Home टेक न्यूज़ मरने के बाद भी ‘जिंदा’ रहेंगे आप? आपको सोशल मीडिया पर जिंदा...

मरने के बाद भी ‘जिंदा’ रहेंगे आप? आपको सोशल मीडिया पर जिंदा रखेगा Meta का पेटेंट

12
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Meta के एक नए AI पेटेंट के मुताबिक, इंसान की मृत्यु के बाद भी उसका सोशल मीडिया अकाउंट उसकी तरह व्यवहार कर सकता है। यानी सोशल मीडिया पर यूजर अकाउंट पहले की तरह काम करता रह सकता है। 

हमारी पहचान अब सिर्फ शरीर तक सीमित नहीं रही। डिजिटल एरा में हमारी हंसी, हमारे थॉट्स, हमारी फोटोज, हमारी बातें, सब कुछ सोशल मीडिया पर मौजूद है। ऐसे में एक सवाल पहले से ज्यादा बड़ा हो गया है कि क्या इंसान मरने के बाद भी डिजिटल दुनिया में जिंदा रह सकता है? टेक कंपनी Meta की एक नई AI आधारित पेटेंट फाइलिंग ने इस सवाल को हकीकत के और करीब ला दिया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, Meta को दिसंबर, 2025 में एक ऐसा पेटेंट मिला है जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से किसी यूजर के ऑनलाइन बिहेवियर को ‘सिम्युलेट’ करने की बात कही गई है। यह पेटेंट साल 2023 में फाइल किया गया था और इसे कंपनी के चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर Andrew Bosworth से जोड़ा गया है। इस सिस्टम में एक बड़ा लैंग्वेज मॉडल यूजर के पुराने पोस्ट, कमेंट, लाइक्स और ऐक्टिविटीज के आधार पर उसकी डिजिटल पर्सनालिटी को समझ सकता है।

मौत के बाद भी ऐक्टिव रहेगा सोशल मीडिया

कल्पना कीजिए कि आप इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन आपका अकाउंट अब भी पोस्ट कर रहा है, कमेंट कर रहा है, दोस्तों को जवाब दे रहा है। AI आपके लिखने के तरीके, आपके फेवरेट शब्द, आपके रिएक्शन के पैटर्न को कॉपी करके वैसी ही मौजूदगी बनाए रख सकता है। यानी शरीर भले खत्म हो जाए, लेकिन आपकी डिजिटल पहचान जिंदा रह सकती है।

Meta के डॉक्यूमेंट में यह भी कहा गया है कि जब कोई यूजर अचानक प्लेटफॉर्म से गायब हो जाता है, खासकर अगर वह कभी लौटकर नहीं आएगा तो इसका गहरा भावनात्मक असर पड़ता है। ऐसे में AI आधारित ‘डिजिटल स्टैंड-इन’ उस खालीपन को कुछ हद तक भर सकता है। जो लोग अपने करीबी को खो चुके हैं, वे उनकी डिजिटल मौजूदगी से जुड़कर सुकून पा सकते हैं।

और भी कंपनियां कर रही हैं ऐसे टेक पर काम

यह नया नहीं है और Grief Tech नाम की एक टेक्नोलॉजी कैटेगरी तेजी से उभर रही है। Replika और You, Only Virtual जैसी कंपनियां पहले से ही ऐसे टूल्स पर काम कर रही हैं, जो किसी मृत व्यक्ति की बातचीत की शैली को दोबारा क्रिएट कर सकें। वहीं Microsoft ने 2021 में एक ऐसे चैटबॉट का पेटेंट कराया था, जो मृत व्यक्तियों की डिजिटल इमेज को सिम्युलेट कर सकता है।

फिलहाल Meta ने साफ किया है कि उसके पास इस खास पेटेंट को लागू करने की कोई योजना नहीं है। टेक कंपनियां अक्सर कई यूनीक विचारों पर पेटेंट फाइल करती हैं, लेकिन वे सभी प्रोडक्ट में नहीं बदलते।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN