Home  लाइफस्टाइल समाचार होली स्पेशल: तलते वक्त तेल में फट जाती हैं गुजिया तो जान...

होली स्पेशल: तलते वक्त तेल में फट जाती हैं गुजिया तो जान लें ये 5 टिप्स, बनेंगी हलवाई जैसी खस्ता!

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

गुजिया बनाते हुए अक्सर गृहणियों की शिकायत रहती है कि उनकी गुजिया तेल में खुल जाती है, जिससे बाकी गुजिया भी खराब हो जाती हैं। कई बार गुजिया बिल्कुल नर्म बनती हैं, जो बिल्कुल भी टेस्टी नहीं लगतीं। तो चलिए परफेक्ट गुजिया बनाने की कुछ टिप्स देख लेते हैं।

होली का त्योहार आते ही घरों में गुजिया बनाने की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। बिना गुजिया के तो होली का त्योहार ही अधूरा लगता है। खैर, पारंपरिक रूप से गुजिया की स्टफिंग मावा और ड्राई फ्रूट्स से बनाई जाती है। कुछ लोग साथ में थोड़ी सी सूजी भी एड करते हैं, जिससे दानेदार टेक्सचर आता है। लेकिन गुजिया बनाते हुए अक्सर गृहणियों की शिकायत रहती है कि उनकी गुजिया तेल में खुल जाती है, जिससे बाकी गुजिया भी खराब हो जाती हैं। कई बार गुजिया बिल्कुल नर्म बनती हैं, जो बिल्कुल भी टेस्टी नहीं लगतीं। दरअसल इसके पीछे छोटी-छोटी सी गलतियां कारण बनती हैं। आटा लगाते हुए, गुजिया फ्राई करते हुए अगर आप ये बातें ध्यान नहीं देतीं, तभी ये सारी दिक्कतें आती हैं। तो चलिए परफेक्ट गुजिया बनाने की कुछ टिप्स देख लेते हैं।

टिप 1: मोयन के लिए ठंडे घी का इस्तेमाल करें

खस्ता हलवाई स्टाइल गुजिया बनाने का सीक्रेट है इसका आटा। अगर मोयन ठीक से लगाया है तो गुजिया बिल्कुल परफेक्ट बनती हैं और टूटती भी नहीं। कुछ लोग रिफाइंड तेल का मोयन लगाते हैं, जिससे गुजिया जल्दी खराब भी हो जाती है और खस्ता भी नहीं बनती। इसलिए हमेशा देसी घी का मोयन लगाएं और ठंडे घी का इस्तेमाल करें। ठंडे फैट से गुजिया बिल्कुल खस्ता बनकर तैयार होती हैं।

टिप 2: हमेशा सख्त आटा लगाएं

गुजिया के लिए हमेशा सख्त आटा लगाएं। अगर आपका आटा सॉफ्ट रहेगा तो गुजिया तलने पर इसमें बबल बनेंगे और इनके फटने का भी डर रहेगा। आटा लगाकर लगभग 20-30 मिनट के लिए रेस्ट दें। इस दौरान आटे पर एक गीला कपड़ा ढककर रखें। अगर आटा सख्त रहेगा तो गुजिया ज्यादा तेल भी नहीं पीएंगी।

टिप 3: गर्म मावे में चीनी ना मिलाएं

मावे की स्टफिंग बनाने के लिए पहले इसे घी में हल्का सा रोस्ट कर लें। जब ये ठंडा हो जाए उसके बाद ही ड्राई फूट्स, नारियल का बुरादा, सूजी और चीनी पाउडर मिलाएं। अगर आप गर्म मावे में ही चीनी मिला देंगी तो मिक्सचर पतला हो जाएगा, जिससे गुजिया के फटने का डर रहता है।

टिप 4: गुजिया को सही शेप दें

गुजिया बनाते हुए बहुत ज्यादा फिलिंग ना भरें। ज्यादा स्टफिंग की वजह से ही गुजिया के फटने का डर रहता है। सबसे पहले लोई बेलें, फिर इसके किनारों पर उंगली से हल्का सा पानी लगा दें, थोड़ी सी स्टफिंग भरें और मशीन या हाथों की मदद से गुजिया को शेप दें। गुजिया बनती जाएं तो इनपर एक गीला कपड़ा ढककर रखें, ताकि ये सख्त ना हो जाएं। इससे भी इनके फटने और नर्म बनने का चांस रहता है।

टिप 5: गुजिया तलने का सही तरीका जानें

गुजिया हमेशा धीमी आंच पर ही तलनी चाहिए। तेल ज्यादा गर्म होना तो गुजिया बाहर से जल जाएंगी और अंदर से कच्ची रह जाएंगी। गर्म तेल में ही गुजिया के फटने का डर भी रहता है। मोटी तले की कढ़ाही यूज करेंगी तो गुजिया जल्दी नहीं जलेगी। इसके अलावा ध्यान रखें कि गुजिया को तेल में डालने के तुरंत बाद ही ना हिलाएं, इससे भी गुजिया फट सकती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN