Home व्यापार समाचार 50% तक टूटी है चांदी, सोने के दाम में भी भारी गिरावट,...

50% तक टूटी है चांदी, सोने के दाम में भी भारी गिरावट, अब आगे क्या करें निवेशक- समझें

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Gold Silver Price: सोना-चांदी जैसे कीमती धातुओं में बीते कुछ दिनों से जोरदार गिरावट देखने को मिल रही है, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई है।

Gold Silver Price: सोना-चांदी जैसे कीमती धातुओं में बीते कुछ दिनों से जोरदार गिरावट देखने को मिल रही है, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज सोने का भाव ₹1,38,411 प्रति 10 ग्राम पर खुला और कारोबार के दौरान गिरकर ₹1,36,762 के स्तर तक पहुंच गया। इस तरह सोने में करीब 2% की इंट्राडे गिरावट देखी गई। वहीं, चांदी की कीमतों में और तेज गिरावट आई। MCX पर चांदी ₹9,474 यानी 4.21% टूटकर ₹2,15,693 प्रति किलोग्राम पर आ गई थीं।

गिरावट की वजह

इस गिरावट की बड़ी वजह मजबूत होता अमेरिकी डॉलर माना जा रहा है। डॉलर के मजबूत होने से सोना-चांदी जैसे कमोडिटी निवेश कम आकर्षक हो जाते हैं। इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतें 110 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बनी हुई हैं, जिससे महंगाई और ब्याज दरों को लेकर चिंता बढ़ी है। ऐसे माहौल में निवेशक सुरक्षित रणनीति अपनाते हुए मुनाफा निकालने लगे हैं।

30% तक टूटा है सोना

अगर पिछले कुछ महीनों पर नजर डालें तो सोने ने 29 जनवरी 2026 को करीब 1.93 लाख रुपये का रिकॉर्ड स्तर छुआ था, लेकिन वहां से अब तक इसमें लगभग 30% की गिरावट आ चुकी है। इसी तरह चांदी भी अपने ऑल टाइम हाई से 50% से ज्यादा टूट चुकी है। यानी हालिया गिरावट सिर्फ एक-दो दिन की नहीं बल्कि बड़े करेक्शन का हिस्सा है।

आज का भाव

राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने की कीमतों में चार दिन से जारी गिरावट का सिलसिला टूट गया और इसके भाव 1,200 रुपये बढ़कर 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए। वहीं चांदी की कीमतें 2.30 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर बनी रहीं। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी है। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत सोमवार को 1,43,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर बंद हुई थी। कारोबारियों ने घरेलू सोने की कीमतों में आए इस उछाल का श्रेय वैश्विक जिंस बाजारों में आये सुधार और हाल ही में कीमतों में आई भारी गिरावट के बाद निचले स्तर पर हुई कुछ खरीदारी को दिया। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोना 9 सत्रों की गिरावट के बाद संभला और 16.96 डॉलर या 0.38 प्रतिशत बढ़कर 4,423.83 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 1.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ 69.86 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

क्या कहते हैं जानकार

विशेषज्ञों का मानना है कि यह गिरावट पूरी तरह से ट्रेंड बदलने का संकेत नहीं है, बल्कि एक करेक्शन है। हाल की तेजी के बाद मुनाफावसूली, बढ़ती ब्याज दरें और मजबूत डॉलर ने दबाव बनाया है। हालांकि बाजार में ओवरसोल्ड स्थिति बन रही है, जिससे आने वाले दिनों में हल्की रिकवरी भी देखने को मिल सकती है।

निवेशकों के लिए सलाह

निवेशकों के लिए सलाह यह है कि घबराने की जरूरत नहीं है। अगर आप मीडियम या लॉन्ग टर्म के निवेशक हैं, तो गिरावट पर धीरे-धीरे खरीदारी करना बेहतर रणनीति हो सकती है। लेकिन एक साथ पैसा लगाने के बजाय किस्तों में निवेश करें, क्योंकि बाजार में अभी भी उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN