Source :- LIVE HINDUSTAN
Holi Special Suji Mawa Gujiya: अगर आप भी होली के लिए सूजी मावे की गुजिया बनाने की सोच रही हैं, तो ये रेसिपी फॉलो कर सकती हैं। इससे एकदम परफेक्ट गुजिया बनेंगी। अंदर की स्टफिंग मुंह में घुल जाएगी तो वहीं बाहर से ये एकदम खस्ता और कुरकुरी बनेंगी।
होली का त्यौहार हो और गुजिया की बात ना हो, ऐसा भला कैसे हो सकता है। बाहर से खस्ता और अंदर से मुंह में घुलने वाली स्टफिंग ही गुजिया को परफेक्ट बनाती हैं। यूं तो गुजिया प्योर मावे से बनती है, जिसमें ड्राई फ्रूट्स भी एड किए जाते हैं। लेकिन खूब सारी गुजिया बना रही हैं तो मावे में सूजी भी मिला सकती हैं। इससे मावा भी कम लगेगा और गुजिया और भी ज्यादा टेस्टी हो जाएगी। सूजी गुजिया की स्टफिंग को दानेदार बनाती है, जो खाने में काफी अच्छी लगती है। अगर आप भी होली के लिए सूजी मावे की गुजिया बनाने की सोच रही हैं, तो ये रेसिपी फॉलो कर सकती हैं। इससे एकदम परफेक्ट गुजिया बनेंगी। अंदर की स्टफिंग मुंह में घुल जाएगी तो वहीं बाहर से ये एकदम खस्ता और कुरकुरी बनेंगीं। आइए शेफ पारुल की रेसिपी जानते हैं।
सूजी मावे की गुजिया बनाने की सामग्री
सूजी मावे की गुजिया बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- मैदा (2 कप), नमक (चुटकी भर), शुद्ध देसी घी (4 चम्मच), ड्राई फ्रूट्स (काजू, बादाम, किशमिश, पिस्ता), सूजी (2 चम्मच), नारियल का बुरादा (2 चम्मच) मावा (200 ग्राम), इलायची पाउडर (आधा चम्मच), केसर के धागे, चीनी पाउडर (5 चम्मच), तलने के लिए तेल या घी।
होली स्पेशल सूजी मावा गुजिया बनाने की विधि
होली पर सूजी और मावे की गुजिया बना हैं तो स्टफिंग बनाने और आटा गूंथने के लिए ये रेसिपी फॉलो कर सकती हैं। सबसे पहले तो गुजिया का आटा लगाकर रख लें। इसके लिए एक परात में मैदा लें, उसमें चुटकी भर नमक मिलाएं। फिर थोड़ा सा देसी घी का मोयन लगाकर आटे को मसलते हुए गूंथें। थोड़ा-थोड़ा पानी एड करें और एक सख्त सा आटा लगाकर तैयार कर लें। अब इसे 20-25 मिनट रेस्ट करने के लिए छोड़ दें।
गुजिया की स्टफिंग बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में देसी घी गर्म करें और फिर उसमें कटे हुए ड्राई फ्रूट्स (काजू, बादाम, पिस्ता, किशमिश) डालकर भून लें। जैसे ही ये सुनहरे हो जाएं इनमें सूजी और नारियल का बुरादा मिक्स करें। सभी चीजों को रोस्ट करें, जब तक सूजी अच्छी तरह ना भून जाए। इसके बाद सारे मिक्स को किसी कटोरी में निकाल लें।
अब पैन में मावा (खोया) को थोड़ी देर भून लें। फिर जैसे ही ये ठंडा हो जाएगा ये बिखरने लगेगा। इसमें सूजी वाला मिक्सचर एड करें, खुशबू के लिए इलायची पाउडर मिलाएं, चीनी का पाउडर (बूरा) एड करें। चाहें तो कुछ केसर के धागे भी मिला सकती हैं। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर दें। स्टफिंग बनकर तैयार है।
अब आटे को हल्के हाथों से दोबारा गूंथ लें। छोटी-छोटी लोई बनाकर बेल लें। इन्हें सांचे में रखें और गुजिया की स्टफिंग भर दें। चारों तरफ उंगली से पानी लगा लें, इससे गुजिया खुलेगी नहीं। अच्छे से दबाकर गुजिया भर दें। फिर कढ़ाही में देसी घी या तेल गर्म करें और गुजिया को गोल्डन होने तक फ्राई कर लेंं। एकदम खस्ता, कुरकुरी हलवाई जैसी गुजिया बनकर तैयार होगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



