Home  लाइफस्टाइल समाचार बेसन का चीला कुरकुरा नहीं बनता? घोल में मिला दें ये 1...

बेसन का चीला कुरकुरा नहीं बनता? घोल में मिला दें ये 1 चीज, बिल्कुल शादियों जैसा बनेगा!

11
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Crispy Besan Chilla Recipe: चीले का स्वाद तो तभी है जब ये क्रिस्पी बने और बहुत ज्यादा मोटा ना हो। इसके लिए बस आपको बैटर बनाते हुए कुछ बातें ध्यान रखनी हैं और चीला बिल्कुल परफेक्ट बनेगा।

बेसन का चीला एक पॉपुलर इंडियन ब्रेकफास्ट है। सुबह कुछ टेस्टी और हेल्दी खाना हो तो ये परफेक्ट रहता है। प्रोटीन रिच और खूब सारी सब्जियां डाल दो तो एकदम बैलेंस्ड ब्रेकफास्ट बन जाता है। खैर, घर में बेसन का चीला कई बार उतना टेस्टी नहीं बनता, जितना शादियों में हलवाई वाला लगता है। दरअसल घर का चीला काफी सॉफ्ट बन जाता है और उसमें वो कुरकुरापन नहीं आता। अब चीले का स्वाद तो तभी है जब ये क्रिस्पी बने और बहुत ज्यादा मोटा ना हो। इसके लिए बस आपको बैटर बनाते हुए कुछ बातें ध्यान रखनी हैं और चीला बिल्कुल परफेक्ट बनेगा। शेफ भुप्पी ने बिल्कुल शादियों में मिलने वाले चीले की रेसिपी शेयर की है, साथ ही कुछ टिप्स भी साझा की हैं ताकि आपका चीला सुपर टेस्टी बने।

क्रिस्पी बेसन चीला बनाने के लिए सामग्री

शादियों में मिलने वाला क्रिस्पी बेसन चीला बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं – बेसन (1 कप), सूजी (1/4 कप), हल्दी पाउडर (1/4 चम्मच), हींग (आधा चम्मच), नमक (स्वादानुसार), काली मिर्च (1 चम्मच), भुना जीरा (1 चम्मच), अमचूर पाउडर (1 चम्मच), कसूरी मेथी (1 चम्मच), काला नमक (आधा कप)। टॉपिंग के लिए प्याज, शिमला मिर्च, हरा धनिया, अदरक और पनीर।

शादियों में मिलने वाला बेसन का चीला बनाने की विधि

बेसन का चीला क्रिस्पी बनाना है तो बैटर ठीक तरह से बनाना जरूरी है। इसके लिए बेसन में थोड़ी सी सूजी जरूर एड करें। जितना भी बेसन ले रही हैं, उसका चौथाई भाग सूजी का इस्तेमाल करें। इससे चीले में कुरकुरापन आएगा। अब रंग के लिए थोड़ा सा हल्दी पाउडर और स्वादानुसार नमक मिलाएं। चुटकी भर हींग भी मिला देंगी तो फ्लेवर अच्छा आएगा और चीला आसानी से पचेगा भी। अब थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालकर चीले का बैटर बना लें। घोल थोड़ा सा गाढ़ा ही रखें।

अब चीले के घोल को आपको आधे घंटे के लिए रेस्ट देना है, ताकि सूजी अच्छे से घुल जाए। इसके बाद भी सूजी थोड़ी सी दानेदार रहती है, इसके लिए बैटर को मिक्सर में ग्राइंड लें। एकदम स्मूद बैटर तैयार हो जाएगा। अब काली मिर्च, भुना जीरा, लाल मिर्च पाउडर, भुनी हुई कसूरी मेथी, काला नमक, सादा नमक और अमचूर पाउडर डालकर दरदरा सा कूट लें। ये चीला मसाला आपको बाद में यूज करना है।

अब तवे पर हल्का नमक वाला पानी छिड़कें, इससे बिना चिपके ही चीला बन जाएगा। गैस की फ्लेम तेज ही रखें। चीले का बैटर डालें, ऊपर से थोड़ा सा तेल लगाकर सेंक लें। टॉपिंग के लिए कटी हुई प्याज, शिमला मिर्च, कद्दूकस किया हुआ पनीर एड करें और साथ में तैयार किया हुआ मसाला स्प्रिंकल कर दें। बहुत ही टेस्टी चीला बनकर तैयार हो जाएगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN