Source :- LIVE HINDUSTAN
सिग्नेचर ग्लोबल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 31 मार्च 2026 तक कंपनी का कर्ज 200 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 31 मार्च 2025 को 880 करोड़ रुपये था। सिग्नेचर ग्लोबल के शेयर की बात करें तो 820.30 रुपये पर है।
रियल एस्टेट कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल लिमिटेड का बेहतर कैश फ्लो के कारण वित्त वर्ष 2025-26 में नेट डेब्ट यानी कर्ज 77 प्रतिशत घटकर 200 करोड़ रुपये रह गया। सिग्नेचर ग्लोबल लिमिटेड द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 31 मार्च 2026 तक कंपनी का कर्ज 200 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 31 मार्च 2025 को 880 करोड़ रुपये था। कंपनी ने कहा कि 31 मार्च 2026 तक उसके पास 2,770 करोड़ रुपये की नकदी और नकदी समकक्ष मौजूद हैं, जिससे उसका बही-खाता मजबूत बना हुआ है और भविष्य की योजनाओं के लिए बेहतर स्थिति तैयार हुई है।
क्या कहा कंपनी के चेयरमैन?
कंपनी के चेयरमैन प्रदीप कुमार अग्रवाल ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने संतुलित और अनुशासित वृद्धि पर ध्यान दिया, जिसके परिणामस्वरूप कर्ज ऐतिहासिक रूप से निचले स्तर पर आ गया और परिचालन प्रदर्शन स्थिर रहा। बिक्री के मोर्चे पर कंपनी की बुकिंग वित्त वर्ष 2025-26 में 20 प्रतिशत घटकर 8,220 करोड़ रुपये रह गई, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 10,290 करोड़ रुपये थी। कंपनी ने इस दौरान 2,114 मकान बेचे, जबकि 2024-25 में यह संख्या 4,130 थी।
शेयर का परफॉर्मेंस
सिग्नेचर ग्लोबल लिमिटेड के शेयर की बात करें तो 820.30 रुपये पर है। बीते शुक्रवार को शेयर का इंट्रा-डे हाई 836.80 रुपये था। 2 अप्रैल 2026 को शेयर 706.05 रुपये पर था। यह शेयर के 52 हफ्ते का लो है। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 1,309.90 रुपये है। अब सोमवर को कंपनी के शेयर फोकस में रहेंगे।
बिक्री बुकिंग में गिरावट
वित्त वर्ष 2025-26 में सिग्नेचर ग्लोबल लिमिटेड की बिक्री बुकिंग 20 प्रतिशत घटकर 8,220 करोड़ रुपये रही। वहीं, चौथी तिमाही में बिक्री बुकिंग (प्री-सेल्स) 5 प्रतिशत घटकर 1,540 करोड़ रुपये रह गई। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी की बिक्री बुकिंग 1,620 करोड़ रुपये थी। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में उसकी बिक्री बुकिंग 20 प्रतिशत घटकर 8,220 करोड़ रुपये रह गई, जो 2024-25 में 10,290 करोड़ रुपये थी।
वित्त वर्ष 2025-26 की शुरुआत में सिग्नेचर ग्लोबल ने 12,500 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग हासिल करने का लक्ष्य रखा था। हालांकि, तीसरी तिमाही के बाद कंपनी ने कहा था कि गुरुग्राम के आवासीय बाजार में मांग नरम पड़ने के कारण वह यह लक्ष्य हासिल नहीं कर पाएगी।
कैसे रहे तिमाही नतीजे
रियल एस्टेट कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल ने कम आय के कारण अक्टूबर-दिसंबर 2025 में 45.33 करोड़ रुपये का घाटा दर्ज किया। कंपनी ने अक्टूबर-दिसंबर 2024 में 29.13 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। चालू वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी (अक्टूबर-दिसंबर) तिमाही में कुल आय घटकर 312.76 करोड़ रुपये रह गई, जो गत वित्त वर्ष 2024-25 की समान अवधि में 862.14 करोड़ रुपये थी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



