Home  लाइफस्टाइल समाचार सावधान! बार-बार होने वाले मुंह के छाले हो सकते हैं कैंसर का...

सावधान! बार-बार होने वाले मुंह के छाले हो सकते हैं कैंसर का संकेत, डॉक्टर ने दी सलाह

8
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ऐसा कोई भी घाव जो इलाज के बावजूद ठीक न हो रहा हो, वह ‘कैंसर’ जैसी जानलेवा बीमारी की शुरुआती आहट हो सकता है। ऐसे में यह समझना बेहद जरूरी है कि कब एक मामूली सा दिखने वाला छाला आपकी सेहत के लिए खतरे की घंटी बन सकता है।

मुंह में होने वाला एक छोटा सा छाला, देखने में भले ही एक मामूली समस्या लग सकता हो, लेकिन जब यह समस्या हफ्तों तक किसी व्यक्ति का पीछा न छोड़े, तो यह केवल पेट की गर्मी और खाने-पीने से जुड़ी समस्या नहीं रहती बल्कि शरीर की एक गंभीर चेतावनी का संकेत भी हो सकती है। ज्यादातर लोग मुंह के छालों को पेट की गर्मी या विटामिन की कमी मानकर कई दिन तक घरेलू नुस्खे आजमाते रहते हैं। लेकिन डॉक्टरों की मानें तो सेहत के प्रति यह लापरवाही कई बार भारी पड़ सकती है। बता दें, ऐसा कोई भी घाव जो इलाज के बावजूद ठीक न हो रहा हो, वह ‘कैंसर’ जैसी जानलेवा बीमारी की शुरुआती आहट हो सकता है। ऐसे में यह समझना बेहद जरूरी है कि कब एक मामूली सा दिखने वाला छाला आपकी सेहत के लिए खतरे की घंटी बन सकता है।

आर्टेमिस हॉस्पिटल्स (गुरुग्राम) में हेड डेंटिस्ट्री डॉ. अंजना सत्यजीत कहती हैं कि यूं तो मुंह में छाले होना एक सामान्य समस्या है, जो कई बार चोट लगने, तनाव, विटामिन्स की कमी या संक्रमण के कारण हो जाते हैं। कभी न कभी हर व्यक्ति को मुंह के छालों से परेशान होना ही पड़ता है। हालांकि यह समस्या हमेशा इतनी छोटी और सरल नहीं होती है। अगर मुंह में लगातार छाले बने रहें और दवा से भी ठीक न हों, तो सतर्क हो जाना चाहिए। ऐसा होना मुंह के कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का भी संकेत हो सकता है। दरअसल मुंह के कैंसर के मामले में शुरुआत में बहुत सामान्य लक्षण ही दिखते हैं। लक्षण ज्यादा स्पष्ट होने तक बीमारी फैल चुकी होती है।

ओरल हेल्थ का रखें ध्यान

भारत में आमतौर पर ओरल हेल्थ यानी मुंह के स्वास्थ्य को बहुत हल्के में लिया जाता है। मुंह में बदबू से लेकर दांतों से जुड़ी कई तरह की परेशानियों की लोग अनदेखी कर देते हैं। यही नहीं, देश में बड़ी संख्या में लोग किसी न किसी रूप में चबाने वाले तंबाकू उत्पादों का सेवन करते हैं। ओरल हेल्थ के दृष्टिकोण से यह बहुत गंभीर समस्या है। मुंह हमारे शरीर का बहुत महत्वपूर्ण अंग है। इसकी साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है। समय-समय पर डेंटिस्ट से परामर्श करना चाहिए। ब्रश और टूथपेस्ट का चयन भी सोच-समझकर और अपनी जरूरत के हिसाब से करना चाहिए।

लक्षणों पर रखें नजर

मुंह के छाले कई तरह के हो सकते हैं। जिसमें लाल रंग के चकत्ते जैसे छाले, घाव और कैंकर सोर (बड़ा छाला, जिसमें बीच में पीले रंग का दाना और चारों ओर लाल घेरा जैसा रहता है) आदि हैं। आमतौर पर सामान्य मैनेजमेंट और मल्टी विटामिन की मदद से 2 हफ्ते में इन्हें ठीक कर लिया जाता है। अगर घाव किसी नुकीले दांत की वजह से हो, तो डॉक्टर उसे हटाने की सलाह भी देते हैं। तंबाकू चबाने वाले लोगों, किसी भी कारण से ज्यादा नुकीले दांतों वाले और मुंह की साफ-सफाई का पर्याप्त ध्यान नहीं रखने वाले लोगों को खासतौर पर हर छोटे-बड़े लक्षण पर नजर रखनी चाहिए। तंबाकू उत्पादों का सेवन सामान्य अल्सर और छाले को भी समय के साथ कैंसरस बनने का कारण बन सकता है।

किन स्थितियों में लें डॉक्टर से सलाह

मुंह में अगर कोई छाला पड़ गया हो और वह दो हफ्ते तक भी ठीक न हो, बल्कि स्थिति खराब होती लगे तो तत्काल डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। इस तरह के छोटे लगने वाले लक्षण किसी कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकते हैं। निगलने, चबाने या बोलने में परेशानी होने लगे, ज्यादा खून आने लगे और अगर मुंह के छाले के साथ गले के आसपास सूजन दिखे, तो तुरंत विशेषज्ञ से सलाह लेनी चाहिए। ऐसे मामलों में मुंह के छाले और घाव कैंसरस हो जाते हैं। ल्यूकोप्लेकिया और एरिथ्रोप्लेकिया जैसे अल्सर को कुछ मामलों में प्री-कैंसरस पाया गया है। यानी अगर सही समय पर चिकित्सक से परामर्श कर लिया जाए, तो कैंसर को बढ़ने से पहले ही रोका जा सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN