Home व्यापार समाचार विजय केडिया के पास इस कंपनी के 1 करोड़ से ज्यादा शेयर,...

विजय केडिया के पास इस कंपनी के 1 करोड़ से ज्यादा शेयर, कंपनी को भूटान में मिला बड़ा काम

16
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पटेल इंजीनियरिंग को भूटान स्थित दोर्जीलुंग हाइड्रो पावर लिमिटेड से 230 करोड़ रुपये का एक प्रोजेक्ट मिला है। कंपनी को एक दिन पहले हिमाचल प्रदेश में 910 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट मिला है। विजय केडिया का कंपनी पर बड़ा दांव है।

सिविल कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी पटेल इंजीनियरिंग को दनादन दो ऑर्डर मिले हैं। पटेल इंजीनियरिंग को दो दिन में यह 2 ऑर्डर मिले हैं। कंपनी ने बताया है कि उसे भूटान स्थित दोर्जीलुंग हाइड्रो पावर लिमिटेड से 230 करोड़ रुपये का एक प्रोजेक्ट मिला है। पटेल इंजीनियरिंग ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि प्रोजेक्ट के पैकेज 1 में भूटान में 1125 मेगावॉट वाले दोर्जीलुंग हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट के प्री-कंस्ट्रक्शन का काम शामिल है। शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक विजय केडिया का पटेल इंजीनियरिंग पर बड़ा दांव है।

पटेल इंजीनियरिंग को जारी हुआ लेटर ऑफ अवॉर्ड
दोर्जीलुंग हाइड्रो पावर लिमिटेड (DHPL), ड्रुक ग्रीन पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (DGPC) भूटान और टाटा पावर कंपनी लिमिटेड का ज्वाइंट वेंचर है। दोर्जीलुंग हाइड्रो पावर लिमिटेड ने पैकेज 1 के लिए पटेल इंजीनियरिंग को लेटर ऑफ अवॉर्ड जारी कर दिया है। दोर्जीलुंग हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट भूटान के एनर्जी सेक्टर में एक ऐतिहासिक पहल है और यह पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत भूटान का सबसे बड़ा हाइड्रो प्रोजेक्ट है।

हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन से मिला है 910 करोड़ रुपये का काम
इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी पटेल इंजीनियरिंग ने गुरुवार को एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसे प्रतिष्ठित रेणुका जी बांध प्रोजेक्ट (पैकेज-1) के लिए हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड से लेटर ऑफ अवॉर्ड (LoA) मिला है। इस प्रोजेक्ट की वैल्यू 910.08 करोड़ रुपये है। इससे पहले, पटेल इंजीनियरिंग को इस प्रोजेक्ट के लिए लोएस्ट बिडर (L1) घोषित किया गया था। यह प्रोजेक्ट हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की रेणुका तहसील के ददाहू गांव में स्थित है। इस प्रोजेक्ट को 30 महीने के भीतर पूरा किया जाना है।

विजय केडिया ने खरीद रखे हैं 1 करोड़ से ज्यादा शेयर
दिग्गज निवेशक विजय केडिया का पटेल इंजीनियरिंग पर बड़ा दांव है। विजय केडिया के पास पटेल इंजीनियरिंग के 1,00,25,099 शेयर हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी में केडिया की हिस्सेदारी 1.01 पर्सेंट है। विजय केडिया ने अपनी इनवेस्टमेंट इकाई केडिया सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड के जरिए पटेल इंजीनियरिंग पर दांव लगाया हुआ है। इसके अलावा, बैंक ऑफ बड़ौदा के पास भी पटेल इंजीनियरिंग के 99,75,000 शेयर हैं।

6 महीने में 35% से ज्यादा टूट गए हैं पटेल इंजीनियरिंग के शेयर
पटेल इंजीनियरिंग के शेयर पिछले कुछ समय से दबाव में हैं। कंपनी के शेयर पिछले 6 महीने में 35 पर्सेंट से अधिक लुढ़क गए हैं। पटेल इंजीनियरिंग के शेयर 22 सितंबर 2025 को 38.96 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 20 मार्च 2026 को 24.91 रुपये पर बंद हुए हैं। पिछले एक साल में कंपनी के शेयरों में 40 पर्सेंट से अधिक की गिरावट देखने को मिली है। अगर पिछले 5 साल की बात करें तो कंपनी के शेयरों में 128 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN