Home खेल समाचार रिकर्व में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद कंपाउंड महिला टीम ने स्वर्ण जीतकर...

रिकर्व में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद कंपाउंड महिला टीम ने स्वर्ण जीतकर साख बचाई

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

भारत की ज्योति सुरेखा वेन्नम, मधुरा धामनगांवकर और प्रगति की कंपाउंड महिला तिकड़ी ने शनिवार को मैक्सिको में तीरंदाजी विश्व कप के पहले चरण में अमेरिका को 233-232 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया।

भारत की ज्योति सुरेखा वेन्नम, मधुरा धामनगांवकर और प्रगति की कंपाउंड महिला तिकड़ी ने शनिवार को मैक्सिको में तीरंदाजी विश्व कप के पहले चरण में अमेरिका को 233-232 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया।

भारत को मिला उसका पहला पदक

यह इस सत्र की शुरुआती प्रतियोगिता में भारत का पहला पदक है, जो बड़ी राहत बनकर आया, क्योंकि रिकर्व और पुरुषों के कंपाउंड वर्ग के कोई भी तीरंदाज अपने लक्ष्य को भेद नहीं पाए और खाली हाथ लौटे। भारत की नजर एक और पदक पर लगी है, जिसमें ओजस देवतले और प्रगति आज कंपाउंड मिश्रित टीम के कांस्य पदक के लिए मुकाबला करेंगे।

रिकर्व वर्ग में लगी हताशा

रिकर्व वर्ग का कोई भी प्रतिभागी पदक दौर तक नहीं पहुंच पाया, जिसमें पूर्व ओलंपियन तरुणदीप राय, अतनु दास, धीरज बोम्मादेवरा और दीपिका कुमारी शामिल हैं। भारतीय तीरंदाज प्री-क्वार्टरफाइनल से आगे नहीं बढ़ पाए। दास और धीरज अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों से हारकर बाहर हो गए। पुरुषों की रिकर्व टीम ने 10वीं वरीयता के साथ क्वालिफाई किया था, लेकिन वह पहले ही दौर में स्पेन से सीधे सेटों में हार कर बाहर हो गई। महिलाओं की रिकर्व टीम ने पहले दौर की बाधा तो पार कर ली, लेकिन क्वार्टरफाइनल में तुर्की के हाथों हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गई।

महिलाओं के रिकर्व वर्ग में भी नहीं मिला पदक

महिलाओं के व्यक्तिगत रिकर्व वर्ग में भारत की सबसे सफल तीरंदाज दीपिका दूसरे दौर में ही हार गईं, जबकि अंकिता भगत, सिमरनजीत कौर और कुमकुम मोहद एक दौर और आगे बढ़ीं, लेकिन तीसरे दौर में बाहर हो गईं।

मिश्रित टीम ने भी किया निराशाजनक प्रदर्शन

भारत की मिश्रित टीम (धीरज और कुमकुम) का प्रदर्शन भी बेहद निराशाजनक रहा, जो ब्राजील से हारकर पहले ही दौर में बाहर हो गई।

बेहद कड़ा रहा महिला कंपाउंड टीम का मुकाबला

इन तमाम निराशाजनक प्रदर्शनों के बाद भारत की निगाहें आज के मुकाबले में लगी थी जहां भारतीय महिला कपांउड टीम ने अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया और भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। महिलाओं की टीम के स्वर्ण पदक के लिए हुआ मुकाबला बेहद रोमांचक और उतार-चढ़ाव भरा रहा। भारत ने शुरुआती बढ़त गंवा दी और दूसरे और तीसरे एंड के बाद क्रमशः 114-117 और 173-174 से पीछे चल रहा था। हालांकि, अंतिम एंड में उन्होंने संयम बनाए रखा और छह सटीक निशाने लगाकर अमेरिका को एक अंक से हरा दिया।

भारत ने पहले एंड में शानदार शुरुआत करते हुए लगभग परफेक्ट 59 अंक बनाए और अमेरिका के 58 अंकों के मुकाबले सिर्फ एक अंक गंवाया। दूसरे एंड में उनका प्रदर्शन थोड़ा कमजोर रहा, जहां वे सिर्फ एक 10 अंक बनाकर कुल 55 अंक ही बना पाए, जिससे अमेरिका को तीन अंकों की बढ़त बनाने का मौका मिल गया। भारतीय तिकड़ी ने तीसरे एंड में 59 अंक बनाकर अंतर को कम किया और फिर संयम बनाए रखते हुए अंतिम एंड में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN