Source :- LIVE HINDUSTAN
टेक्समैको रेल एंड इंजीनियरिंग लिमिटेड और रेल विकास निगम लिमिटेड ने एक ज्वाइंट वेंचर बनाया है। यह वेंचर भारत और अन्य देशों में अपग्रेडेड रेल वाहन, उनके मेंटेनेंस, एसेट मैनेजमेंट के साथ बड़े पैमाने पर मैन्युफैक्चरिंग और पूरी तरह तैयार परियोजनाओं पर काम करेगा।
रेलवे से जुड़ी दो कंपनियां- टेक्समैको रेल एंड इंजीनियरिंग लिमिटेड और रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) ने एक ज्वाइंट वेंचर बनाया है। यह वेंचर भारत और अन्य देशों में अपग्रेडेड रेल वाहन, उनके मेंटेनेंस, एसेट मैनेजमेंट के साथ बड़े पैमाने पर मैन्युफैक्चरिंग और पूरी तरह तैयार परियोजनाओं पर काम करेगा। बता दें कि दोनों कंपनियां शेयर बाजार में लिस्टेड हैं।
क्या है कंपनी का प्लान?
एक संयुक्त बयान में कहा गया कि यह साझेदारी दोनों कंपनियों की ताकत को मिलाकर ऐसे रेल सॉल्यूशन देगी, जो अपग्रेडेड इंजीनियरिंग, कम लागत और उच्च गुणवत्ता वाले होंगे। यह वेचंर घरेलू अवसरों के अलावा एशिया, अफ्रीका और पश्चिम एशिया में भी रेल मैन्युफैक्चरिंग और इंफ्रा प्रोजेक्ट्स पर काम करेगा। टेक्समैको रेल एंड इंजीनियरिंग के प्रबंध निदेशक सुदीप्त मुखर्जी ने कहा- यह सहयोग इनोवेशन को गति देगा, निर्यात प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूत करेगा और वैश्विक रेल मैप पर भारत की स्थिति को सुदृढ़ करेगा। रेल विकास निगम लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक सलीम अहमद ने कहा- यह ज्वाइंट वेंचर केवल एक व्यवसायिक सहयोग नहीं बल्कि नेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर को आगे बढ़ाने का एक रणनीतिक मंच है। यह टेक्नोलॉजी अपनाने और वैश्विक परियोजनाओं में भागीदारी के जरिए लॉन्ग टर्म प्रॉफिट पैदा करेगा।
सार्वजनिक क्षेत्र की नवरत्न कंपनी रेल विकास निगम रेल मंत्रालय के अधीनस्थ है और पिछले दो दशक से रेलवे से जुड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को अंजाम देती रही है। इसने अब तक 157 परियोजनाओं को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा है। मौजूदा समय में यह 10 शहरों में मेट्रो परियोजानाओं का काम कर रही है।
रेल विकास निगम की कमान
हाल ही में रेल विकास निगम के मैनेजमेंट में भी बदलाव हुआ है। नवनियुक्त अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सलीम अहमद ने पदभार ग्रहण कर लिया। अहमद के पास सिविल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में 33 साल से अधिक का अनुभव है। रेल विकास निगम से जुड़ने से पहले वह सरकारी निर्माण कंपनी एनबीसीसी (इंडिया) में परियोजना निदेशक थे। पूर्व में वह दिल्ली मेट्रो रेल निगम के कार्यकारी निदेशक रह चुके हैं और मुंबई पोर्ट ट्रस्ट के साथ भी काम कर चुके हैं। बड़े बहुआयामी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में उनका लंबा अनुभव रहा है और पुलों, सुरंगों तथा आवासीय एवं वाणिज्यिक भवनों के निर्माण में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। उन्होंने साल 1990 में दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से सिविल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की।
शेयर का हाल
टेक्समैको रेल एंड इंजीनियरिंग लिमिटेड के शेयर की बात करें तो शुक्रवार को यह 52 हफ्ते के लो पर आ गया। यह शेयर 110.90 रुपये के स्तर तक आ गया। शेयर की क्लोजिंग 111.35 रुपये पर हुई थी। रेल विकास निगम के शेयर की बात करें तो 1.76% बढ़कर 312.15 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। शेयर का ट्रेडिंग रेंज 314 रुपये से 303 रुपये के बीच था। अब दोनों कंपनियों के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



