Home व्यापार समाचार 3 या 4 मार्च… होली पर कब बंद रहेगा शेयर बाजार, ट्रेडिंग...

3 या 4 मार्च… होली पर कब बंद रहेगा शेयर बाजार, ट्रेडिंग से पहले जान लीजिए

22
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

हॉलीडे की वजह से इक्विटी सेगमेंट, इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट, करेंसी डेरिवेटिव सेगमेंट, एनडीएस-आरएसटी और ट्राई-पार्टी रेपो सेगमेंट में कारोबार पूरी तरह बंद रहेगा।

मार्च महीने की शुरुआत होने वाली है। मार्च के पहले हफ्ते में शेयर बाजार साप्ताहिक अवकाश के अलावा एक और दिन बंद रहेगा। स्टॉक एक्सचेंज की हॉलीडे लिस्ट के मुताबिक होली के अवसर पर 3 मार्च 2026, मंगलवार को शेयर बाजार में ट्रेडिंग नहीं होगी। हालांकि, रंगों वाली होली 4 मार्च 2026 को मनाई जाएगी।

मार्च में कितने दिन बंद है बाजार

मार्च 2026 में कुल तीन ट्रेडिंग हॉलिडे रहेंगे। पहला अवकाश 3 मार्च को होली के लिए, दूसरा 26 मार्च को श्री राम नवमी और तीसरा 31 मार्च को महावीर जयंती के अवसर पर रहेगा। हॉलीडे की वजह से इक्विटी सेगमेंट, इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट, करेंसी डेरिवेटिव सेगमेंट, एनडीएस-आरएसटी और ट्राई-पार्टी रेपो सेगमेंट में कारोबार पूरी तरह बंद रहेगा। बता दें कि साल 2026 के शुरुआती दो महीने में शेयर बाजार दो अवसरों पर बंद था। 15 जनवरी को बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC Election) चुनाव के कारण और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर बाजार में ट्रेडिंग नहीं हुई थी। जबकि ये सभी दिन वर्किंग डे के थे। ऐसे में अब 3 मार्च 2026 का अवकाश इस वर्ष का तीसरा बाजार अवकाश होगा।

आगे कब-कब बंद रहेगा बाजार

अप्रैल में 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे और 14 अप्रैल को डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर जयंती पर बाजार में ट्रेडिंग नहीं होगी। मई में 1 मई (महाराष्ट्र दिवस) और 28 मई (बकरीद) को अवकाश रहेगा। जून में 26 जून को मुहर्रम के मौके पर बाजार बंद रहने वाला है।

वहीं, जुलाई और अगस्त में कोई अवकाश निर्धारित नहीं है। सितंबर में 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी, अक्टूबर में 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती और 20 अक्टूबर को दशहरा के लिए बाजार बंद रहेगा। वर्ष के अंतिम अवकाशों में 10 नवंबर को दिवाली बलिप्रतिपदा, 24 नवंबर को गुरु नानक देव प्रकाश पर्व और 25 दिसंबर को क्रिसमस शामिल हैं।

शुक्रवार को बाजार का हाल?

कमजोर वैश्विक रुझानों, बढ़ते तनाव विदेशी पूंजी की ताजा निकासी के बीच शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक 961.42 अंक यानी 1.17 प्रतिशत लुढ़ककर 81,287.19 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह, एनएसई का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 317.90 अंक यानी 1.25 प्रतिशत गिरकर 25,178.65 अंक पर बंद हुआ।

सोमवार को बाजार में हलचल की आशंका

ग्लोबली तनाव बढ़ने से भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को हाहाकार मचने की आशंका है। बता दें कि अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर बड़ा हमला शुरू किया, जिसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी जनता से अपने भाग्य की बागडोर अपने हाथ में लेने और 1979 से देश पर शासन कर रहे इस्लामी नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह करने का आह्वान किया। ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में स्थित इजराइल और अमेरिका के सैन्य ठिकानों को मिसाइल और ड्रोन हमलों से निशाना बनाया।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN