Source :- LIVE HINDUSTAN
कंपनी ने अपने IPO का प्राइस बैंड ₹116 से ₹122 प्रति शेयर तय किया है। इस इश्यू के जरिए कंपनी कुल ₹254.98 करोड़ जुटाने का लक्ष्य रख रही है। इसमें ₹178.73 करोड़ का फ्रेश इश्यू शामिल है, जिसके तहत 1.47 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे।
Rajputana Stainless IPO: स्टेनलेस स्टील उत्पाद बनाने वाली कंपनी राजपुताना स्टेनलेस अपना इनिशियल पब्लिक ऑफर यानी IPO लेकर आ रही है। कंपनी ने अपने IPO का प्राइस बैंड ₹116 से ₹122 प्रति शेयर तय किया है। इस इश्यू के जरिए कंपनी कुल ₹254.98 करोड़ जुटाने का लक्ष्य रख रही है। इसमें ₹178.73 करोड़ का फ्रेश इश्यू शामिल है, जिसके तहत 1.47 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि ₹76.25 करोड़ का ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा। OFS के तहत प्रमोटर शेयरधारक शंकरलाल दीपचंद मेहता अपनी हिस्सेदारी का कुछ भाग बेचेंगे।
कब से खुलेगा IPO
कंपनी का आईपीओ 9 मार्च 2026, सोमवार को खुलेगा और 11 मार्च 2026, बुधवार को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए बोली एक दिन पहले यानी 6 मार्च को खुलेगी। शेयरों का अलॉटमेंट 12 मार्च को फाइनल होने की उम्मीद है। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 16 मार्च 2026 को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और BSE पर होने की संभावना है।
क्या है डिटेल
लॉट साइज की बात करें तो निवेशक कम से कम 110 शेयरों के एक लॉट के लिए बोली लगा सकते हैं। ऊपरी प्राइस बैंड ₹122 के हिसाब से रिटेल निवेशकों को कम से कम ₹13,420 का निवेश करना होगा। कंपनी ने कुल नेट ऑफर का 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIBs) के लिए, 15 प्रतिशत नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NIIs) के लिए और 35 प्रतिशत रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित किया है। इस इश्यू के रजिस्ट्रार केफिन टेक्नोलॉजीज हैं, जबकि बुक रनिंग लीड मैनेजर की भूमिका निर्भय कैपिटल सर्विसेज निभा रहा है।
कंपनी का कारोबार
कंपनी के कारोबार की बात करें तो राजपूताना स्टेनलेस “RSL” ब्रांड नाम से लंबे और फ्लैट स्टेनलेस स्टील प्रोडक्ट्स बनाती है। इसके उत्पादों में बिलेट्स, फोर्जिंग इंगॉट्स, रोल्ड ब्लैक बार, रोल्ड ब्राइट बार, फ्लैट और पट्टी समेत कई सहायक उत्पाद शामिल हैं। कंपनी के ग्राहक सीमलेस पाइप, एयरोस्पेस, ऑटोमोबाइल, ऑयल एंड गैस, डिफेंस, एविएशन और प्रिसीजन इंजीनियरिंग जैसे कई बड़े सेक्टरों से जुड़े हैं।
कंपनी की योजना
IPO से जुटाई गई रकम में से ₹18.57 करोड़ का उपयोग गुजरात के पंचमहल जिले में स्थित मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के विस्तार और प्रोडक्ट पोर्टफोलियो के विविधीकरण के लिए किया जाएगा। इसके अलावा ₹98 करोड़ का इस्तेमाल कंपनी अपने कुछ कर्ज को चुकाने या प्री-पेमेंट के लिए करेगी। बाकी राशि सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए खर्च की जाएगी। वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो सितंबर 2025 तक के छह महीने में कंपनी ने ₹501.52 करोड़ का रेवेन्यू और ₹24.40 करोड़ का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का कुल रेवेन्यू ₹932.15 करोड़ रहा, जो पिछले साल के ₹909.80 करोड़ से 2.4 प्रतिशत ज्यादा है। EBITDA 24.2 प्रतिशत बढ़कर ₹73.78 करोड़ पर पहुंच गया, जबकि शुद्ध मुनाफा 26 प्रतिशत की बढ़त के साथ ₹39.85 करोड़ रहा। इन आंकड़ों से साफ है कि कंपनी मुनाफे में लगातार सुधार कर रही है, जो निवेशकों के लिए एक अहम संकेत माना जा सकता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



