Source :- LIVE HINDUSTAN
यह पब्लिक इश्यू 24 फरवरी, मंगलवार को खुलेगा और 26 फरवरी, गुरुवार को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए अलॉटमेंट 23 फरवरी को किया जाएगा। एक लॉट में 32 शेयर होंगे और निवेशक कम से कम एक लॉट के लिए आवेदन कर सकेंगे
PNGS Reva Diamond Jewellery IPO: अगर आप किसी आईपीओ में पैसे लगाने की सोच रहे हैं तो आपके लिए काम की खबर है। डायमंड ज्वेलरी ब्रांड PNGS रेवा डायमंड ज्वेलरी अपना IPO लेकर आ रहा है। कंपनी ने इसका प्राइस बैंड ₹367 से ₹386 प्रति शेयर तय किया है। यह पब्लिक इश्यू 24 फरवरी, मंगलवार को खुलेगा और 26 फरवरी, गुरुवार को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए अलॉटमेंट 23 फरवरी को किया जाएगा। एक लॉट में 32 शेयर होंगे और निवेशक कम से कम एक लॉट के लिए आवेदन कर सकेंगे। शेयरों की लिस्टिंग 4 मार्च को बीएसई और एनएसई पर होने की संभावना है। ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर ₹19 प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। यानी लिस्टिंग डे पर करीबन 5 पर्सेंट का मुनाफा हो सकता है।
₹380 करोड़ जुटाने की योजना
कंपनी इस आईपीओ के जरिए करीब ₹380 करोड़ जुटाने जा रही है। इसमें 98 लाख नए शेयर जारी किए जाएंगे और कोई ऑफर फॉर सेल (OFS) हिस्सा नहीं है। यानी पूरी रकम कंपनी के पास ही आएगी। रिटेल निवेशकों के लिए 10% तक हिस्सा आरक्षित है, जबकि 75% हिस्सा क्यूआईबी और 15% एनआईआई निवेशकों के लिए रखा गया है। इससे साफ है कि इश्यू में बड़े निवेशकों की मजबूत भागीदारी रहने की उम्मीद है।
कंपनी की योजना
कंपनी ने बताया है कि जुटाई गई रकम का बड़ा हिस्सा यानी लगभग ₹286.56 करोड़ 15 नए स्टोर खोलने में खर्च किया जाएगा। इसके अलावा ₹35.4 करोड़ मार्केटिंग और प्रमोशनल गतिविधियों पर लगाए जाएंगे। बाकी रकम सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए इस्तेमाल होगी। IPO का रजिस्ट्रार बिगशेयर सर्विसेज और स्मार्ट होराइजन कैपिटल एडवाइजर्स इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं।
कंपनी का कारोबार
2004 में स्थापित पीएनजीएस रेवा डायमंड ज्वैलरी ‘रेवा’ ब्रांड नाम से काम करती है। कंपनी डायमंड ज्वेलरी के साथ-साथ गोल्ड और प्लेटिनम में कीमती और अर्द्ध-कीमती रत्नों से सजे आभूषण बनाती और बेचती है। इसके प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में रिंग, ईयररिंग, नेकलेस, पेंडेंट, सॉलिटेयर, चूड़ियां, कंगन, मंगलसूत्र, नथ और चेन जैसे कई विकल्प शामिल हैं, जो शादी-ब्याह और खास मौकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए जाते हैं। कंपनी के मुताबिक, उसके 34 स्टोर महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक के 25 शहरों में मौजूद हैं। नए स्टोर खुलने से कंपनी की पहुंच और मजबूत होने की उम्मीद है। ज्वेलरी सेक्टर में ब्रांडेड खिलाड़ियों की मांग लगातार बढ़ रही है, ऐसे में निवेशकों की नजर इस आईपीओ पर टिकी रहेगी। अब देखना होगा कि लिस्टिंग के दिन यह शेयर बाजार में कैसी एंट्री करता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



