Source :- LIVE HINDUSTAN
ईरान की महान एयरलाइंस के एक विमान को अमेरिकी सेना ने एयरपोर्ट पर ही ढ़ेर कर दिया है। यह विमान जल्दी ही मानवीय सहायता लेने के लिए दिल्ली आने वाला था। इस विमान के जरिए 11 टन की भारतीय मदद तेहरान पहुंचने वाली थी।
iran war news: पश्चिम एशिया में जारी जंग लगातार खूनी होती जा रही है। ईरानी मीडिया के मुताबिक सोमवार को ईरान के मशहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर खड़े महान एयरलाइन के यात्री विमान को अमेरिका ने उड़ा दिया। यह विमान मानवीय सहायता जैसे दवाईयां, खाद्य पदार्थ आदि लेने के लिए नई दिल्ली आने वाला था। इसके 1 अप्रैल को दिल्ली पहुंचने की उम्मीद थी। लेकिन इसके पहले ही इसे एयरपोर्ट पर ही उड़ा दिया गया है।
ईरान की सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और इजरायल लगातार ईरान के यात्री और कार्गो विमानों को निशाना बना रहे हैं। युद्ध की शुरुआत से लेकर रविवार तक इजरायली हमलों में ईरान के 16 से 17 ऐसे विमान नष्ट हो चुके हैं। इन हमलों के बाद देश में विमानन क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। दूसरी तरफ इजरायल की तरफ से दावा किया जा रहा है कि यह विमान मुख्यतः IRGC से संबंध रखते थे। इनका इस्तेमाल कुद्स फोर्स आतंकवादियों तक हथियार पहुंचाने के लिए करती थी। इसके अलावा यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में भी रूस की मदद के लिए इन्हीं विमानों का उपयोग किया जाता था। हालांकि, सैटेलाइट तस्वीरों से यह सामने आया था कि ये विमान यात्री विमान थे।
बता दें, कि ईरान को मदद भेजने के लिए किसी भारतीय एयरलाइन के विमान का उपयोग नहीं किया जाता है। ईरान की महान या एयर ईरान के विमान आते हैं और मानवीय सहायता ले जाते हैं। इससे पहले ईरान के लिए भारत की तरफ से पहली सहायता खेप 18 मार्च 2026 को भेजी गई थी। नई दिल्ली ने कहा था कि ये आपूर्ति दोनों देशों के बीच मित्रता और सभ्यतागत संबंधों का प्रतीक हैं।
28 फरवरी से जारी इस युद्ध में भारत की तरफ से ईरान को जनमानस के स्तर पर काफी सहायता मिल रही है। कश्मीर लेकर दक्षिण भारत तक शिया समुदाय के हजारों लोगों ने अपने-अपने स्तर पर ईरान की मदद करने की कोशिश की है। भारत में ईरानी एम्बेसी ने इन लोगों को सोशल मीडिया के जरिए धन्यवाद भी दिया। भारत सरकार ने भी अपने स्तर पर ईरान को 18 मार्च को मदद भेजी थी। इसके बाद मदद की अगली खेप 1 अप्रैल को जाने वाली थी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



