Home राष्ट्रीय समाचार पीसीबी और आईसीसी की बैठक में ऐसा क्या हुआ कि पाकिस्तान ने...

पीसीबी और आईसीसी की बैठक में ऐसा क्या हुआ कि पाकिस्तान ने भारत के ख़िलाफ़ मैच के बायकॉट का फ़ैसला बदला?

9
0

Source :- BBC INDIA

सलमान आग़ा और सूर्यकुमार यादव

इमेज स्रोत, Sajjad HUSSAIN / AFP) (Photo by SAJJAD HUSSAIN/AFP via Getty Images

4 घंटे पहले

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को 15 फ़रवरी को भारत के ख़िलाफ़ टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने की अनुमति दे दी है और कहा है कि यह फ़ैसला मित्र देशों के अनुरोध पर लिया गया है.

एक फ़रवरी को पाकिस्तान ने घोषणा की थी कि उसकी क्रिकेट टीम टी-20 वर्ल्ड कप में 15 फ़रवरी को भारत के ख़िलाफ़ होने वाले मैच का बहिष्कार करेगी. लेकिन 10 दिनों बाद ही पाकिस्तान ने ये फ़ैसला बदल दिया.

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने शहबाज़ शरीफ़ को पीसीबी, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के प्रतिनिधियों और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच हुई उच्च स्तरीय बैठक के फ़ैसले के बारे में औपचारिक रूप से जानकारी दी.

बीबीसी उर्दू के मुताबिक सरकार के बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड द्वारा पीसीबी को किए गए औपचारिक अनुरोधों के साथ-साथ श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात और अन्य सदस्य देशों से मिले संदेशों के आधार पर ये फ़ैसला किया है.

बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने सोमवार शाम को श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से फोन पर बात की.

इस दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि “पाकिस्तान और श्रीलंका हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे हैं, खासकर मुश्किल समय में. श्रीलंका के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री से मौजूदा गतिरोध को सौहार्दपूर्ण ढंग से हल करने पर गंभीरता से विचार करने का अनुरोध किया.”

सरकार के बयान के अनुसार, “मित्र देशों के अनुरोध को ध्यान में रखते हुए, पाकिस्तान सरकार ने पाकिस्तानी टीम को आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप के निर्धारित मैच के लिए 15 फरवरी, 2026 को मैदान में उतरने का निर्देश दिया है.”

बयान में आगे कहा गया है, “यह निर्णय क्रिकेट की भावना बनाए रखने और सभी प्रतिभागी देशों में इस वैश्विक खेल की निरंतरता को सुनिश्चित करने के मकसद से लिया गया है.”

उल्लेखनीय है कि विवाद तब शुरू हुआ जब बांग्लादेश ने अपनी टीम की सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए उसके मैच भारत से बाहर कराने का अनुरोध किया.

हालांकि, आईसीसी ने उनके अनुरोध को खारिज कर दिया था. तब बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टी-20 वर्ल्ड कप में शामिल किया गया.

इसके बाद पाकिस्तानी सरकार ने घोषणा की कि उनकी टीम 15 फरवरी को भारत के ख़िलाफ़ होने वाले मैच का बहिष्कार करेगी.

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने बाद में कहा कि यह निर्णय बांग्लादेश के समर्थन में लिया गया था.

आईसीसी ने क्या कहा?

आईसीसी का बयान

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट समिति (आईसीसी) ने भी एक्स पर पोस्ट कर इस बात की पुष्टि की.

आईसीसी ने लिखा, “पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और आईसीसी की सफल बातचीत के बाद ये तय किया गया है कि पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप के अपने सभी मैच खेलेगा.”

अपने बयान में आईसीसी ने कहा, “आईसीसी और पीसीबी के बीच बातचीत व्यापक संपर्क प्रक्रिया का हिस्सा था, जिसमें दोनों पक्षों ने रचनात्मक तरीके से काम करने की ज़रूरत को माना और खेल के हितों के लिए ईमानदारी, निष्पक्षता और सहयोग के साथ एकजुट, प्रतिबद्ध और उद्देश्यपूर्ण रहने पर सहमति जताई.”

आईसीसी ने आगे लिखा, “इसी भावना को ध्यान में रखते हुए ये तय हुआ कि सभी सदस्य आईसीसी आयोजनों में हिस्सा लेने की शर्तों के अनुसार अपनी प्रतिबद्धताओं का सम्मान करेंगे और यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे कि आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप का मौजूदा संस्करण सफल हो.”

बांग्लादेश के बारे में आईसीसी ने लिखा, “बांग्लादेश में क्रिकेट का बड़ा बाज़ार है और इसी को ध्यान में रखते हुए आईसीसी ने यहां क्रिकेट के विकास को लगातार बढ़ावा देने की अपनी भूमिका दोहराई है. यहां 20 करोड़ से ज़्यादा क्रिकेट फ़ैंस हैं. हमारी कोशिश है कि इस टूर्नामेंट में हिस्सा ना लेने का देश में क्रिकेट पर कोई दीर्घकालिक असर न पड़े.”

इसी बयान में आईसीसी ने ये भी बताया कि टूर्नामेंट में ना खेलने के बांग्लादेश के फ़ैसले के बाद भी उस पर कोई जुर्माना नहीं लगाया जाएगा.

श्रीलंका ने जताया आभार

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके

इमेज स्रोत, ISHARA S. KODIKARA/AFP via Getty Images

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने एक्स पर पोस्ट में पाकिस्तान का शुक्रिया कहा.

उन्होंने लिखा, “शहबाज़ शरीफ़ आपका धन्यवाद. आपने ये सुनिश्चित किया कि हम सभी का पसंदीदा खेल जारी रहे. यह जानकर खुशी हुई कि कोलंबो में चल रहे टी-20 क्रिकेट विश्व कप में बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मैच तय कार्यक्रम के अनुसार खेला जाएगा. टूर्नामेंट के सह-मेज़बान के रूप में श्रीलंका, आईसीसी और इससे जुड़े सभी लोगों के प्रयासों के लिए धन्यवाद करता है. श्रीलंका ने 1996 विश्व कप के दौरान भारत और पाकिस्तान द्वारा दिखाई गई एकजुटता को नहीं भुलाया है, जब सुरक्षा चिंताओं के कारण दूसरे देश पीछे हट गए थे, तब दोनों टीमों ने कोलंबो में मैच खेले थे.”

बांग्लादेश ने भी किया था अनुरोध

बीसीबी के चेयरमैन अमीनुल इस्लाम का बयान

इससे पहले सोमवार को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने पाकिस्तान से अपील की कि वो टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाला अपना मैच खेले.

एक बयान में बीसीबी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन रज़ा नक़वी, पीसीबी और पाकिस्तान के क्रिकेट प्रशंसकों के प्रति हार्दिक आभार जताया.

बयान में कहा गया, “इस दौरान पीसीबी ने बेहतरीन खेल भावना और एकजुटता का प्रदर्शन किया है.”

बीसीबी अध्यक्ष मोहम्मद अमीनुल इस्लाम ने कहा, “इस अवधि में बांग्लादेश के समर्थन में पाकिस्तान के ज़बरदस्त प्रयासों से हम बेहद प्रभावित हैं. हमारा भाईचारा लंबे समय तक फलता-फूलता रहे.”

बीसीबी अध्यक्ष ने अपने बयान में आगे कहा, “कल पाकिस्तान की एक संक्षिप्त यात्रा के बाद और हमारी बातचीत के संभावित नतीजों को देखते हुए, मैं क्रिकेट के हित में पाकिस्तान से अनुरोध करता हूं कि वह 15 फरवरी को भारत के खिलाफ आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप मैच खेले.”

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

SOURCE : BBC NEWS