Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/03/21/1200x900/Salman_Salim_1774104997095_1774105003742.jpgSalman Khan and Salim Khan: सलमान खान ने एक सोशल मीडिया पोस्ट करते हुए अपने फैंस को ईद की शुभकामनाएं दी हैं। सलमान खान ने जो वीडियो पोस्ट किया है उसमें उनके साथ उनके पिता सलीम खान भी नजर आ रहे हैं।
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने अपने करोड़ों फैंस और फॉलोअर्स को इस बार थोड़ा अलग अंदाज में ईद की मुबारकबाद दी। सलमान खान बालकनी में इस बार अकेले नहीं थे, बल्कि उनके पिता सलीम खान और बाकी पूरा परिवार भी उनके साथ मौजूद था। सलमान खान के पिता बीते कुछ वक्त से अपनी सेहत के चलते सुर्खियों में रहे हैं। आज ईद के मौके पर सलमान खान ने अपने पिता और परिवार के बाकी लोगों के साथ गैलेक्सी अपार्टमेंट से अपना यह वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लोगों को ईद की मुबारकबाद दी है।
सलमान खान ने लिखा- पापा घर वापस आ गए हैं!
सलमान खान ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा- ईद मुबारक, शुक्रिया आप सभी के आशीर्वाद के लिए, पापा घर वापस आ गए हैं। करीब एक महीने तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद सलीम खान पहली बार पब्लिकली नजर आए। अपने बेटों सलमान, अरबाज और सोहेल खान के साथ उन्होंने फैंस का प्यार स्वीकार किया। सलीम खान की एक झलक पाकर वहां मौजूद ढेरों फैंस की फिक्र दूर हो गई, जो उनकी सेहत को लेकर काफी समय से परेशान थे। सलमान खान ने जो वीडियो पोस्ट किया है, उसमें आप सलमान खान की मां, भाई अरबाज और बहन को भी बैकग्राउंड में देख सकते हैं। सामने सलमान खान के भांजे-भांजी भी उनके साथ हैं।
सलीम खान को देखकर फैंस ने ली राहत की सांस
सलीम खान की सेहत को लेकर बीते कुछ हफ्तों से तमाम तरह की खबरें आ रही थीं, जिससे फैंस डरे हुए थे। डॉक्टरों के मुताबिक उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ था, जिसका इलाज किया गया और एहतियात के तौर पर उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर भी रखा गया था। पिछले हफ्ते ही अस्पताल से डिस्चार्ज हुए सलीम खान का इस तरह मुस्कुराते हुए फैंस के सामने आना किसी तोहफे से कम नहीं था। सलमान खान को उनके पिता के साथ गैलेक्सी अपार्टमेंट की खिड़की पर देखकर फैंस का भी जैसे दिन बन गया, कमेंट सेक्शन में उन्होंने अपने इमोशन्स साझा किए हैं।
बुलेटप्रूफ ग्लास के पीछे से सलमान ने किया वेव
सुरक्षा के लिहाज से इस साल सलमान खान का अंदाज थोड़ा बदला हुआ था। उनके घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के बाद, इस बार सलमान ने अपनी बालकनी में सुरक्षा के लिए लगाए गए बुलेटप्रूफ ग्लास के पीछे से फैंस को फ्लाइंग किस दिए और हाथ हिलाया। भारी सुरक्षा के बीच भी भाईजान का अपने फैंस के लिए यह प्यार देखकर भीड़ बेकाबू हो गई। गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फैंस घंटों से अपने चहेते सितारे की एक झलक पाने का इंतजार कर रहे थे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



