Source :- LIVE HINDUSTAN
भागदौड़ भरी जिंदगी में फिटनेस का सपना देखने वाले लोगों के लिए ‘AI’एक ‘शॉर्टकट’ बनकर उभर रहा है। मोबाइल की स्क्रीन पर आपका एक क्लिक आपको वेट लॉस के लिए लो कैलोरी डाइट चार्ट तो दे सकता है लेकिन क्या यह वाकई आपकी शरीर की जरूरतों को भी अच्छी तरह समझता है।
भागदौड़ भरी जिंदगी में फिटनेस का सपना देखने वाले लोगों के लिए ‘AI’एक ‘शॉर्टकट’ बनकर उभर रहा है। मोबाइल की स्क्रीन पर आपका एक क्लिक आपको वेट लॉस के लिए लो कैलोरी डाइट चार्ट तो दे सकता है लेकिन क्या यह वाकई आपकी शरीर की जरूरतों को भी अच्छी तरह समझता है। व्यस्त जीवनशैली की वजह से आज ज्यादातर लोग एक जादुई गणित की तलाश में अपनी सेहत की चाबी मशीनों के हवाले कर रहे हैं। AI बेशक आपको चंद सेकंड्स में एक ‘परफेक्ट’ डाइट चार्ट तो थमा सकता है, लेकिन वह उस मशीन की तरह है जिसे आपकी समस्या तो पता है, लेकिन आपके पसंदीदा स्वाद, आपकी सांस्कृतिक जड़ें और आपके बदलते मूड से अनजान है। असल में , वजन घटाना सिर्फ कैलोरी के बढ़ने-घटने तक ही सीमित नहीं होता है, बल्कि यह आपके शरीर और मन का एक अनूठा तालमेल भी है। जब हम एआई के बताए कठोर ढांचों पर चलते हैं, तो अक्सर हम अपने पोषण की जगह अपनी सहजता खो देते हैं। एक स्क्रीन यह नहीं जान सकती कि आज आप कितनी थकान महसूस कर रहे हैं या आज आपका मन मां के हाथ का बना खाना खाने का कर रहा है।
सीके बिड़ला अस्पताल (दिल्ली) की आंतरिक चिकित्सक डॉ. मनीषा अरोड़ा कहती हैं कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) धीरे-धीरे वेलनेस और फिटनेस इंडस्ट्री का हिस्सा बनता जा रहा है। कैलोरी गिनने वाले ऐप्स, पर्सनलाइज्ड वर्कआउट प्लान और चैट के जरिए मिलने वाली डाइट से जुड़ी सलाह- लोगों को वेट लॉस में मदद करने के लिए बनाए गए हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या इन ऐप्स और डाइट प्लान पर पूरी तरह भरोसा करना सुरक्षित है?
वेट लॉस के लिए कैसे काम करते हैं AI टूल्स
AI आधारित टूल्स आमतौर पर आपकी उम्र, वजन, लंबाई, शारीरिक गतिविधि, नींद और खाने की आदतों जैसी जानकारी का विश्लेषण करके आपके लिए डाइट प्लान बनाते हैं, रोजाना की कैलोरी तय करते हैं और एक्सरसाइज रूटीन सुझाते हैं। अगर समझदारी से इनका इस्तेमाल किया जाए तो ये टूल्स जागरूकता बढ़ाते हैं, नियमितता बनाए रखने में मदद करते हैं और प्रगति को ट्रैक करने का आसान तरीका देते हैं। रिसर्च बताती है कि नियमित फीडबैक और जवाबदेही स्वस्थ आदतों को लंबे समय तक बनाए रखने में मदद करती है। डॉ. मनीषा अरोड़ा कहती हैं कि बावजूद इसके सुरक्षा इस बात पर निर्भर करती है कि आप इसका इस्तेमाल कैसे करते हैं।
वजन कम करने के लिए AI यूज करने के नुकसान
AI आपकी पूरी मेडिकल हिस्ट्री को तब तक अच्छी तरह नहीं समझ सकता, जब तक उसे सही तरीके से जोड़ा और विशेषज्ञों द्वारा देखा न जाए। थायरॉयड, पीसीओएस, डायबिटीज, हार्मोनल असंतुलन या दिल से जुड़ी समस्याओं जैसी स्थितियों में डॉक्टर की निगरानी जरूरी होती है। कई बार एल्गोरिदम बहुत कम कैलोरी या बहुत कठिन एक्सरसाइज की सलाह दे सकता है, जो हर व्यक्ति के लिए सही नहीं होती। इससे थकान, मांसपेशियों की कमी, पोषक तत्वों की कमी या गलत खानपान की आदतें विकसित हो सकती हैं।
डेटा प्राइवेसी
डेटा प्राइवेसी भी एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। कई AI हेल्थ ऐप्स आपकी निजी और स्वास्थ्य से जुड़ी संवेदनशील जानकारी इकट्ठा कर लेते हैं। ऐसे में व्यक्ति को चाहिए कि उनकी प्राइवेसी पॉलिसी को ध्यान से पढ़कर यह सुनिश्चित करें कि आपका डेटा सुरक्षित है या नहीं।
सलाह
AI को यूज करने का सबसे सुरक्षित तरीका यह है कि AI को डॉक्टर के विकल्प की जगह एक सहायक उपकरण की तरह ही इस्तेमाल करें। अच्छी सेहत के लिए योग्य डॉक्टर, डाइटीशियन या फिटनेस विशेषज्ञ की सलाह के साथ मिलकर AI आपकी प्रगति पर नजर रखने, पैटर्न समझने और अनुशासन बनाए रखने में मदद कर सकता है।
अच्छी बात यह है कि आने वाले समय में AI मेटाबॉलिक हेल्थ को बेहतर तरीके से समझने और पहले से बीमारी की पहचान करने में सक्षम हो सकता है। लेकिन स्थायी और सुरक्षित वजन घटाना डिजिटल सलाह पर नहीं बल्कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और लंबे समय तक अपनाई गई स्वस्थ आदतों पर ही निर्भर करता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



