Home  लाइफस्टाइल समाचार सही फल, सही असर: न्यूट्रिशनिस्ट लीमा ने बताए हर समस्या के लिए...

सही फल, सही असर: न्यूट्रिशनिस्ट लीमा ने बताए हर समस्या के लिए बेस्ट फल

9
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

संक्षेप:

सेहत सुधारने के लिए दवाइयों से पहले सही फल चुनना जरूरी है। न्यूट्रिशनिस्ट लीमा महाजन बता रही हैं कि कौन-सा फल आयरन, डायबिटीज, हार्मोन और एनर्जी से जुड़ी समस्याओं में मदद करता है।

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम सेहत सुधारने के लिए सप्लीमेंट्स और महंगे डाइट प्लान्स पर निर्भर हो जाते हैं, जबकि समाधान अक्सर हमारी रोज की थाली में ही मौजूद होता है। न्यूट्रिशनिस्ट लीमा महाजन के अनुसार, हर फल का असर एक जैसा नहीं होता और हर हेल्थ प्रॉब्लम के लिए सही फल चुनना बेहद जरूरी है। आयरन की कमी, डायबिटीज, हार्मोनल इम्बैलेंस, फैटी लिवर या हाई ब्लड प्रेशर- हर स्थिति में कुछ खास फल शरीर को नेचुरली सपोर्ट करते हैं। जरूरत है तो बस सही जानकारी और संतुलन की, ताकि फल सच में दवा की तरह काम कर सकें, ना कि शुगर स्पाइक की वजह बनें।

आयरन की कमी में क्या खाएं?

अगर शरीर में आयरन की कमी है, तो बेर (Indian Jujube) एक बेहतरीन विकल्प है। लीमा महाजन के अनुसार, बेर में अन्य फलों की तुलना में आयरन की मात्रा ज्यादा पाई जाती है और यह नॉन-हीम आयरन के अवशोषण में मदद करता है। खासतौर पर महिलाओं और एनीमिया से जूझ रहे लोगों के लिए यह फल फायदेमंद हो सकता है।

डायबिटीज के लिए सही फल

डायबिटीज में अक्सर लोग फल खाने से डरते हैं, लेकिन अमरूद (Guava) एक सुरक्षित और हेल्दी विकल्प है। अमरूद में मौजूद फाइबर ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ने से रोकता है। साथ ही, अमरूद के पत्तों में पाए जाने वाले तत्व ग्लूकोज एब्जॉर्प्शन को कम करने से जुड़े माने जाते हैं।

फैटी लिवर और लिवर हेल्थ

लिवर की सेहत के लिए संतरा (Orange) बेहद फायदेमंद माना जाता है। संतरे में पाए जाने वाले साइट्रस फ्लैवोनॉयड्स, जैसे हेस्पेरिडिन, ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करने और लिवर एंजाइम्स को बेहतर बनाने में सहायक हो सकते हैं। फैटी लिवर से परेशान लोगों को संतरा अपनी डाइट में शामिल करना चाहिए।

हार्मोनल इम्बैलेंस में कौन-सा फल?

PCOS, मेनोपॉज या हार्मोनल गड़बड़ी में अनार (Pomegranate) काफी लाभकारी होता है। इसमें मौजूद पॉलीफेनॉल्स शरीर में सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करने में मदद करते हैं जिससे हार्मोन से जुड़ी स्किन और एनर्जी की समस्याओं में सुधार हो सकता है।

जॉइंट पेन और मसल क्रैम्प्स

अगर आपको जोड़ों में दर्द या मांसपेशियों में अकड़न रहती है, तो अनानास (Pineapple) फायदेमंद हो सकता है। इसमें पाया जाने वाला ब्रोमेलैन एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों के लिए जाना जाता है और मसल रिकवरी में सहायक माना जाता है।

हाई ब्लड प्रेशर के लिए फल

केला (Banana) पोटैशियम से भरपूर होता है, जो ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में अहम भूमिका निभाता है। नियमित मात्रा में केला खाने से BP रेगुलेशन बेहतर हो सकता है।

वजन बढ़ाने और एनर्जी के लिए

कम वजन या लो एनर्जी की समस्या में चीकू (Sapota) मददगार साबित हो सकता है। यह एनर्जी-डेंस फल है, जो कैलोरी और कार्बोहाइड्रेट्स का अच्छा स्रोत माना जाता है।

खास टिप्स

  • जूस की जगह हमेशा पूरा फल खाएं, ज्यादा फायदा मिलता है।
  • दिन में 1–2 फल ही पर्याप्त होते हैं।
  • जूस में फाइबर कम होता है, जिससे शुगर स्पाइक जल्दी होता है।

हेल्थ नोट: सही फल चुनकर आप अपनी सेहत को नेचुरल तरीके से बेहतर बना सकते हैं- बस जरूरत है सही जानकारी और संतुलन की। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए अन्य डॉक्टर से उचित सलाह ले सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN