Home विश्व समाचार मोजतबा खामेनेई कहां हैं? ईरान के नए सुप्रीम लीडर सामने क्यों नहीं...

मोजतबा खामेनेई कहां हैं? ईरान के नए सुप्रीम लीडर सामने क्यों नहीं आ रहे; CIA-मोसाद चौकन्ना

24
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

एक अमेरिकी अधिकारी ने मोजतबा खामेनेई के नदारद होने को बेहद अजीब बताया। उन्होंने कहा कि ईरान इतनी मेहनत करके किसी मृत व्यक्ति को नेता नहीं चुनता, लेकिन फिर भी उनके सक्रिय होने का कोई ठोस सबूत नहीं है।

ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई कहां हैं? उनकी रहस्यमयी अनुपस्थिति ने अमेरिकी CIA और इजरायली मोसाद जैसी खुफिया एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। अली खामेनेई की हत्या के बाद 9 मार्च को मोजतबा को ईरान का तीसरा सर्वोच्च नेता घोषित किया गया था। लेकिन तब से वे सार्वजनिक रूप से कहीं दिखाई नहीं दिए हैं। उनके पिता की परंपरा के अनुसार, फारसी नववर्ष नवरोज पर वे कोई भाषण या वीडियो संदेश जारी करते, लेकिन इस बार केवल एक लिखित बयान आया। साथ ही, कुछ पुरानी तस्वीरें उनके टेलीग्राम चैनल पर प्रकाशित हुईं। इससे उनकी सेहत और मौजूदगी पर सवाल खड़े हो गए हैं। खुफिया एजेंसियां हर संकेत की तलाश में जुटी हैं कि क्या वे वाकई जीवित हैं और देश चला रहे हैं।

अमेरिकी और इजरायली अधिकारियों ने एक्सियोस को बताया कि मोजतबा के जीवित होने के कुछ सबूत मिले हैं, जैसे ईरानी अधिकारी उनसे बैठकें तय करने की कोशिश कर रहे हैं। एक इजरायली अधिकारी ने कहा, ‘हमारे पास कोई सबूत नहीं है कि वे वास्तव में आदेश दे रहे हैं।’ एक अमेरिकी अधिकारी ने इसे बियॉन्ड वीयर्ड यानी बेहद अजीब बताया। उन्होंने कहा कि ईरान इतनी मेहनत करके किसी मृत व्यक्ति को नेता नहीं चुनता, लेकिन फिर भी उनके सक्रिय होने का कोई ठोस प्रमाण नहीं है।

आखिर क्या हो सकती है वजह?

CIA अब उन तस्वीरों की जांच कर रही है कि क्या वे हाल की हैं। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने नवरोज पर वीडियो संदेश जारी किया, जबकि मोजतबा ने ऐसा नहीं किया, जो एक बड़ा संकेत माना जा रहा है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि मोजतबा की अनुपस्थिति सुरक्षा कारणों से भी हो सकती है। तेल अवीव के इंस्टीट्यूट फॉर नेशनल सिक्योरिटी स्टडीज के ईरान प्रोग्राम के निदेशक रज जिम्मत ने कहा कि मौजूदा हालात में सार्वजनिक दिखना जोखिम भरा है। संभव है कि चोट या स्वास्थ्य समस्या के कारण वे वीडियो भी जारी नहीं कर पा रहे हों, ताकि उनकी स्थिति की गंभीरता छिपी रहे।

इजरायल ने मोजतबा खामेनेई को अपने टारगेट लिस्ट में ऊपर रखा है, जिससे उनकी सतर्कता और बढ़ गई है। इजरायल-ईरान युद्ध के बीच यह रहस्य ईरान के भीतरी पावर बैलेंस पर सवाल उठा रहा है। क्या मोजतबा वाकई सत्ता संभाल रहे हैं या रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) जैसे तत्व असल में नियंत्रण कर रहे हैं? CIA और मोसाद हर सिग्नल, संचार और गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं। यह स्थिति ईरान की स्थिरता और युद्ध की दिशा को काफी हद तक प्रभावित कर सकती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN