Home राष्ट्रीय समाचार वाराणसी: गंगा में नाव पर इफ़्तार में चिकन बिरयानी खाने के आरोप...

वाराणसी: गंगा में नाव पर इफ़्तार में चिकन बिरयानी खाने के आरोप में 14 गिरफ़्तार

17
0

Source :- BBC INDIA

पुलिस के साथ खड़े 14 युवक

इमेज स्रोत, Sushant Mukharjee

3 घंटे पहले

पढ़ने का समय: 4 मिनट

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा नदी में एक नाव पर इफ़्तार पार्टी के दौरान मांस खाने और हड्डियां नदी में फेंकने के आरोप में 14 युवकों को गिरफ़्तार किया गया है.

वाराणसी के कोतवाली थाने को सोमवार को मिली एक शिकायत के आधार पर एक अज्ञात के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई थी, जिसके बाद ये कार्रवाई की गई है.

ये शिकायत वाराणसी में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने दी थी.

इस मामले में एफ़आईआर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, धार्मिक स्थलों में बाधा डालने, विभाजनकारी और सरकारी आदेश की अवहेलना से जुड़ीं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की 298, 299, 196 (1) (बी), 270, 279, 223 (बी) से जुड़ी धाराओं के तहत दर्ज की गई है.

इस मामले में जल (प्रदूषण का निवारण और नियंत्रण) अधिनियम, 1974 की धारा 24 को भी जोड़ा गया है.

बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने 14 युवकों की गिरफ़्तारी की पुष्टि की है.

पुलिस ने क्या बताया?

एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह

इमेज स्रोत, Sushant Mukharjee

एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने मीडिया को बताया, “सोमवार 16 मार्च को एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें कुछ लोग मां गंगा के पवित्र जल में एक बोट में इफ़्तार पार्टी करते नज़र आ रहे हैं. इस वीडियो में कुछ ऐसा लग रहा है कि चिकन बिरयानी का सेवन किया जा रहा है.”

“इस संबंध में हमें जानकारी मिली तो तुरंत एक शिकायत के आधार पर एक मुक़दमा दर्ज किया गया. इसमें कई टीमें बनाई गईं और अभी तक 14 लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ़्तार किया गया है. बाकी लोगों की भी तलाश की जा रही है.”

विजय प्रताप सिंह ने कहा कि वीडियो में युवकों की पहचान और टीमों की कार्रवाई के बाद इतनी गिरफ़्तारियां हुई हैं.

शिकायतकर्ता ने क्या कहा?

वाराणसी में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष रजत जायसवाल

इमेज स्रोत, Sushant Mukharjee

वाराणसी में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष रजत जायसवाल के कोतवाली थाने में एफ़आईआर दर्ज कराने के बाद यह कार्रवाई की गई है.

रजत जायसवाल ने आरोप लगाया, “कुछ मुस्लिम युवकों द्वारा बिंदू माधव धरहरा मंदिर के सामने गंगाजी में इफ़्तार पार्टी के नाम पर नॉनवेज खाया गया है.”

“बिंदू माधव धरहरा को आलमगीर मस्जिद बताया गया जबकि उसका नाम आलमगीर मस्जिद नहीं है. मुस्लिम युवकों द्वारा जिस तरह से मांस का सेवन किया गया है ये सनातन धर्म के अनुयायियों को बर्दाश्त नहीं है. हम इसका सख़्त विरोध करते हैं.”

“इसको लेकर हमने प्रशासन को एक शिकायत दी थी जिस पर कार्रवाई की जा रही है. वीडियो सबूत हमने प्रशासन को दिया है जिसमें साफ़-साफ़ दिख रहा है कि वो नॉनवेज खा रहे हैं, और गंगाजी में उस पार जाकर उन्होंने हड्डियां फेंकी हैं. इसमें जो भी दोषी होगा उसके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी.”

नाव पर रोज़ा इफ़्तार करने की वाराणसी के अंजुमन इन्तेज़ामिया मसाजिद के संयुक्त सचिव एसएम यासीन ने निंदा की है.

उन्होंने कहा कि आज (मंगलवार) पता चला कि कुछ युवा नाव पर रोज़ा इफ्तार कर रहे थे, इस्लाम में इसके लिए कहीं जगह नहीं है और इफ़्तार एक शुद्ध धार्मिक कार्य है, जो कि कोई पिकनिक नहीं है. इफ़्तार के बाद तुरंत मग़रिब की नमाज़ ज़रूरी है.

इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया, “बेशक मुसलमानों का शोषण करने के लिए इनके ख़िलाफ़ एफ़आईआर हुई है, इसमें कोई दो राय नहीं है.”

(अतिरिक्त रिपोर्टिंग सुशांत मुखर्जी)

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

SOURCE : BBC NEWS