Source :- LIVE HINDUSTAN
इंडियन रेलवे ने 1 अप्रैल 2026 से टिकट कैंसिलेशन के नियम सख्त कर दिए हैं। अब 24 से 72 घंटे पहले कैंसिल करने पर 25% कटौती, 8 से 24 घंटे पहले 50% कटौती और 8 घंटे के अंदर कैंसिल करने पर कोई रिफंड नहीं मिलेगा। इन नए नियमों का सबसे ज्यादा असर आखिरी समय में प्लान बदलने वाले लोगों पर पड़ेगा।
अगर आप भी आखिरी समय पर ट्रेन टिकट कैंसिल करने की आदत रखते हैं, तो अब संभल जाइए। जी हां, क्योंकि इंडियन रेलवेज (Indian Railways) ने 1 अप्रैल 2026 से ऐसे नियम लागू कर दिए हैं, जो आपकी जेब पर सीधा असर डालेंगे। अब लेट कैंसिलेशन पर ज्यादा कटौती होगी और आपका पूरा पैसा भी डूब सकता है। आइए इसे एक उदाहरण के माध्यम से जरा विस्तार से समझते हैं।
मान लीजिए एक शख्स नई दिल्ली (New Delhi) से लखनऊ (Lucknow) के लिए 1,200 रुपये का कन्फर्म टिकट लिया है, लेकिन उसे सीट पसंद नहीं आई। वह सोचता है कि तत्काल टिकट (Tatkal Ticket) के जरिए एक दिन पहले नया टिकट ले लेगा और पुराना कैंसिल कर देगा। लेकिन, यहीं पर नया नियम उसे बड़ा झटका दे सकता है।
अब अगर शख्स 24 से 72 घंटे पहले टिकट कैंसिल करता है, तो उसे 25% पैसा गंवाना पड़ेगा। अगर वह 8 से 24 घंटे पहले कैंसिल करता है, तो 50% किराया कट जाएगा और अगर उसने ट्रेन छूटने से 8 घंटे के अंदर टिकट कैंसिल किया, तो उसे एक भी रुपया वापस नहीं मिलेगा, यानी जितनी देर करेंगे, उतना ज्यादा नुकसान होगा।
सोचिए अगर व्यक्ति ने 1,600 रुपये का तत्काल (Tatkal) टिकट ले लिया और फिर पुराना टिकट लेट कैंसिल किया, तो उसे पुराने टिकट के 1,200 रुपये में से आधा या पूरा पैसा भी गंवाना पड़ सकता है। मतलब बेहतर सीट के चक्कर में उसे डबल नुकसान हो सकता है।
रेल टिकट कैंसिलेशन नियम (1 अप्रैल 2026 से)
| रिफंड नियम | नया समय (1 अप्रैल 2026 से) | पुराना समय (31 मार्च 2026 तक) |
|---|---|---|
| कोई रिफंड नहीं | प्रस्थान से 8 घंटे से पहले | प्रस्थान से 4 घंटे से पहले |
| 50% कटौती | 8 से 24 घंटे पहले | 4 से 12 घंटे पहले |
| 25% कटौती | 24 से 72 घंटे पहले | 12 से 48 घंटे पहले |
| अधिकतम रिफंड | 72 घंटे से ज्यादा पहले | 48 घंटे से ज्यादा पहले |
ऊपर दिए गए चार्ट के मुताबिक अब अगर आप ट्रेन छूटने से 8 घंटे (पहले 4 घंटे था) के अंदर टिकट कैंसिल करते हैं, तो आपको कोई पैसा वापस नहीं मिलेगा। वहीं, 8 से 24 घंटे पहले कैंसिल करने पर अब 50% पैसा कटेगा। इसके अलावा 1 से 3 दिन पहले (24–72 घंटे) कैंसिल करने पर 25% कटेगा। अगर आप 3 दिन से पहले टिकट कैंसिल करते हैं, तो आपको ज्यादा से ज्यादा रिफंड मिलेगा।
इन नए नियमों का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ेगा, जो अक्सर अपनी यात्रा योजना बदलते रहते हैं, जैसे बिजनेस ट्रैवलर या वे परिवार जो पहले से टिकट बुक कर लेते हैं, लेकिन बाद में प्लान बदल जाता है। खासकर तत्काल (Tatkal) यूजर्स के लिए यह और महंगा साबित हो सकता है, क्योंकि वे पहले ही ज्यादा किराया देते हैं।
अब समझदारी इसी में है कि जैसे ही आपका प्लान बदले, तुरंत टिकट कैंसिल कर दें, बिना जरूरत के एक से ज्यादा टिकट बुक करने से बचें और भविष्य में अगर ट्रैवल इंश्योरेंस जैसे विकल्प मिलें, तो उन्हें जरूर देखें। अब ट्रेन टिकट में लापरवाही नहीं, टाइमिंग ही आपकी बचत तय करेगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



