Source :- LIVE HINDUSTAN
Aloo Bhindi Masala Recipe: भिंडी की सब्जी तो काफी सारे लोगों को पसंद आती है। लेकिन बच्चे इस सब्जी को नहीं खाना चाहते तो जरा शेफ कुनाल कपूर की बताई इस रेसिपी से बनाकर खिलाएं। रोटी और पराठे दोनों के साथ स्वाद जबरदस्त लगेगा।
भिंडी और आलू की सब्जी वो ट्रेडिशनल खाना है जो हर कोई गर्मियों में खाता आ रहा। आजकल के बच्चे इन सब्जियों से दूर भागते हैं लेकिन अगर आप इसे उन्हीं ट्रेडिशनल और एथेंटिक मां के स्वाद के साथ बनाएंगी तो जरूर पसंद आएगी। जैसे शेफ कुनाल कपूर ने अपने मां की आलू भिंडी मसाला की रेसिपी को शेयर किया है। जिसे आप ट्राई करें और बच्चों को जरूर खिलाएं। तो बस नोट कर लें ये आसान सी शेफ की बताई हुई आलू भिंडी मसाला की रेसिपी।
आलू भिंडी मसाला की सामग्री
सरसों का तेल 5 चम्मच
सूखी लाल मिर्च दो से तीन
हींग आधा चम्मच
जीरा एक चम्मच
हरी मिर्च दो
अदरक बारीक कटा हुआ दो चम्मच
आलू मीडियम साइज के दो
नमक स्वादानुसार
भिंडी आधा किलो
अमचूर पाउडर
लाल मिर्च पाउडर
धनिया पाउडर दो चम्मच
जीरा पाउडर दो चम्मच
काला नमक
प्याज मीडियम साइज में कटे हुए
देसी घी
कसूरी मेथी एक चुटकी
आलू भिंडी मसाला बनाने की रेसिपी
- कड़ाही में सरसों का तेल डालकर गर्म करें। जब एक बार ये गर्म हो जाए तो गैस की फ्लेम को धीमा कर दें। जिससे कि तेल थोड़ा ठंडा हो जाए।
- अब इसमे सूखी लाल मिर्च, हींग जीरा डालें। फिर हरी मिर्च को बीच से काटकर डाल दें। साथ में बारीक किए अदरक को भी डालकर चला लें।
- कटे हुए आलूओं को डालें और साथ में थोड़ा सा नमक डालकर पकाएं। इसे ढंक दें लेकिन बीच-बीच में चेक करते रहें। एक बार ये आलू थोड़ा गोल्डन होकर हल्के से पकने लगे तो इसमे कटी हुआ भिंडियों को डाल दें।
- बगैर ढंके पकाएं और ऊपर नीचे चलाते रहें।
- आठ से दस मिनट तक ऐसे ही पकाना है।
- फिर इसमे हल्दी, लाल मिर्च, धनिया, जीरा पाउडर डालें। साथ में अमचूर और काला नमक भी डाल दें। अच्छी तरह से मिक्स करें।
- किसी दूसरे पैन में देसी घी गर्म कर उसमे प्याज को भूनें और इसे कैरेमेलाइज्ड करने के लिए थोड़ा सा नमक डाल दें। इसे सब्जी में मिक्स करें, जिससे सब्जी का टेस्ट बढ़ जाए।
- ऊपर से चुटकीभर कसूरी मेथी और ताजी धनिया की पत्तियां डालें। मिक्स करें और दो से तीन मिनट ढंककर पकाएं।
- गैस की फ्लेम को बंद कर दें। बस तैयार है गर्मागर्म आलू भिंडी मसाला इसे रोटी या पराठे के साथ सर्व करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


