Source :- LIVE HINDUSTAN
तारिक रहमान और बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त प्रणय वर्मा के बीच हुई बैठक के बाद प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार ने दोनों देशों के बीच संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया है।
बीते साल भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव बढ़ने के बाद अब ढाका भारत संग संबंध सुधारने में जुटा हुआ है। इस कड़ी में बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान मंगलवार को भारत पहुंच रहे हैं। इससे पहले बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने सोमवार को भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा से मुलाकात भी की है। अब इस मुलाकात के बाद तारिक रहमान के सलाहकार ने भारत और बांग्लादेश के रिश्तों को लेकर बड़ा बयान दिया है। इस दौरान उन्होंने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का भी जिक्र किया।
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कबीर ने एक बयान में शेख हसीना का नाम लेकर कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध किसी एक व्यक्ति पर आधारित नहीं होने चाहिए, बल्कि इससे आगे बढ़कर होने चाहिए। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश भारत के साथ एक नया रिश्ता बनाना चाहता है। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि अब बांग्लादेश की राजनीति में शेख हसीना का कोई महत्व नहीं रह गया है।
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में बांग्लादेश में हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना को पद और देश दोनों छोड़ना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने भारत में शरण ली है। बांग्लादेश कई बार शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर चुका है। अब शेख हसीना को लेकर बांग्लादेश का यह बयान कई सवाल खड़े करता है।
हुमायूं कबीर ने पत्रकारों से कहा, “बांग्लादेश और भारत के बीच यह एक नया रिश्ता है। अब बांग्लादेश में हसीना की अवामी लीग जैसी कोई चीज नहीं है। हसीना का अब कोई अस्तित्व नहीं है। राजनीतिक रूप से तो उनकी मृत्यु बहुत पहले ही हो चुकी है।” वहीं भारत के साथ लोगों से लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करने के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच लगातार बातचीत कई पुरानी चुनौतियों को हल करने में मदद कर सकती है।
इससे पहले बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने सोमवार को भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा से मुलाकात की थी। ढाका में हुई इस अहम बैठक के दौरान भारतीय उच्चायुक्त ने बांग्लादेश के साथ साझा हितों पर आधारित ‘सकारात्मक’, ‘रचनात्मक’ और जन-केंद्रित संबंधों को आगे बढ़ाने की भारत की मंशा जताई है। भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में बताया कि बैठक के दौरान वर्मा और रहमान ने दोनों देशों की राष्ट्रीय विकास प्राथमिकताओं के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में जन-केंद्रित सहयोग पर ध्यान देते हुए द्विपक्षीय सहभागिता पर चर्चा की। भारतीय उच्चायुक्त ने यह भी कहा कि भारत बांग्लादेश के साथ मिलकर काम करने को तैयार है। उन्होंने कहा, ”सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्योन्मुखी दृष्टिकोण अपनाते हुए और आपसी हित और लाभ के आधार पर बांग्लादेश की सरकार और जनता के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



