

कुछ दुकानों में पीली लाइट लगी होती है जो कपड़ों का रंग ज्यादा अच्छा दिखाती है। बाहर नेचुरल रोशनी में वही रंग थोड़ा अलग लग सकता है। इसलिए खरीदने से पहले कपड़े को बाहर निकालकर नेचुरल रोशनी में जरूर देख लें।

‘फिट हो जाएगा’ वाली बात पर भरोसा ना करें

सरोजिनी में ज्यादातर जगह अल्टरेशन की सुविधा नहीं होती। कई दुकानदार कह देते हैं कि थोड़ा टाइट है पर फिट हो जाएगा। अगर कपड़ा सही फिट नहीं हो रहा तो उसे छोड़ देना ही बेहतर है। बाद में उसे ठीक करवाना मुश्किल हो सकता है।

कपड़े की पूरी जांच करें

सिर्फ सामने से देखकर कपड़ा मत खरीदें। अक्सर खराबी छिपी जगहों पर होती है। अंडरआर्म की सिलाई, जिप का निचला हिस्सा, कॉलर के अंदर और पैंट के बीच वाले हिस्से को ध्यान से चेक करें। छोटी सी गलती बाद में बड़ी परेशानी बन सकती है।

सही तरीके से मोलभाव करें

सीधे बहुत कम दाम बोलना ठीक नहीं होता। अगर दुकानदार 500 रुपये कह रहा है तो आप 250 से बात शुरू कर सकते हैं। अगर 300 कहा है तो 150 से शुरू करें। बात करते समय आत्मविश्वास रखें, लेकिन शांति से बात करें। ज्यादा चालाक बनने की कोशिश ना करें, बस संतुलित रहें।

शुरुआत में ज्यादा खरीदारी ना करें

पूरा मार्केट देखे बिना ज्यादा सामान मत खरीदें। अगर शुरुआत में ही बजट खत्म कर देंगे तो बाद में अच्छी चीजें देखकर अफसोस होगा। पहले घूम लें, दाम समझ लें, फिर आखिरी में सोच-समझकर खरीदारी करें।

पेमेंट के दोनों तरीके तैयार रखें

अपने पास कैश और यूपीआई दोनों रखें। कुछ दुकानदार यूपीआई पर छूट नहीं देते लेकिन कैश पर बेहतर मोलभाव हो सकता है। दोनों विकल्प होने से आपको फायदा मिलेगा।

ट्रायल वाली दुकानों को नजरअंदाज ना करें

रोडसाइड स्टॉल सस्ते होते हैं लेकिन फिटिंग का भरोसा नहीं होता। अगर आप किसी खास मौके के लिए कपड़े ले रहे हैं तो ट्रायल रूम वाली दुकान चुनना ज्यादा सुरक्षित रहता है। वहां आप पहनकर देख सकते हैं और सही फैसला ले सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN