Home राष्ट्रीय समाचार चीनी होटल में रुका था एक कपल…बाद में पता चला कि हज़ारों...

चीनी होटल में रुका था एक कपल…बाद में पता चला कि हज़ारों ने देखे थे उनके अंतरंग पल

5
0

Source :- BBC INDIA

चीन में पोर्न बनाना और डिस्ट्रीब्यूट करना ग़ैरक़ानूनी है लेकिन स्पाई-कैम पोर्न की मौजूदगी कम से कम एक दशक से है

साल 2023 की एक रात, एरिक एक सोशल मीडिया चैनल को स्क्रॉल कर रहे थे जिसे वह अक्सर पोर्न देखने के लिए इस्तेमाल करते थे. वीडियो शुरू होने के कुछ ही सेकंड के भीतर वे सन्न रह गए.

उन्हें एहसास हुआ कि वीडियो में जो जोड़ा कमरे में आता है, बैग रखता है और बाद में संबंध बनाने लगता है, वह खुद और उनकी गर्लफ्रेंड थे.

तीन हफ़्ते पहले, उन्होंने दक्षिणी चीन के शेनझेन के एक होटल में रात बिताई थी. एरिक इस बात से बेख़बर थे कि वहां वे अकेले नहीं थे.

उनके सबसे निजी पलों को होटल के कमरे में छिपे एक कैमरे ने कैद कर लिया था, और वह फ़ुटेज उन हज़ारों अनजान लोगों के लिए उपलब्ध करा दी गई थी जिन्होंने उसी चैनल पर लॉग-इन किया था. एरिक खुद भी पोर्न देखने के लिए इसका इस्तेमाल करते थे.

एरिक (बदला हुआ नाम) अब चीन के स्पाई-कैम पोर्न उद्योग के सिर्फ एक उपभोक्ता ही नहीं बल्कि शिकार बन चुके थे.

चेतावनी: इस कहानी में दी गई कुछ जानकारी आपको विचलित कर सकती है

बीबीसी को मिले हज़ारों स्पाईकैम वीडियो

बीबीसी वर्ल्ड सर्विस को कई साइटों पर होटल के कमरों में फ़िल्माए गए और पोर्न के रूप में बेचे जा रहे हज़ारों ताज़ा स्पाई-कैम वीडियो मिले हैं

चीन में पोर्न बनाना और डिस्ट्रीब्यूट करना ग़ैरक़ानूनी है, इसके बावजूद वहां तथाकथित स्पाई-कैम पोर्न की मौजूदगी कम से कम एक दशक से है.

लेकिन पिछले कुछ सालों में यह मुद्दा सोशल मीडिया पर चर्चा का एक नियमित विषय बन गया है, जहां लोग- ख़ासकर महिलाएं- पेंसिल इरेज़र जितने छोटे कैमरों को पहचानने के तरीके साझा करती हैं. कुछ लोग तो फ़िल्माए जाने से बचने के लिए होटल के कमरों के अंदर टेंट तक लगाने लगे हैं.

पिछले अप्रैल में, नए सरकारी नियमों के ज़रिए इस समस्या पर नियंत्रण पाने की कोशिश की गई और होटल मालिकों के लिए नियमित रूप से छिपे हुए कैमरों की जांच करना अनिवार्य कर दिया गया. लेकिन होटल के कमरे की निजता में चुपके से फ़िल्माए जाने का ख़तरा अभी टला नहीं है.

बीबीसी वर्ल्ड सर्विस को कई साइटों पर होटल के कमरों में फ़िल्माए गए और पोर्न के रूप में बेचे जा रहे हज़ारों ताज़ा स्पाई-कैम वीडियो मिले हैं.

ज़्यादातर सामग्री का विज्ञापन मैसेजिंग और सोशल मीडिया ऐप टेलीग्राम पर किया जाता है. 18 महीनों के दौरान, मैंने टेलीग्राम पर प्रमोट की जा रही छह अलग-अलग वेबसाइटों और ऐप्स का पता लगाया.

इन सबने मिलकर 180 से ज़्यादा होटल-रूम स्पाई-कैम चलाने का दावा किया, जो होटल के मेहमानों की गतिविधियों को न केवल रिकॉर्ड कर रहे थे, बल्कि उनकी लाइव स्ट्रीमिंग (सीधा प्रसारण) भी कर रहे थे.

मैंने इनमें से एक वेबसाइट की सात महीने तक नियमित रूप से निगरानी की और पाया कि 54 अलग-अलग कैमरों से फ़ुटेज ली जा रही थी, जिनमें से लगभग आधे हर समय चालू रहते थे.

होटल के कमरों के भरने की सामान्य दर के आधार पर बीबीसी का अनुमान है कि उस अवधि में हज़ारों मेहमानों को फ़िल्माया गया होगा. इनमें से ज़्यादातर को शायद ही कभी पता चल पाएगा कि उन्हें कैमरे में कैद किया गया है.

हांगकांग के रहने वाले एरिक ने कम उम्र में ही चोरी-छिपे फ़िल्माए गए वीडियो देखने शुरू कर दिए थे.

लाइव स्ट्रीमिंग, डाउनलोडिंग सब संभव

होटल कमरों में लगे स्पाई-कैम सीधे बेड को दिखाते हैं

अब 30 के हो चुके एरिक का कहना है, “जिस चीज़ ने मुझे इसकी तरफ खींचा, वह यह थी कि लोगों को पता ही नहीं होता था कि उन्हें फ़िल्माया जा रहा है. मुझे लगता है कि पारंपरिक पोर्न बहुत बनावटी और नकली लगता है.”

लेकिन जब उसने अपना और अपनी गर्लफ्रेंड “एमिली” का वीडियो देखा, तो उन्होंने अनुभव किया कि इस सप्लाई चेन के दूसरे छोर पर होना कैसा लगता है. और अब उन्हें इस तरह की सामग्री में कोई संतुष्टि नहीं मिलती.

जब एरिक ने एमिली को बताया कि होटल में ठहरने के दौरान उनका एक वीडियो फ़िल्माया और उसकी एक घंटे का क्लिप बनाकर उसे टेलीग्राम पर अपलोड कर दिया गया है, तो उसे ये मज़ाक लगा.

लेकिन जब उसने खुद वह फ़ुटेज देखी और वह शर्म से पानी-पानी हो गई.

एमिली इस बात से डरी हुई थी कि यह क्लिप उसके सहकर्मियों और परिवार के लोगों ने देखी हो सकती है. इस जोड़े ने हफ़्तों तक एक-दूसरे से बात नहीं की.

तो आखिर यह उद्योग, जो अनजाने जोड़ों के निजी पलों का फ़ायदा उठाकर उन्हें कामुक क्रियाओं को देखकर मज़ा लेने वाले ग्राहकों को बेचता है- काम कैसे करता है, और इसके पीछे कौन है?

मेरे सामने सबसे प्रमुख स्पाई-कैम पोर्न व्यापारियों में से एक ‘एकेए’ नाम का एक एजेंट आया. एक ग्राहक बनकर, मैंने उसकी प्रमोट की गई एक लाइव स्ट्रीमिंग वेबसाइट तक पहुंचने के लिए भुगतान किया. इसकी मासिक फ़ीस 450 युआन (65 डॉलर) थी.

लॉग-इन करने के बाद, मेरे पास पांच अलग-अलग फीड्स चुनने का विकल्प था, जिनमें से हरेक में कई होटल के कमरे दिख रहे थे. जैसे ही कोई मेहमान अपना की-कार्ड डालकर बिजली की सप्लाई चालू करता, वे दिखने लगते. लाइव स्ट्रीम को शुरू से पीछे ले जाकर देखना और पुराने क्लिप्स को डाउनलोड करना भी मुमकिन था.

चीन में प्रतिबंधित लेकिन अवैध गतिविधियों के लिए आमतौर पर इस्तेमाल किए जाने वाले, टेलीग्राम, पर एकेए इन लाइव स्ट्रीम का विज्ञापन करता था.

हमारी जांच के दौरान एक टेलीग्राम चैनल में 10,000 तक सदस्य मिले. उसके एडिट किए गए लाइव स्ट्रीम क्लिप्स की लाइब्रेरी भी एक तय फ़ीस पर टेलीग्राम पर उपलब्ध है. मैंने आर्काइव में 6,000 से अधिक वीडियो देखे, जो 2017 तक के थे.

एकेए के सब्सक्राइबर्स टेलीग्राम के चैनल पर कमेंट करते हैं. वहां वे अनजाने होटल मेहमानों को देखते हुए- उनके लुक्स के बारे में टिप्पणी करते हैं, उनकी बातचीत के बारे में गप मारते हैं, और उनके यौन प्रदर्शन का आकलन करते हैं.

जब कोई जोड़ा यौन संबंध बनाना शुरू करता है तो वे जश्न मनाते हैं- और अगर वे लाइट बंद कर देते हैं, जिससे अंधेरा हो जाता है, तो वे शिकायत करते हैं. महिलाओं को अक्सर ‘स्लट’, ‘होर’ और ‘बिच’ जैसे शब्दों से संबोधित किया जाता है.

सब्सक्राइबर्स, सोशल मीडिया यूज़र्स और हमारी अपनी रिसर्च से मिले कई सुरागों को जोड़कर, हम मध्य चीन के जंग्जौ के एक होटल के कमरे में एक स्पाई-कैम का पता लगाने में कामयाब रहे. ज़मीनी स्तर पर शोधकर्ताओं ने उस कमरे तक पहुंच बनाई और पाया कि बिस्तर की ओर फ़ोकस किया गया कैमरा दीवार की वेंटिलेशन यूनिट में छिपा हुआ था और उसे बिल्डिंग की बिजली सप्लाई से जोड़ा गया था.

ऑनलाइन उपलब्ध एक हिडन-कैमरा डिटेक्टर भी इस फ़िल्मिंग को नहीं पकड़ पाया. इस डिटेक्टर को होटल मेहमानों के लिए ‘ज़रूरी चीज़’ बताकर खूब बेचा जाता है.

टीम ने गुप्त कैमरे को बंद कर दिया और यह ख़बर टेलीग्राम पर तेजी से फैल गई. एकेए द्वारा संचालित मुख्य चैनल पर एक सब्सक्राइबर ने लिखा, ‘झोंगहुआ (कैमरे का नाम) हटा दिया गया है!’

एकेए ने चैट में जवाब दिया, “बड़े अफसोस की बात है; उस कमरे की साउंड क्वालिटी सबसे अच्छी थी!”

लेकिन शिकायतें तब जश्न में बदल गईं जब कुछ ही घंटों के भीतर एकेए ने पोस्ट किया कि दूसरे होटल में एक नया कैमरा चालू कर दिया गया है. एकेए ने अपने सब्सक्राइबर्स से कहा, “हमारे लाइव स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म की रफ़्तार काबिले-तारीफ़ है ना?”

सेल्स एजेंट्स की लंबी चेन

बीबीसी की टीम ने एक होटल के कमरे में छुपाए गए कैमरे को ढूंढ निकाला

अपनी 18 महीने की जांच के दौरान हमने एकेए जैसे करीब एक दर्जन एजेंटों की पहचान की. सब्सक्राइबर्स के साथ उनकी बातचीत से यह साफ़ हो गया कि वे सप्लाई चेन में ऊपर बैठे लोगों के लिए काम कर रहे थे, जिन्हें वे ‘कैमरा मालिक’ कहते थे.

एजेंटों की टिप्पणियों से संकेत मिला कि ये लोग ही जासूसी कैमरे लगवाने का इंतज़ाम करते थे और लाइव स्ट्रीमिंग प्लेटफ़ॉर्म संभालते थे.

एकेए के साथ हमारी सीधी बातचीत के दौरान, उसने गलती से एक ऐसे व्यक्ति के मैसेज का स्क्रीनशॉट साझा कर दिया जिसे उसने ‘कैमरा मालिक’ बताया था. इसके प्रोफाइल का नाम ‘ब्रदर चुन’ था.

एकेए ने तुरंत वह मैसेज डिलीट कर दिया और उस पर चर्चा करने से मना कर दिया, लेकिन हम ‘ब्रदर चुन’ से सीधा संपर्क करने में कामयाब रहे.

हमारे पास इस बात के सबूत थे कि उसने एकेए को लाइव स्ट्रीमिंग वेबसाइट मुहैया कराई थी, फिर भी ब्रदर चुन ने दावा किया कि वह सिर्फ़ एक सेल्स एजेंट है. हालांकि उसने यह स्वीकार किया कि यह सप्लाई चेन उनके जैसे लोगों से भी आगे तक फैली हुई है.

एक बात साफ़ है कि इस सबसे काफ़ी पैसा कमाया जा रहा है. चैनल की सदस्यता और सब्सक्राइबर्स की फ़ीस के आधार पर, बीबीसी का अनुमान है कि अकेले एकेए ने पिछले अप्रैल से कम से कम 22,000 अमेरिकी डॉलर कमाए हैं. चीन के सांख्यिकी ब्यूरो के अनुसार, पिछले साल चीन में औसत वार्षिक आय 6,200 अमेरिकी डॉलर थी.

चीन में जासूसी कैमरों (स्पाई-कैम्स) को बेचने और उनके इस्तेमाल को लेकर सख्त नियम हैं, लेकिन देश के सबसे बड़े इलेक्ट्रॉनिक्स बाज़ार हुआचियांगबेइ में हमें इन्हें ख़रीदना काफ़ी आसान लगा.

चीन में स्पाई-कैम पोर्न के लिए कितने लोगों को अदालतों में पेश किया गया है, इसके सटीक आंकड़े मिलना मुश्किल है. चीनी अधिकारियों ने हाल के वर्षों में कानूनी मामलों के बहुत कम विवरण साझा किए हैं. लेकिन हमें जो मामले मिले वे उत्तर में जिलिन प्रांत से लेकर सुदूर दक्षिण में गुआंगडोंग तक, पूरे चीन में फैले हुए थे.

टेलीग्रामः न जवाब दिया, न कार्रवाई की

एरिक और एमिली सार्वजनिक स्थानों पर हमेशा टोपी पहनते हैं ताकि कहीं कोई उन्हें पहचान न ले और होटलों में रुकने से बचने की कोशिश करते हैं

हांगकांग स्थित एनजीओ ‘रेनलिली’ पीड़ितों को इंटरनेट से चोरी-छिपे फिल्माए गए अश्लील फ़ुटेज हटाने में मदद करता है. इससे जुड़ी ब्लू ली कहती हैं कि उनके समूह की सेवाओं की मांग बढ़ रही है, लेकिन यह काम और भी कठिन होता जा रहा है.

वह कहती हैं कि टेलीग्राम रेनलिली के मैसेज या वीडियो हटाने के अनुरोधों का कभी जवाब नहीं देता, जिससे उन्हें ग्रुप एडमिनिस्ट्रेटर से संपर्क करने के लिए मजबूर होना पड़ता है. ये वही लोग हैं जो स्पाई-कैम पोर्नोग्राफी बेच रहे हैं या साझा कर रहे हैं. और उनके पास जवाब देने की कोई ख़ास वजह नहीं होती.

ली कहती हैं, “हमारा मानना है कि इन समस्याओं से निपटने में तकनीकी कंपनियों की बड़ी ज़िम्मेदारी है. क्योंकि ये कंपनियां कोई न्यूट्रल प्लेटफॉर्म नहीं हैं; उनकी नीतियां ही यह तय करती हैं कि सामग्री कैसे फैलेगी.”

बीबीसी ने खुद टेलीग्राम को उसके रिपोर्ट फंक्शन के ज़रिए बताया कि एकेए, ब्रदर चुन और उनका ग्रुप अपने प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्पाई-कैम पोर्न साझा कर रहे थे. लेकिन टेलीग्राम ने कोई जवाब नहीं दिया और न ही कोई कार्रवाई की.

10 दिन बाद बीबीसी ने पूरी जांच के निष्कर्षों के साथ दोबारा संपर्क किया.

इस बार टेलीग्राम ने बताया, “बिना सहमति के पोर्नोग्राफी साझा करना टेलीग्राम की सेवा की शर्तों के तहत साफ़ तौर पर प्रतिबंधित है और टेलीग्राम सक्रिय रूप से निगरानी करता है… हर दिन (अनुचित कंटेंट की) रिपोर्ट स्वीकार कर लाखों हानिकारक सामग्रियों को हटाता है.”

हमने औपचारिक रूप से ब्रदर चुन और एकेए के सामने अपने निष्कर्ष रखे कि वे अनजान होटल मेहमानों का शोषण करके मुनाफ़ा कमा रहे थे. उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया, लेकिन कुछ घंटों बाद वे टेलीग्राम अकाउंट, जिनका उपयोग वे सामग्री का विज्ञापन करने के लिए करते थे, हटा दिए गए.

हालांकि, वह वेबसाइट जिसका एक्सेस एकेए ने मुझे बेचा था, अब भी होटल मेहमानों की लाइव स्ट्रीमिंग कर रही है.

एरिक और एमिली अपने अनुभव से अब भी सदमे में हैं. वे सार्वजनिक स्थानों पर हमेशा टोपी पहनते हैं ताकि कहीं कोई उन्हें पहचान न ले और होटलों में रुकने से बचने की कोशिश करते हैं.

एरिक का कहना है कि वह अब पोर्न देखने के लिए इन टेलीग्राम चैनलों का उपयोग नहीं करता है, लेकिन फिर भी वह कभी-कभी उन्हें चेक करता है, इस डर से कि कहीं वह क्लिप दोबारा सामने न आ जाए.

अतिरिक्त रिपोर्टिंग- केट ब्राउन, ब्रिजेट विंग और मेंग्यू डॉंग

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

SOURCE : BBC NEWS