Source :- LIVE HINDUSTAN
न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह के अनुसार रात के एक से तीन बजे के बीच अगर पेशाब लगने की वजह से आपकी नींद खुलती है, तो ये बिल्कुल भी नॉर्मल नहीं है, बल्कि ये हमारे शरीर के अंदर हो रहे बदलाव से जुड़ा एक छोटा संकेत हो सकता है।
कई लोगों की आदत होती है कि वो रात में बार-बार उठकर पेशाब के लिए जाते हैं। अक्सर हम इस बात को नॉर्मल मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन क्या वाकई में यह नॉर्मल बात है? सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह के अनुसार रात में उठकर पेशाब के लिए जाना नॉर्मल नहीं है। खासतौर पर रात के एक से तीन बजे के बीच अगर पेशाब लगने की वजह से आपकी नींद खुलती है, तो ये बिल्कुल भी नॉर्मल नहीं है, बल्कि ये हमारे शरीर के अंदर हो रहे बदलाव से जुड़ा एक छोटा संकेत हो सकता है। अगर आप भी रोज 1 से 3 बजे के बीच उठ रहे हैं, तो इसे अनदेखा करने के बजाय अपने शरीर के लक्षणों को समझने की कोशिश करें, और इससे छुटकारा पाने के उपाय करें। चलिए जानते हैं न्यूट्रिशनिस्ट के मुताबिक रात में पेशाब के लिए नींद खुलने की वजह क्या है और इससे छुटकारा कैसे पा सकते हैं।
रात 1 से 3 बजे का समय होता है खास
श्वेता शाह बताती हैं कि आयुर्वेद के अनुसार रात 1 बजे से 3 बजे के बीच का समय लिवर के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण माना जाता है। इस दौरान शरीर खुद को डिटॉक्स करने की प्रक्रिया में रहता है। ऐसे में अगर कोई व्यक्ति इस समय बार-बार उठता है तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि लिवर पर ज्यादा दबाव है या शरीर को आराम की जरूरत है।
किन कारणों से होती है यह समस्या
न्यूट्रीशनिस्ट के अनुसार अगर रात में एक से तीन बजे के बीच आपकी नींद खुलती है तो इसके कई कारण हो सकते हैं। जैसे- अगर आप दिनभर ज्यादा चाय या कॉफी पीते हैं, तो उसमें मौजूद कैफीन भी रात में बार-बार पेशाब आने की वजह बन सकता है। इसके अलावा ज्यादा नमक खाना भी शरीर के संतुलन को प्रभावित कर सकता है। साथ ही हार्मोनल बदलाव, खासकर महिलाओं में मेनोपॉज के दौरान भी ऐसी समस्या पैदा हो सकती है।
कैसे पाएं इस समस्या से निजात
श्वेता कहती हैं कि अगर आपको रात में उठकर पेशाब जाने की समस्या है, तो इससे निजात पाने के लिए आप रात में सोने से पहले कुछ समय तक अपने पैरों को नमक मिले गुनगुने पानी में डुबोकर रखें। इससे नर्वस सिस्टम को आराम मिलता है और शरीर शांत होता है। दूसरा उपाय यह है कि आप एक टेबल स्पून धनिया और एक टेबल स्पून सौंफ को लेकर 100ml पानी में उबाल लें फिर इस पानी को पीएं। इससे भी बॉडी बैलेंस रहती है। इसके अलावा श्वेता शाह यह भी सलाह देती हैं कि शरीर को शांत रखने और हारमोंस को बैलेंस में रखने के लिए नियमित तौर पर भ्रामरी प्राणायाम करना चाहिए।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


