Source :- LIVE HINDUSTAN
हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी के तिमाही नतीजों में ब्याज और डेप्रिसिएशन लागत में कमी के कारण मुनाफे में सुधार दिखा।कंपनी ने अपने कर्ज कम करने के प्रयासों को जारी रखा, जिससे कुल कर्ज घटकर लगभग ₹20 बिलियन रह गया।
HCC Share price: बाजार में बढ़त के बीच शुक्रवार को निर्माण कंपनी हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (एचसीसी) के शेयर में बड़ी गिरावट देखी गई। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यह शेयर 2.55% टूटकर 21.42 रुपये पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान शेयर की कीमत 22.55 रुपये से 20.98 रुपये के बीच थी। शेयर को लेकर एक्सपर्ट बुलिश हैं। आइए टारगेट प्राइस चेक करते हैं।
क्या है टारगेट प्राइस?
एलारा सिक्योरिटीज ने शेयर के लिए टारगेट प्राइस 30 रुपये दिया है। यह अभी की कीमत से 36% की बढ़त को दिखाता है। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 31.45 रुपये और 52 हफ्ते का लो 13.60 रुपये है। शेयर ने पिछले साल जून में 52 हफ्ते के हाई को टच किया था तो 52 हफ्ते का लो इस साल मार्च में था।
ब्रोकरेज ने क्या कुछ कहा?
ब्रोकरेज का कहना है कि हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी के तिमाही नतीजों में ब्याज और डेप्रिसिएशन लागत में कमी के कारण मुनाफे में सुधार दिखा। हालांकि, पिछली अवधियों में कम ऑर्डर मिलने, पुराने प्रोजेक्ट्स के पूरे होने और नए मिले प्रोजेक्ट्स के धीमे शुरू होने के कारण काम की गति धीमी रही। HCC ने अपने कर्ज कम करने के प्रयासों को जारी रखा, जिससे कुल कर्ज घटकर लगभग ₹20 बिलियन रह गया और FY27 से ब्याज लागत में कमी आने की उम्मीद है।
मैनेजमेंट भविष्य को लेकर सकारात्मक है। ब्रोकरेज ने कहा कि हमने FY27E/28E के लिए अपनी कमाई के अनुमानों को 16%/13% तक बढ़ा दिया है। हमने ‘Buy’ (खरीदें) की रेटिंग बरकरार रखी है, लेकिन राइट्स इश्यू के कारण शेयरों की संख्या बढ़ने की वजह से हमने टारगेट प्राइस को संशोधित करके ₹30 कर दिया है। पहले शेयर का टारगेट 35 रुपये का था। बता दें कि कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 16.72 फीसदी है। पब्लिक शेयरहोल्डिंग 83.28 फीसदी की है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे?
वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी का मुनाफा 34.56 प्रतिशत घटकर 59 करोड़ रुपये रह गया। वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा 90.08 करोड़ रुपये रहा था।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि तिमाही के दौरान कुल आय घटकर 1,017.51 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले की समान अवधि में 1,392.20 करोड़ रुपये थी। इस दौरान कंपनी का कुल व्यय घटकर 931.28 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 1,077.91 करोड़ रुपये था। समूचे वित्त वर्ष 2025-26 में एचसीसी का मुनाफा बढ़कर 165.52 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 112.63 करोड़ रुपये था।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



