Home व्यापार समाचार मुकेश अंबानी का बड़ा दांव, इस कंपनी में डाल दिए 2000 करोड़...

मुकेश अंबानी का बड़ा दांव, इस कंपनी में डाल दिए 2000 करोड़ रुपये

16
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने अपनी सब्सिडयरी कंपनी जियो क्रेडिट लिमिटेड में 2,000 करोड़ रुपये की पूंजी डाली है। शेयर की बात करें तो 256.95 रुपये की क्लोजिंग थी। शेयर का ट्रेडिंग रेंज 258.95 रुपये से 255.35 रुपये के बीच रहा।

Jio financial share: मुकेश अंबानी की शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनी- जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने अपनी सब्सिडयरी कंपनी जियो क्रेडिट लिमिटेड में 2,000 करोड़ रुपये की पूंजी डाली है। इसका मकसद कंपनी के कारोबार वृद्धि के लिए फंड उपलब्ध कराना है। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने एक बयान में कहा कि कंपनी ने पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडयरी कंपनी जियो क्रेडिट लिमिटेड (गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी) के 10 रुपये प्रति शेयर के 3,35,71,923 इक्विटी शेयर 585.70 रुपये प्रति शेयर के भाव पर नकद में खरीदे हैं। इससे जियो क्रेडिट को कुल 1,999.88 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने कहा कि कंपनी इस राशि का उपयोग अपने कामकाज को आगे बढ़ाने के लिए करेगी।

कैसे रहे तिमाही नतीजे

चालू वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड का मुनाफा नौ प्रतिशत घटकर 269 करोड़ रुपये रहा। शेयर बाजार को दी सूचना में कंपनी ने कहा कि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 295 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। हालांकि, मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 695 करोड़ रुपये रहा था।

कुल आय लगभग दोगुनी होकर 901 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी तिमाही में 449 करोड़ रुपये थी। कुल खर्च भी बढ़कर 566 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 131 करोड़ रुपये था। दिसंबर में समाप्त नौ महीनों में, कंपनी का मुनाफा भी थोड़ा घटकर 1,289 करोड़ रुपये रहा जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 1,296 करोड़ रुपये था।

शेयर का परफॉर्मेंस

जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयर की बात करें तो 256.95 रुपये की क्लोजिंग थी। शेयर का ट्रेडिंग रेंज 258.95 रुपये से 255.35 रुपये के बीच रहा। इस शेयर के 52 हफ्ते का हाई 338.45 रुपये और 52 हफ्ते का लो 198.60 रुपये है।

प्रतिस्पर्धा के लिए एयरटेल ने उठाए कदम

जियो फाइनेंशियल ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है जब भारती एयरटेल और उसके प्रमोटर समूह अपनी नव-स्थापित गैर-बैंक ऋण शाखा एयरटेल मनी में ₹20,000 करोड़ का निवेश करेंगे। इस कदम से दूरसंचार ऑपरेटर मुकेश अंबानी की जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के साथ सीधी प्रतिस्पर्धा में उतर जाएगा। जुलाई में स्थापित एयरटेल मनी को इस महीने की शुरुआत में गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) का लाइसेंस प्राप्त हुआ है। आरबीआई के लाइसेंस नियमों के अनुसार, यह गैर-बैंक ऋणदाता जमा स्वीकार नहीं कर सकेगा। भारती एयरटेल के मुताबिक वह 70% पूंजी का योगदान करेगी जबकि प्रमोटर समूह भारती एंटरप्राइजेज लिमिटेड के माध्यम से शेष 30% का निवेश करेगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN