Source :- LIVE HINDUSTAN
होली कुछ दिन में आने वाली है। अगर रंगों का ये त्योहार आपका भी फेवरेट है तो आपको उन जगहों के बारे में जरूर जानना चाहिए जहां पर होली खास अंदाज में मनाई जाती है। नीचे 10 ऐसी जगहों के बारे में बता रहे हैं जहां होली का जश्न मजेदार होता है।
होली साल का पहला सबसे बड़ा त्योहार है। जिसका इंतजार सभी बेसब्री से करते हैं। रंगोत्सव से पहले ही इसकी तैयारियां हर तरफ जोरों शोरों से होने लगती हैं, बाजार रंग और पिचकारी से गुलजार हो जाते हैं और घरों में भी तरह-तरह के पकवान बनने लगते हैं। वैसे तो होली दुनियाभर में खूब जोरों-शोरों से मनाई जाती है। लेकिन कुछ जगहों का होली सेलिब्रेशन बहुत खास होता है। यहां 10 जगहों के बारे में बता रहे हैं जहां होली का जश्न मजेदार होता है।
होली सेलिब्रेशन के लिए 10 बेस्ट जगह
1) मथुरा- मथुरा भगवान कृष्ण की जन्मभूमि है। होली पर यहां विशाल जुलूस निकलता है और एक हफ्ते तक होली उत्सव आयोजित किया जाता है। इसके अलावा मथुरा के वृंदावन, बरसाना और नंदगांव में भी होली की खास धूम होती है, जिसे देखने बहुत दूर-दूर से लोग आते हैं।
2) जयपुर और उदयपुर- रॉयल होली सेलिब्रेशन देखने के लिए ये दोनों जगह बेस्ट हैं। उदयपुर में मेवाड़ राजपरिवार सिटी पैलेस में भव्य होलिका दहन जुलूस का निकालते हैं जो देखने लायक होता है।
3) दिल्ली- दिल्ली की होली भी काफी मजेदार होती है। पुरानी दिल्ली की गलियों से लेकर फार्म हाउस तक में होली को शानदार तरीके से मनाया जाता है। होली पर डीजे पार्टी का मजा लेना है तो यहां जाएं।
4) आनंदपुर साहिब, पंजाब- यहां पर इस त्योहार को होला मोहल्ला के रूप में मनाया जाता है, जिसमें सिख मार्शल आर्ट, घुड़सवारी और नकली लड़ाइयों का प्रदर्शन किया जाता है।
5) मणिपुर- याओसांग के नाम से जाना जाने वाला यह 6 दिन का उत्सव है जिसमें पारंपरिक थाबल चोंगबा लोक डांस शामिल होता हैं।
6) पुष्कर- राजस्थान के पुष्कर में ट्रान्स म्यूजिक और ट्रेडिशनल लोक संगीत के मिक्स के साथ एक बेहतरीन टाउन स्क्वायर पार्टी होती है। जिसे देखने विदेशी भी पहुंचते हैं। अगर आप अलग अंदाज वाली होली एंजॉय करना चाहते हैं तो यहां जाएं।
7) गोवा- गोवा में होली को शिग्मो उत्सव के साथ मिलाया जाता है, जो झांकियों और लोक डांस वाला एक स्ट्रीट कार्निवल है।
8) शांतिनिकेतन (वेस्ट बंगाल)- शांतिनिकेतन में होली को बसंत उत्सव के रूप में मनाया जाता है। इस दौरान बच्चे पीले रंग के कपड़े पहनते हैं और मनमोहक डांस के साथ त्योहार मनाते हैं।
9) ऋषिकेश- उत्तराखंड के ऋषिकेश में होली को गंगा नदी के किनारे मनाया जाता है। इस उत्सव को मनाने में अक्सर ढोल वादन और योग साधनाएं शामिल होती हैं।
10) मुंबई- मुबई की होली भी खास होती है। यहां पर बॉलीवुड स्टाइल सेलिब्रेशन होता है, जिसमें रंगों के अलावा रेन डांस भी शामिल होता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


